मानसून सत्र- लोकसभा में 12 सरकारी बिल पेश, 4 पास:बजट पर 27 घंटे चर्चा हुई, 15 बैठकें हुईं, सदन 115 घंटे चला
18वीं लोकसभा का पहला मानसून सत्र शुक्रवार (9 अगस्त) को समाप्त हो गया। यह नई लोकसभा का पहला बजट सत्र भी था। यह सत्र 22 जुलाई से शुरू हुआ था। इस सत्र के समापन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि, ‘पूरे सत्र में कुल 15 बैठकें हुईं, जो लगभग 115 घंटे तक चलीं।’
उन्होंने यह भी बताया कि, ‘सत्र के दौरान सदन की प्रोडक्टिविटी 136% रही। इसके अलावा वित्त मंत्री ने 23 जुलाई को सदन में केंद्रीय बजट 2024-2025 पेश किया। इस पर कुल 27 घंटे और 19 मिनट तक चर्चा चली, जिसमें 181 सदस्यों ने भाग लिया।
साथ ही सत्र में कुल 65 प्राइवेट मेम्बर बिल भी पेश किया गए।
इसके अलावा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बताया कि, इस सत्र के दौरान देश के कई हिस्सों में आए लैंडस्लाइड, बाढ़ और जान-माल के नुकसान पर भी चर्चा हुई। साथ ही ओलिंपिक में भारत की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
संसद के मानसून सत्र की मुख्य बातें…
वक्फ एक्ट संशोधन बिल पेश, लेकिन अब JPC में
8 अगस्त को लोकसभा में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ कानून (संशोधन) बिल पेश किया था। लेकिन अब केंद्र सरकार ने संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेज दिया। इस बिल का विपक्षी दलों ने विरोध किया।
48.20 लाख करोड़ का बजट पेश, सहयोगी पार्टीयों को फायदा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 23 जुलाई को लगातार सातवीं बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाया। 1 घंटे 23 मिनट के भाषण में उनका फोकस शिक्षा, रोजगार, किसान, महिला और युवाओं पर रहा। इसके अलावा नीतीश कुमार के बिहार और चंद्रबाबू नायडू के आंध्र प्रदेश पर केंद्र सरकार मेहरबान रही।
बजट में नई टैक्स रिजीम चुनने वालों के लिए अब 7.75 लाख तक की इनकम टैक्स फ्री हो गई है। यानी उन्हें 17.5 हजार रुपए का फायदा हुआ है। पहली नौकरी वाले जिनकी सैलरी 1 लाख रुपए से कम होगी, उन्हें सरकार अधिकतम 15 हजार रुपए तीन किश्तों में देगी।
मोदी सरकार 3.0 बिहार के CM नीतीश कुमार की JDU और आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू की TDP के भरोसे केंद्र में सत्ता चला रही है। वित्त मंत्री ने बिहार में इंफ्रा और अन्य प्रोजेक्ट्स के लिए 58 हजार 900 करोड़ रुपए और आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती के विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपए की घोषणा की। पूरी खबर पढ़ें…
