महाराष्ट्र में भाजपा आज 3 दिन की संवाद यात्रा निकालेगी:NDA में शामिल NCP ने भी जनसम्मान यात्रा शुरू की; इस साल राज्य में चुनाव हैं
BJP आज (9 अगस्त) से महाराष्ट्र में संवाद यात्रा की शुरुआत कर रही है। यह यात्रा 9 से 11 अगस्त तक होगी।
महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि संवाद यात्रा के दौरान मंडल लेवल पर 750 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इससे पहले 8 अगस्त को BJP की सहयोगी पार्टी NCP अजित पवार गुट ने डिंडोरी से जनसम्मान यात्रा की शुरुआत की।
BJP ने कहा- डबल इंजन सरकार के काम पर वोट मांगेंगे
BJP प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के दौरान लोगों से झूठ बोला कि संविधान बदला जाएगा और आदिवासियों के लाभ छीन लिए जाएंगे। हम लोगों से डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर लोगों से वोट मांगेंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों को बताएंगे कि महाविकास अगाढ़ी (MVA) अगर सत्ता में आई तो लाड़की बहन योजना और कई विकास कार्यों को रोक दिया जाएगा।
वहीं, महाराष्ट्र डिप्टी सीएम अजित पवार ने NCP की जनसम्मान यात्रा को लेकर कहा कि हम जनता को भगवान और खुद को जनसेवक मानते हैं। इसलिए ऐसा लग रहा है जैसे हम धार्मिक यात्रा निकाल रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमने लोगों को सोलापुर सिंचाई योजना, पुणे मेट्रो, खराड़ी IT पार्क, बारामती हाईटेक टेक्सटाइल पार्क जैसी कई प्रोजेक्ट्स दिए है। इस यात्रा के जरिए चुनाव से पहले हम लोगों को अपनी सरकार के कामों के बारे में बताएंगे।
चुनाव को लेकर MVA की मीटिंग, गठबंधन की घोषणा 16 अगस्त को
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर महाविकास अगाढ़ी (MVA) ने 8 अगस्त को मुंबई में बैठक की। इस बैठक में कॉमन मैनिफेस्टो, फॉर्मूले और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मीटिंग में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट) और NCP (शरद गुट) के नेता मौजूद थे।
बैठक के बाद महाराष्ट्र के LoP और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने बताया कि, 16 अगस्त को महाराष्ट्र के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन का आधिकारिक घोषणा होगी। बता दें, राज्य में अक्टूबर महीने में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
आदित्य ठाकरे के खिलाफ चाचा राज ठाकरे कैंडिडेट उतार सकते हैं
राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) वर्ली विधानसभा सीट पर शिवसेना (UBT) विधायक आदित्य ठाकरे के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतार सकती है। इस सीट से मनसे संदीप देशपांडे को मैदान में उतारने की संभावना है। हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं आई है। मनसे नेता देशपांडे वर्ली निवासियों की समस्याओं को लगातार उठा रहे हैं।शनिवार को राज ठाकरे ने वर्ली की समस्याओं पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी।
नवंबर 2024 को बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) सरकार का कार्यकाल खत्म होगा
महाराष्ट्र में इस वक्त बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल 8 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। बीजेपी 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी।
मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने 44 विधायकों वाली कांग्रेस और 53 विधायकों वाली NCP के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।
मई 2022 महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी। वह बीजेपी के साथ मिल गए। 30 जून 2022 को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
इसके साथ ही शिवसेना पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।
महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में NDA 17 और INDIA ने 30 सीटें जीतीं, एक निर्दलीय को
लोकसभा चुनाव 2024 में महाराष्ट्र की 48 सीटों में बीजेपी 9 सीटों पर जीती। गठबंधन की सहयोगी NCP ने एक सीट जीती। शिव सेना (शिंदे गुट) को 7 सीटों पर जीत मिली।
INDIA ब्लॉक में शामिल कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं। शिव सेना (UBT) 9 सीटों पर जीत चुकी है। NCP शरद चंद्र पवार ने 8 सीटों पर जीत हासिल की। सांगली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीता।
