Headlines

बांग्लादेश में संसद भंग, पूर्व PM खालिदा जिया रिहा:जयशंकर बोले-हसीना सदमे में, ठीक होने का समय दे रहे; बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले हुए

बांग्लादेश में हिंसा के बीच राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संसद को भंग कर दिया है। साथ ही देश की पूर्व PM खालिदा जिया को भी रिहा कर दिया गया है। मंगलवार को बांग्लादेश में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने 3 बजे तक संसद भंग करने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही अंतरिम सरकार के लिए नामों का प्रस्ताव देंगे।

दूसरी तरफ भारत सरकार ने मंगलवार सुबह 10 बजे सर्वदलीय बैठक की। इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, “शेख हसीना सदमे में हैं। सरकार बात करने से पहले उन्हें कुछ समय दे रही है। वे भविष्य को लेकर खुद फैसला लेंगी।”

विदेश मंत्री ने कहा, “वहां हिंदुओं को निशाना बनाया गया है। यह चिंता की बात है।” इसके बाद संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए जयशंकर ने बताया कि सोमवार को हसीना ने बेहद कम समय के अंदर भारत आने की अपील की थी। वे सोमवार शाम को दिल्ली पहुंचीं थीं।

दरअसल, हसीना के खिलाफ 2 महीने से जारी प्रदर्शन में सोमवार को जमकर हिंसा हुई थी। इसके बाद PM हसीना ने पद से इस्तीफा दे दिया। वह ढाका से अगरतला के रास्ते भारत पहुंची थीं। हिंडन एयरबेस पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने उनसे करीब एक घंटे बातचीत की। हसीना लंदन या फिनलैंड जा सकती हैं।

सोमवार को प्रदर्शन में कम से कम 135 लोग मारे गए। मरने वालों की संख्या अब तक 300 के पार पहुंच चुकी है।

हाइलाइट्स

  • राष्ट्रपति ने जेल में बंद पूर्व PM और विपक्षी नेता खालिदा जिया को रिहा करने का आदेश दिया। उन्हें 2018 में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में 17 साल की सजा सुनाई गई थी।
  • प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास में दाखिल हुए। तोड़फोड़ और आगजनी की।
  • राजधानी ढाका में 4 लाख लोग सड़कों पर उतर आए, जगह-जगह तोड़फोड़ की।
  • पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में सोमवार को 6 लोग मारे गए। प्रदर्शनकारियों ने 2 हाईवे पर कब्जा किया। अब तक 300 लोगों की जान गई है। इनमें ज्यादातर छात्र हैं।
  • भारत में BSF ने पश्चिम बंगाल, मेघालय, त्रिपुरा, असम और मिजोरम से लगी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अलर्ट बढ़ा दिया।
  • बांग्लादेश की आर्मी ने देश की प्रमुख पार्टियों के नेताओं के साथ बैठक की। 18 सदस्यीय अंतरिम सरकार प्रस्तावित की गई।
  • भारत ने बांग्लादेश जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी हैं। एअर इंडिया और इंडिगो ने भी ढाका जाने वाली सभी फ्लाइट्स कैंसिल कर दीं।
  • विदेश मंत्री एस जयशंकर ने PM नरेंद्र मोदी से सोमवार शाम मुलाकात की और उन्हें अपडेट दिया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी विदेश मंत्री से मुलाकात की।
  • विदेश मंत्री जयशंकर बांग्लादेश की स्थिति पर साढ़े 3 बजे लोकसभा में जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024