Headlines

राहुल बोले- मेरे खिलाफ ED रेड की प्लानिंग:इंतजार करूंगा, चाय-बिस्किट मेरी तरफ से; दावा- संसद में चक्रव्यूह वाले भाषण से सरकार नाराज

राहुल बोले- मेरे खिलाफ ED रेड की प्लानिंग:इंतजार करूंगा, चाय-बिस्किट मेरी तरफ से; दावा- संसद में चक्रव्यूह वाले भाषण से सरकार नाराज

नई दिल्ली38 मिनट पहले
राहुल ने 29 जुलाई को संसद में भाषण दिया था। इसी दौरान उन्होंने कहा कि मोदी-शाह सहित 6 लोग देश को चक्रव्यूह में फंसा रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके खिलाफ एनफोर्समेंट डायरेक्टरोट (ED) रेड की प्लानिंग हो रही। राहुल ने गुरुवार देर रात 1:52 बजे X पर की गई एक पोस्ट में यह दावा किया।

उन्होंने लिखा- टू-इन-1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ED के अंदरूनी सूत्रों ने मुझे बताया कि मेरे खिलाफ रेड की योजना बनाई जा रही है। मैं ED अधिकारियों का बांहें फैलाकर इंतजार कर रहा हूं। चाय और बिस्किट मेरी तरफ से।

राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देर रात एक पोस्ट में अपने खिलाफ ED रेड को लेकर दावा किया।

राहुल ने संसद में कहा था- 6 लोग देश को चक्रव्यूह में फंसा रहे
राहुल ने 29 जुलाई को संसद सत्र के दौरान बजट 2024-25 पर लोकसभा में भाषण दिया था। इसी दौरान उन्होंने बजट की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह से की। उन्होंने कहा कि छह लोगों का एक ग्रुप पूरे देश को चक्रव्यूह में फंसा रहा है। ये 6 लोग- नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजित डोभाल, अडाणी और अंबानी हैं।

राहुल ने कहा था- हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर 6 लोगों ने मारा था। चक्रव्यूह का दूसरा नाम है- पद्मव्यूह, जो कमल के फूल के शेप में होता है। इसके अंदर डर और हिंसा होती है।

राहुल ने कहा- 21वीं सदी में एक नया ‘चक्रव्यूह’ रचा गया है- वो भी कमल के फूल के रूप में तैयार हुआ है। इसका चिह्न प्रधानमंत्री अपने सीने पर लगाकर चलते हैं। अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वह भारत के साथ किया जा रहा है। देश के किसान, मजदूर और नौजवान डरे हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें…

राहुल के दावे पर क्या बोले इंडिया ब्लॉक के नेता…

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर- हम सभी जानते हैं कि भाजपा सरकार और PM मोदी ने पिछले 10 सालों में विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए ED, CBI और IT का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया है। 2024 में भाजपा बहुमत भी हासिल नहीं कर सकी। यह सरकार फिर से विपक्ष के नेता के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करना शुरू कर रही है।

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत- वे सभी लोग जो लोकतंत्र को बचाने के लिए सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उनके खिलाफ साजिश हो रही है। कुछ भी हो सकता है, हम सब पर हमला हो सकता है, राहुल गांधी पर हमला हो सकता है क्योंकि पिछले महीने जिस तरह से हम सबने राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार को आड़े हाथों लिया है, उससे उनकी नींद उड़ गई है।

शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी- राहुल गांधी को जानकारी मिली है कि ED के अधिकारी उनके आवास पर छापा मार सकते हैं। जब सरकार डरती है तो वह ED और CBI को आगे कर देती है। केंद्र सरकार ने महुआ मोइत्रा, संजय राउत, संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल के साथ भी ऐसा ही किया था।

राहुल के दावे पर भाजपा नेता क्या बोले…

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह: यह देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। वह संसद के अंदर झूठ बोलने के साथ-साथ बाहर भी दुष्प्रचार कर रहे हैं। वे दुनिया से जाति पूछ रहे हैं और अपनी जाति बताने से भाग रहे हैं।

भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत: कहते हैं न चोर की दाढ़ी में तिनका, वही डर उन्हें (राहुल गांधी) सता रहा है। वे डरे हुए क्यों है? किस बात का डर है?

भाजपा सांसद कंगना रनोट: ​​​​​​राहुल गांधी की बातें मुझे समझ नहीं आती। राहुल कहते हैं कि देश का हलवा बंट रहा है। वे देश के बजट को हलवा कहते हैं। उनकी दादी इंदिरा गांधी भी ने कई बजट बनाए हैं। जैसा कि अनुराग ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस की मानसिकता अपने फायदे के लिए देश को बांटने की है। यह मानसिकता पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय से चली आ रही है।

31 जुलाई को अनुराग ठाकुर ने कहा था- राहुल ने न महाभारत पढ़ी, न देखी

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 31 जुलाई को संसद में भाषण देते हुए राहुल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग एक्सीडेंटल हिंदू हैं और महाभारत के बारे में उनका ज्ञान भी एक्सीडेंटल है। इन लोगों ने न तो संविधान पढ़ा है और न ही महाभारत। आश्चर्य की बात है कि उन्होंने महाभारत देखी भी नहीं है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि महाभारत में अभिमन्यु की हत्या में 6 नहीं बल्कि 7 महारथी शामिल थे। अनुराग ने कहा कि अगर राहुल गांधी ने महाभारत नहीं देखी या पढ़ी है तो कम से कम उन्हें अपने सांसद शशि थरूर का नॉवेल ‘द ग्रेट इंडियन नॉवेल’ पढ़ना चाहिए था।

ठाकुर ने लोकसभा में शशि थरूर की ‘द ग्रेट इंडियन नॉवेल’ पढ़ते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं थे। वह (शशि थरूर) कह रहे हैं कि 1947 में जिसने सत्ता संभाली वह धृतराष्ट्र थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल ने चक्रव्यूह का विषय उठाकर अच्छा किया क्योंकि इस देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह अच्छे से देखे हैं।

जून 2022 में नेशनल हेराल्ड केस में राहुल से ED ने 50 घंटे पूछताछ की थी

13 जून 2022 को दिल्ली में ED दफ्तर में पूछताछ के लिए जाते राहुल गांधी की तस्वीर।

जून 2022 में ED ने नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से 5 दिन करीब 50 घंटे पूछताछ की थी। 13 जून से 17 जून तक राहुल से हर दिन औसतन 20-25 सवाल पूछे गए। कुल मिलाकर पांच दिनों में 100 से ज्यादा सवाल पूछे गए। ED ने राहुल का बयान टाइप किया और कांग्रेस सांसद ने उस पर साइन किए थे।

नेशनल हेराल्ड केस में 2015 में ED की एंट्री हुई थी। ED ने मई 2022 के अंतिम हफ्ते में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था। इससे पहले अप्रैल में कांग्रेस के 2 दिग्गज नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन बंसल से भी ED ने पूछताछ की थी।

राहुल गांधी के खिलाफ देश भर में दर्ज मामले

  1. 2015: राहुल नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर बाहर हैं। भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी की तरफ से दर्ज कराए मामले में उन्हें अपनी मां सोनिया गांधी के साथ दिसंबर 2015 में जमानत मिली थी। सुब्रह्मण्यम स्वामी ने आरोप लगाया था कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी से लोन देने के नाम पर नेशनल हेराल्ड की दो हजार करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर ली।
  2. 2016: महाराष्ट्र के भिवंडी की एक अदालत ने RSS के एक कार्यकर्ता की तरफ से दायर मामले में राहुल को जमानत दे दी। राहुल ने कथित तौर पर कहा था कि RSS ने महात्मा गांधी की हत्या की। सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया कि राहुल को अदालत में अपनी बात साबित करने के लिए मुकदमे का सामना करना होगा।
  3. 2016: गुवाहाटी की एक अदालत ने RSS की तरफ से दायर मानहानि मामले में राहुल को जमानत दे दी। मामला तब दर्ज किया गया था जब राहुल ने आरोप लगाया था कि RSS ने दिसंबर 2015 में उन्हें असम के बारपेटा सत्र में प्रवेश करने से रोका था।
  4. 2019: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक कार्यकर्ता की तरफ से दायर मानहानि मामले में राहुल को मुंबई की एक अदालत ने जमानत दे दी थी। यह मामला बेंगलुरु की पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या को भाजपा-RSS विचारधारा से जोड़ने वाली उनकी टिप्पणी के लिए दर्ज किया गया था।
  5. 2019: राहुल गांधी को अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक और उसके अध्यक्ष अजय पटेल की तरफ से दायर मानहानि केस में जमानत मिली थी। यह केस 2018 में दर्ज हुई थी। राहुल ने आरोप लगाया था कि बैंक नवंबर 2016 में नोटबंदी के बाद करेंसी नोटों की अदला-बदली के घोटाले में शामिल था।
  6. 2023: मोदी सरनेम मानहानि केस में सूरत की एक अदालत ने राहुल को 23 मार्च को 2 साल की सजा सुनाई थी। राहुल ने कर्नाटक के कोलार में 13 अप्रैल 2019 को चुनावी रैली में कहा था, ”नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी का सरनेम कॉमन क्यों है? सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है?” राहुल के इस बयान को लेकर भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024