Headlines

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ I.N.D.I.A. का धरना खत्म:दिल्ली समेत 19 राज्यों में प्रदर्शन; AAP बोली- दिल्ली सीएम की जान को खतरा

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ I.N.D.I.A. का धरना खत्म:दिल्ली समेत 19 राज्यों में प्रदर्शन; AAP बोली- दिल्ली सीएम की जान को खतरा

नई दिल्ली1 घंटे पहले
पंजाब, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना समेत देश के 19 राज्यों में धरना-प्रदर्शन हुए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में I.N.D.I.A. ब्लॉक ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना समेत देश के 19 राज्यों में धरना-प्रदर्शन हुए।

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं सहित मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की जान को खतरा है।

AAP ने BJP पर केजरीवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पार्टी ने उनकी मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि तीन जून से सात जुलाई के बीच उनका शुगर लेवल 34 बार गिरा।

सुनीता केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान और AAP सांसद संजय सिंह भी मौजूद हैं।

‘मगुंटा रेड्डी-ईडी में डील हुई और अरविंद केजरीवाल जेल गए’

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सिर्फ एक बयान पर ED ने अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। ED ने NDA सांसद मगुंटा रेड्डी से हुई मुलाकात को घुमा दिया। सांसद पर दबाव बनाया कि आरोप लगाओ, अरविंद केजरीवाल ने मुझसे 100 करोड़ रुपए मांगे थे।

मगुंटा रेड्डी और ED में डील हो गई। इसके बाद अरविंद केजरीवाल को ED ने अरेस्ट कर लिया। मगर ट्रायल कोर्ट ने बेल दे दी और कहा एक बयान पर बिना सबूत के सीएम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद ED अपने वकील के भाई के कोर्ट में जाकर इस बेल पर स्टे ले आई।

CBI ने इन्हीं सांसद के बयान पर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। इसका मकसद था कि सीएम को बाहर नहीं आने देना है।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

साजिश के तहत केजरीवाल की बीमारी नजरअंदाज की जा रही: सुनीता केजरीवाल

सुनीता बोलीं कि अरविंद जी को 22 साल से डायबिटीज है। वे हाई शुगर कंट्रोल करने के लिए इंसुलिन लेते हैं। जेल में उन्हें इंसुलिन नहीं लेने दी गई। इसके लिए हमें कोर्ट जाना पड़ा। अभी कुछ दिन पहले हमें पता चला कि जेल में उनका शुगर लेवल लगातार डाउन है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल पांच बार 50 से नीचे गया है। ईश्वर का लाख-लाख शुक्र है कि कोई अनहोनी नहीं हुई। उनकी जान को खतरा है। साजिश के तहत उनकी बीमारी को नजरअंदाज किया जा रहा है।

सुनीता ने एलजी की चिट्ठी का जिक्र करते हुए कहा कि एलजी सीएम पर इल्जाम लगाते हैं कि वे जान-बूझकर कम खा रहे हैं। दूसरी तरफ ये भी बोलते हैं कि सीएम इंसुलिन कम ले रहे हैं। मैं एलजी साहब को बताना चाहूंगी जब शुगर हाई होती है तब इंसुलिन की जरूरत होती है।

उनकी शुगर पहले ही 50 से नीचे जा रही है। इंसुलिन लेकर क्या वे खुद को खत्म करना चाहेंगे। आप लोग बताइए ये षडयंत्र नहीं है बीजेपी सरकार का… लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री इन सब बातों से डरने वाले नहीं हैं। वे दिल्ली के लोगों के लिए संघर्ष करेंगे।

अखिलेश बोले- सत्ता में आए तो झूठे मुकदमे लिखने वाली संस्थाएं खत्म करेंगे

इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केवल अपना पॉलिटिकल स्कोर बेहतर बनाने के लिए एक मुख्यमंत्री के साथ अन्याय हुआ है। उनके खिलाफ जितने मुकदमे हैं सब खत्म होने चाहिए और उन्हें जेल से रिहा होना चाहिए।

उन्होंने कहा, हालांकि मैंने चुनाव से पहले एक बात कह दी थी कि कई ऐसी संस्थाएं दिल्ली के पास हैं, जो समय-समय पर पॉलिटिकल लोगों को परेशान करती हैं। उन्हें न्याय नहीं देने देती हैं। कई ऐसी संस्थाएं हैं जो जान-बूझकर पॉलिटिकल लोगों को बदनाम करने के लिए, उनको अपमानित करने के लिए, झूठे मुकदमे लगाने के लिए हैं।

अखिलेश बोले कि जब कभी भी हम लोग सत्ता में आएंगे, ऐसी संस्थाओं को हमेशा हमेशा के लिए खत्म कर देंगे।

ये पार्टियां हो रही हैं शामिल
प्रदर्शन में मौजूद AAP सांसद राघव चड्ढा, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और प्रमोद तिवारी, पंजाब सीएम भगवंत मान, AAP सांसद संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, CPI के महासचिव डी राजा, NCP (शरद गुट) के अध्यक्ष शरद पवार, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय सहित तमाम नेता मौजूद हैं।

DMK की ओर से ए राजा, शिवसेना (UBT) से संजय राउत और समाजवादी पार्टी से अखिलेश यादव भी जंतर-मंतर पर मौजूद रहे। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) जैसे दलों का भी समर्थन मिला।

बीजेपी केजरीवाल को जेल में मारने की साजिश कर रही है- आतिशी
25 जुलाई को दिल्ली की मंत्री आतिशी ने बीजेपी पर केजरीवाल को जेल में मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

आतिशी ने ये भी कहा था कि जब भाजपा को केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने की संभावना के बारे में पता चला तो उन्होंने मुख्यमंत्री को CBI से गिरफ्तार करवा दिया।

यह जानते हुए कि केजरीवाल को पिछले 30 वर्षों से डायबिटीज है। हिरासत में उनका वजन 8.5 किलोग्राम तक कम हो गया है। उनका शुगर लेवल 34 बार गिर चुका है।

आतिशी ने बताया कि केजरीवाल की मेडिकल रिपोर्ट केंद्र और एलजी के साथ साझा की गई थी। इसमें बताया गया था कि केजरीवाल की शुगर क्रिटिकल लेवल तक गिर गई है।

केजरीवाल की जमानत पर फैसला सुरक्षित
दिल्ली शराब नीति से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने CM अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 8 अगस्त तक बढ़ा दी थी। वहीं, ED के मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी उन्हें 31 जुलाई तक हिरासत में भेजा गया है।

केजरीवाल को ED ने दिल्ली शराब नीति मामले में मनी लॉन्ड्रिंग केस में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उन्हें 1 अप्रैल को तिहाड़ जेल भेज दिया था। CBI ने केजरीवाल को शराब नीति में भ्रष्टाचार केस गिरफ्तार किया। इसमें उन्हें 26 जून को अरेस्ट किया गया था।

सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट में केजरीवाल की CBI की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका और अंतरिम जमानत की याचिका पर सुनवाई हुई। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है ।

ED ने शराब नीति केस में सातवीं सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की
9 जुलाई को ED ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सातवीं सप्लीमेंट्री चार्जशीट पेश की। 208 पेज की इस चार्जशीट में दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति केस का सरगना और साजिशकर्ता बताया गया। चार्जशीट में कहा गया कि स्कैम से मिला पैसा आम आदमी पार्टी पर खर्च हुआ।

ED ने चार्जशीट में कहा गया कि केजरीवाल ने 2022 में हुए गोवा चुनाव में AAP के चुनाव अभियान में यह पैसा खर्च किया। दावा किया गया है कि केजरीवाल ने शराब बेचने के कॉन्ट्रैक्ट के लिए साउथ ग्रुप के सदस्यों से 100 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 45 करोड़ रुपए गोवा चुनाव पर खर्च किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024