Headlines

अखिलेश बोले- मौर्या जी मोहरा बन गए:डिप्टी सीएम दिल्ली के वाई-फाई का पासवर्ड हैं, यूपी सरकार ऐसे नहीं चलेगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यूपी सरकार में चल रही खींचतान पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने डिप्टी सीएम केशव मौर्य के लिए कहा- मौर्या जी मोहरा बन गए हैं। दिल्ली के लोगों का वाई-फाई पासवर्ड हैं। बताइए क्या सरकार ऐसे चलेगी?…यूपी ऐसे नहीं चलेगी। उन्होंने यूपी के लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने इशारों में कहा कि लखनऊ और दिल्ली के बीच लड़ाई चल रही है।

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि भाजपा हम पर जातिवाद का आरोप लगाती है। उसे खुद अपना देखना चाहिए। योगी जी क्या हैं? मुख्य सचिव क्या हैं? ACS होम क्या हैं? जिलों में बड़े-बड़े अफसर कौन हैं?

यूपी पुलिस पर अखिलेश ने कहा- पुलिस ही डाकू बन गई है। बलिया में रोज 15 लाख वसूल रही है। एनकाउंटर का रेट तय करती है। लखनऊ में हत्या हुई, उसमें बीजेपी के लोग शामिल हैं। कानपुर दंगा हुआ था। इसके बाद मुस्लिम लोगों को डराया गया। उनसे वसूली की गई।

अखिलेश की 6 बड़ी बातें पढ़िए….

1- भाजपा नेता खुद कह रहे हैं कि ऐसा करप्शन नहीं देखा
भाजपा वाले बेवजह फड़फड़ा रहे हैं, जिन्होंने सबकुछ बिगाड़ा है, वो क्या ठीक करेंगे। सपा ने सांप्रदायिक राजनीति का अंत किया। मदरसों में सरकार को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

सरकार दावा करती थी कि जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी है। खासकर करप्शन और लॉ एंड ऑर्डर पर, लेकिन अब उनके ही नेता कह रहे हैं कि अपने राजनीति जीवन काल में हमने ऐसा भ्रष्टाचार नहीं देखा है। जो इस सरकार में चल रहा है। मुख्यमंत्री खुद स्वीकार करते हैं कि कई विभागों में बड़े पैमाने पर दलाली चल रही है।

2- उत्तर प्रदेश के हर कोने में भ्रष्टाचार चल रहा
यूपी के हर कोने में भ्रष्टाचार चल रहा है। अब पुलिस ही पुलिस को पकड़ रही है। प्रधान सांसद जी (पीएम मोदी) के क्षेत्र में पता करिए क्या चल रहा है। पुलिस ही वसूली कर रही थी। एनकाउंटर का डर दिखाते हैं, लेकिन हमने सोशल मीडिया पर कई वीडियो देखें हैं, जहां पर पुलिस रेट तय कर रही थी कि टांग पर गोली मारी जाए, तो कितना पैसा देना पड़ेगा।

3- बंदूक नहीं चली तो मुंह से ही ठांय-ठांय कह दिया
हमने यह भी देखा है कि जब बंदूक नहीं चली, तो पुलिस ने एनकाउंटर के लिए मुंह से ही ठांय-ठांय कह दिया। मुझे याद है कि नोएडा का पहला फेक एनकाउंटर हुआ था। एक इंस्पेक्टर जिम से लौट रहा था। उस पर गोली चलाई गई थी। वो आज दिव्यांग है, वह चल नहीं सकता है।

उस वक्त हमने सवाल उठाया था। अगर सरकार उसी समय न्याय दे देती तो उत्तर प्रदेश की आज ऐसी स्थिति नहीं होती। भाजपा सरकार ने आरक्षण की मूल भावना से खिलवाड़ किया है। उनका लगातार प्रयास रहता है कि आरक्षण नहीं देना पड़े।

4- चलो पल्लवी को छोड़ दिया हमने
सिराथू से सपा विधायक पल्लवी पटेल की सीएम योगी से मुलाकात पर अखिलेश ने कहा- सीएम से मिलने से क्या मिलेगा। सदस्यता बचाने के लिए सीएम से मिलीं। चलो छोड़ दिया पल्लवी को, वह PDA परिवार की हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे। मौर्य एंड मोहरा का मामला है, सीएम से कोई मिलने नहीं गया तो पल्लवी को मिलने बुला लिया।

5- गोरखपुर एक्सप्रेस-वे पर गोरखधंधा
सीएम योगी अपनी सड़क नहीं बना पा रहे हैं। 90 किलोमीटर लंबा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे 2021 में बनकर तैयार होना था, लेकिन अभी तक नहीं हुआ। 90 किलोमीटर की सड़क 6000 करोड़ में बन गई है। 1 किलोमीटर सड़क 66 करोड़ में बनेगी, यही गोरखधंधा है।

6- झांसी में युवक को घर से उठाया और एनकाउंटर कर दिया
झांसी में एक युवक को घर से उठाकर ले गए। उसका एनकाउंटर कर दिया। यह हत्या है। FIR नहीं लिखी जा रही थी, तो कोर्ट ने आदेश दिया। इसके बाद लिखी गई। अखबारों में मैंने पढ़ा था कि उसकी पत्नी ने कहा था कि अगर न्याय नहीं मिला तो आत्महत्या कर लूंगी। दुख इस बात का है, उस परिवार को सरकार न्याय नहीं दिला पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024