गुजरात में चांदीपुरा वायरस, 4 और बच्चों की जान गई:मौतों की संख्या 19 हुई, अब तक 31 मामले दर्ज; 5 बच्चों का इलाज जारी
गुजरात में चांदीपुरा वायरस से संक्रमित मरीजों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार (18 जुलाई) को राजकोट में 3 और पंचमहल जिले में 1 बच्चे की मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। राज्य में अभी तक चांदीपुरा वायरस के 31 संदिग्ध केस सामने आए है, जिसमें से 5 बच्चों का इलाज चल रहा है।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने बुलाई आपात बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार दोपहर को आपात बैठक बुलाई। उन्होंने राज्य में चांदीपुरा वायरस की स्थिति और महामारी को नियंत्रित करने के लिए किए गए उपायों की जानकारी भी ली। स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में जिला कलेक्टरों और जिला विकास अधिकारियों के साथ-साथ मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
राजकोट जिले में अब तक 5 बच्चों की मौत
राजकोट जिले में ही अब तक 5 संदिग्ध मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमे मोरबी की राशि प्रदीप सहरिया को 12 जुलाई को राजकोट सिविल में भर्ती कराया गया था, जिसकी 14 जुलाई को मौत हो गई। पडधारी के हड़मतिया के 2 साल के प्रदीप गोविंदभाई राठौड़ को 9 जुलाई को भर्ती कराया गया था और 15 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
जैतपुर के हुमाया गांव के 8 वर्षीय कालू चंपूलाल को 15 जुलाई को भर्ती कराया गया था और उसी दिन उसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के 13 वर्षीय सुजाकुमार धनकन को 16 जुलाई को भर्ती कराया गया था और उसी दिन मौत हो गई थी। 3 साल के रितिक राजाराम मुखिया को 14 जुलाई को भर्ती कराया गया था और 17 जुलाई को उसने दम तोड़ दिया।
6 जुलाई को पंचमहल के घोघंबा के लालपुरी गांव में 4 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बच्ची की रिपोर्ट 17 जुलाई को आई, जिसमें उसके चांदीपुरा वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद डीडीओ समेत जिला स्वास्थ्य टीम और स्वास्थ्यकर्मी कोटड़ा गांव पहुंची। सभी घरों में आवश्यक दवा का छिड़काव किया गया है।
हिम्मतनगर में संदिग्ध वायरस से 6 मौतें
हिम्मतनगर सिविल अस्पताल के असिस्टेंट आरएमओ डॉ विपुल जानी ने टेलिफोनिक बातचीत में बताया कि हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में 27 जून से अभी तक रास्थान, अरवल्ली और साबरकांठा जिले से संदिग्ध चांदीपुरा वायरस के 8 बच्चों के केस आए थे, जिसमें से 6 बच्चों की मौत हो गई है।
दो बच्चों का इलाज चल रहा है और उनके स्वस्थ होने की जानकारी मिली है। प्रदेश में अभी तक चांदीपुरा वायरस के 31 संदिग्ध केस सामने आए है, जिसमें से 5 मरीजों का इलाज चल रहा है।
चांदीपुरा वायरस क्या है
इस वायरस का पहला मामला 1965 में महाराष्ट्र के नागपुर जिले के चांदीपुर में सामने आया था। इस वायरस से महाराष्ट्र, गुजरात और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाके प्रभावित हुए थे। वायरस से रोगी मस्तिष्क ज्वर (एन्सेफेलाइटिस) का शिकार हो जाता है। वायरस मच्छरों और मक्खियों के काटने से फैलता है।
वायरस किसे संक्रमित कर सकता है
चांदीपुरा वायरस खासतौर पर बच्चों को अपना निशाना बनाता है। यह मुख्य रूप से 9 महीने से 14 साल के बच्चों को प्रभावित करता है। संक्रमण तब फैलता है, जब वायरस मक्खी या मच्छर के काटने पर उनके लार के जरिए रक्त तक पहुंच जाता है। इससे बच्चों के तेज बुखार और सिरदर्द होता है। गुजरात में हर साल इस वायरस के मामले सामने आते हैं।
2010 में भी 29 मामले सामने आए थे
1952 में स्थापित पुणे में रॉकफेलर फाउंडेशन के वायरस रिसर्च सेंटर के पीएन कहते हैं- चांदीपुरा वायरस 2004 से गुजरात में कहर बरपा रहा है। 1966 में रोड्रिग्ज नामक वैज्ञानिक ने चांदीपुरा वायरस को चिह्नित किया था।
गुजरात में साल 2010 में चांदीपुरा वायरस के 29 मामले सामने आए थे, जिसमें 17 बच्चे संक्रमित हुए थे। उस दौरान इससे 5 साल की एक बच्ची की मौत हो गई थी। साल 2010 में भी यह वायरस का असर मध्य गुजरात के खेड़ा, वडोदरा और पंचमहल में देखा गया था।
