Headlines

फ्लाइट के सफर में लगेज खोने का नहीं रहेगा डर:एअर इंडिया ने रियल टाइम बैगेज ट्रैकिंग सर्विस शुरू की, पैसेंजर ऐप से लाइव ट्रैक कर सकेंगे

फ्लाइट के सफर में लगेज खोने का नहीं रहेगा डर:एअर इंडिया ने रियल टाइम बैगेज ट्रैकिंग सर्विस शुरू की, पैसेंजर ऐप से लाइव ट्रैक कर सकेंगे

नई दिल्ली2 घंटे पहले

अब फ्लाइट से सफर के दौरान आपको अपने लगेज खोने का डर नहीं रहेगा। क्योंकि, एअर इंडिया ने आज (गुरुवार, 11 जुलाई) रियल टाइम बैगेज ट्रैकिंग सर्विस शुरू की है। इसके लिए टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट और ऐप पर बैगेज ट्रैकिंग फीचर जौड़ा है।

इसके जरिए पैसेंजर अपने बैगेज को लाइव ट्रैक कर सकेंगे। कंपनी ने ये सर्विस खोए हुए या देरी से मिलने वाले बैगेज की शिकायत दूर करने के उद्देश्य से शुरू की है। इसके साथ ही एअर इंडिया उन कुछ कंपनियों में शामिल हो गई है, जो एयरलाइन स्टाफ से संपर्क किए बिना बैगेज को ट्रैक करने की सुविधा देती है।

बैगेज ट्रैकिंग फीचर में तीन फीचर मिलेंगे
बैगेज ट्रैकिंग के लिए रियल टाइम अपडेट के तहत चेक-इन बैग के बारे में अहम जानकारी जैसे- वर्तमान स्थान, ट्रांजिट स्थिति और बैगेज अराइवल की डीटेल मिलेगी। इसमें सभी अहम बैगेज टच पाइंट जैसे- चेक इन, सिक्योरिटी क्लीयरेंस, एयरक्राफ्ट लोडिंग, लोडिंग ट्रांसफर और बैगेज क्लेम एरिया में लगेज के आने की जानकारी मिलेगी।

इसके अलावा एयर इंडिया पर कई फ्लाइट सेगमेंट के बीच एंड-टू-एंड बैगेज ट्रैकिंग भी अवेलेबल होगी। एयर इंडिया के मुताबिक, इस बैगेज ट्रैकिंग फीचर को एयर इंडिया की डिजिटल टेक्नोलॉजी और डिजाइन टीमों ने एयरलाइन के एयरपोर्ट ऑपरेशन के साथ मिलकर तैयार किया है।

बारकोड स्कैन करके ट्रैक कर सकेंगे बैगेज
पैसेंजर अपने लगेज को चेक-इन के समय मिली रसीदों पर बारकोड स्कैन करके ट्रैक कर सकेंगे। इसके अलावा, यदि पैसेंजर ने अपनी ट्रिप को ‘My Trips’ सेक्शन में जोड़ा है तो बैगेज के चेक-इन होते ही मोबाइल ऐप में इसकी जानकारी अपने-आप दर्ज हो जाएगी। यह सुविधा एअर इंडिया की वेबसाइट पर ‘Track Your Bags’ टैब के तहत बुक और मैनेज सेक्शन में भी अवेलेबल है।

नोटिफिकेशन के जरिए मिलेगी जानकारी
एयर इंडिया के मुताबिक, इंटरलाइन या कोड-शेयर कनेक्शन फीचर के तहत यदि आपके फ्लाइट टिकट में दूसरे एयरलाइन्स के सेक्शन शामिल हैं तो उन सेक्शन्स की भी ट्रैकिंग की जा सकेगी।
इसके अलावा कई चेक-इन बैग वाले यात्रियों के लिए हर बैग की ट्रैकिंग के लिए यूजर फ्रेंडली इंटरफेस मिलेगा। जब भी आपका बैग चेक इन होगा, तभी मोबाइल ऐप पर नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी मिल जाएगी।

एअर इंडिया की फ्लाइट में अब 15KG तक का सामान ही फ्री ले जा सकेंगे
एअर इंडिया ने हाल ही में घरेलू उड़ानों के लिए अपनी बैगेज पॉलिसी में बदलाव किया है। भारतीय एयरलाइन की नई पॉलिसी के अनुसार, कंपनी की डोमेस्टिक फ्लाइट में न्यूनतम किराए वाली कैटेगरी में अब एक पैसेंजर 15KG तक का सामान ही फ्री में ले जा सकेंगे। पहले केबिन में 20KG तक का सामान ले जाने की लिमिट थी।

भारतीय एयरलाइन ने इसके अलावा दूसरी कैटेगरी में भी बदलाव किए हैं। नई पॉलिसी 2 मई से लागू है। कंपनी ने पिछले साल अगस्त में एक मेन्यु-बेस्ड प्राइस मॉडल बनाया था। इसमें तीन कैटेगरी बनाई थी, जिसमें कम्फर्ट, कम्फर्ट प्लस और फ्लेक्स ‘फेयर फैमिली’ शामिल है।

चेक इन बैगेज क्या है
एयरलाइन के काउंटर पर या सेल्फ सर्विस कियोस्क पर चेक किए गए बैग के चेक इन बैगेज कहते हैं। इस तरह के बैग को विमान के कार्गो होल्ड में रख दिया जाता है। वहीं, फ्लाइट के केबिन में जिस बैग को ले जा सकते हैं, उसे ‘केबिन बैग’ या कैरी-ऑन-बैग कहते हैं। केबिन बैग को पैसेंजर की सीट के ऊपर बने ओवरहेड डिब्बे में रखा जा सकता है।

बदलाव के दौर से गुजर रही एअरलाइन
एअर इंडिया बदलाव के दौर से गुजर रही है। कंपनी ने पिछले साल अगस्त में नया लोगो और लिवरी अनवील की थी। इसके बाद अक्टूबर-2023 में एअर इंडिया एक्सप्रेस का नया लुक दिखाया था। इसके बाद कंपनी ने दिसंबर-2023 में अपने कर्मचारियों का ड्रेस कोट बदला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024