CBI ने SC में NEET केस की जांच रिपोर्ट सौंपी:केंद्र ने कहा-धांधली बड़ी नहीं, NTA बोला-पेपर लीक के वीडियो फेक; आज होगी सुनवाई
NEET UG में गड़बड़ी को लेकर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होनी है। CBI ने कोर्ट में NEET पेपर लीक केस में अबतक हुई जांच की रिपोर्ट सौंप दी है। इससे एक दिन पहले केंद्र सरकार और NTA ने 10 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट दायर किए।
NTA ने हलफनामे में कहा कि पेपर लीक का जो वीडियो टेलीग्राम पर वायरल हुआ था, वो फेक है।
केंद्र ने कहा- NEET रिजल्ट में कोई गड़बड़ी नहीं, रीटेस्ट से छात्रों पर बोझ बढ़ेगा
केंद्र ने अपने एफिडेविट बताया कि IIT मद्रास ने NEET UG के रिजल्ट का डेटा एनालिसिस किया है। इसके अनुसार परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली के सबूत नहीं मिले हैं। न ही किसी एक एरिया के उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाया गया है। इसलिए हम दोबारा परीक्षा नहीं करवाना चाहते। वहीं, NEET काउंसलिंग जुलाई के तीसरे हफ्ते से शुरू होगी। ये चार राउंड में की जाएगी।
सरकार ने कहा कि बेबुनियाद शक के आधार पर रीटेस्ट करवाने से लगभग 24 लाख छात्रों पर बोझ पड़ेगा, जो 5 मई को परीक्षा में शामिल हुए थे। अगर किसी कैंडिडेट को परीक्षा में कोई फायदा मिला होगा, तो उसकी काउंसलिंग किसी भी राउंड में या उसके बाद भी रद्द कर दी जाएगी।
NTA ने कहा- NEET में कुछ एग्जाम सेंटर्स पर गड़बड़ी हुई
NEET परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने एफिडेविट में बताया कि राष्ट्रीय, राज्य और शहर स्तर पर NEET-UG 2024 में मार्क्स डिस्ट्रीब्यूशन का विश्लेषण किया गया है।
NTA ने कहा कि सिर्फ पटना और गोधरा के सेंटर्स में गड़बड़ी हुई है। इसलिए पूरी परीक्षा को रद्द नहीं किया जाना चाहिए। यहां परीक्षा देने वाले कैंडिडेट्स के रिजल्ट की जांच की गई है, ताकि ये पता चल सके कि गड़बड़ी का असर कितना हुआ है। जांच में पता चला कि ऐसे सेंटर्स से किसी भी कैंडिडेट ने असामान्य तौर पर बहुत हाई स्कोर नहीं किया है। वहीं, इन सेंटर्स के कैंडिडेट्स का स्कोर देश के नेशनल एवरेज स्कोर से भी कम है।
NEET मामले पर CJI की बेंच आज करेगी सुनवाई
NEET विवाद पर आज सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की बेंच के सामने दूसरी सुनवाई होनी है। इससे पहले CJI की बेंच ने 8 जुलाई को मामले की पहली सुनवाई की थी। कोर्ट ने NEET विवाद से जुड़े 4 स्टेक होल्डर्स – NTA, CBI, केंद्र सरकार और रीटेस्ट की मांग कर रहे याचिकाकर्ताओं से रिपोर्ट मांगी थी।
अब सभी स्टेकहोल्डर्स के जवाब दाखिल होने के बाद अगली सुनवाई हो रही है। CJI के अलावा, जस्टिस जे बी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा भी डिवीजन बेंच का हिस्सा होंगे।
सुप्रीम कोर्ट में NEET-UG में गड़बड़ी को लेकर 38 याचिकाओं लगाई गई हैं। इनमें से 34 याचिकाएं स्टूडेंट्स, टीचर्स और कोचिंग इंस्टीट्यूट्स ने, जबकि 4 याचिकाएं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने लगाई हैं।
एग्जाम के 8 दिन बाद पेपर लीक की जांच के लिए याचिका दायर हुई
NEET कैंडिडेट शिवांगी मिश्रा ने 13 मई को सुप्रीम कोर्ट में पेपर लीक की जांच करने को लेकर याचिका दायर की। इसके बाद NTA ने तय डेट से 10 दिन पहले 4 जून को ही एग्जाम का रिजल्ट अनाउंस कर दिया।
अब तक 7 राज्यों से हुईं 42 गिरफ्तारियां
देशभर में 4 जून के बाद से NTA के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं। केंद्र सरकार ने 22 जून को NEET केस की जांच CBI को सौंप दी। अब तक पेपर लीक केस की जांच 6 राज्यों तक पहुंच चुकी है। CBI ने बिहार से 2 और झारखंड से 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात से भी 4 आरोपियों को रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। 7 राज्यों से अब तक 42 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
