हर साल 1 लाख नौकरी, बच्चों को फ्री टैबलेट-इंटरनेट मिलेगा:राजस्थान में सस्ती होगी CNG; पंचायत चुनाव एक साथ होंगे, कर्मचारियों-महिलाओं को सस्ता लोन मिलेगा
भजनलाल सरकार का पहला फुल बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री दीया कुमारी ने विधानसभा में 2 घंटे 51 मिनट लंबा भाषण दिया। अपने पहले बजट भाषण में दीया कुमारी ने युवाओं, महिलाओं, किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।
सरकार आने वाले 5 साल में 4 लाख से ज्यादा नई नौकरी देगी। वहीं, पंचायत के चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। एससी-एसटी वर्ग में आने वाले सरकारी कर्मचारियों को सस्ता लोन भी दिया जाएगा।
सेल्फ हेल्प ग्रुप के साथ काम करने वाली महिलाओं को भी सरकार कम ब्याज में लोन देगी, जबकि राजस्थान के स्कूली स्टूडेंट का मेरिट में आने पर टैबलेट और फ्री इंटरनेट की भी घोषणा की गई है।
बजट में हेल्थ और पुलिस विभाग में करीब 9 हजार नए पद भी सृजित करने की घोषणा की गई है। शहरी विकास के लिए बजट में 1300 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राजस्थान में 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे की घोषणा को एक बड़े डेवलपमेंट के तौर पर देखा जा रहा है।
बजट भाषण के दौरान विपक्ष ने कई बार हंगामा भी किया। कांग्रेसी विधायकों ने कहा कि बजट की घोषणाएं पुरानी हैं, जो उनकी सरकार ने की थी। अब इन्हें रिपीट किया जा रहा है।
बजट में किस सेक्टर को क्या दिया?
भजनलाल सरकार ने इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर खासा फोकस किया है। जलजीवन मिशन में इस साल 15 हजार करोड़ खर्च कर 25 लाख ग्रामीण घरों में नलों से पानी पहुंचाने की घोषणा की गई है। एनर्जी सेक्टर में 2031-32 का टारगेट रखकर 2.25 लाख करोड़ खर्च किए जाएंगे।
बजट में पांच साल में 13 हजार किमी लंबाई का सड़क नेटवर्क विकसित करने की घोषणा की है, इस पर 60 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रदेश में पहली बार 2750 किमी से अधिक की लंबाई के 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनाए जाएंगे, इसके लिए 30 करोड़ की लागत से डीपीआर बनाई जाएगी।
उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बजट में दीया कुमारी ने कई घोषणाएं की हैं। प्रदेश में 4 राम-जानकी औद्योगिक क्षेत्र बनाने का ऐलान किया गया है। बाड़मेर के धर्मपुरा, उदयपुर के माल की तूस, पाली के वरकाना और बूंदी के नैनवा में रामजानकी औद्योगिक क्षेत्र बनेंगे।
प्रदेश में एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी लाई जाएगी। इसमें थीम बेस्ड इंडस्ट्री पार्क, ट्रांसपोर्ट के लिए रिसर्च और टेक्नॉलोजी और ग्रीन टेक्नोलॉजी को बढ़ावा दिया जाएगा। टैक्सटाइल पॉलिसी, राजस्थान वेयरहाउसिंग पॉलिसी, नई एमएसएमई पॉलिसी लाने की घोषणा की है। इस साल होने वाले इन्वेस्टर समिट के साथ नॉन रेसिडेंट राजस्थान कॉन्क्लेव आयोजित होगा।
बजट में किस वर्ग को क्या मिला?
प्रदेश की 15 लाख महिलाओं को लखपति दीदी योजना के दायरे में लेकर उनकी आय एक लाख से ज्यादा करने की घोषणा की गई है। सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं को 2.5 प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज दिलवाया जाएगा, इस पर 300 करोड़ रुपए का बजट रखा है। महिलाओं की प्रसव से पहले जांच और दवाइयों के लिए मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना(मां) वाउचर योजना लागू होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर हर सप्ताह तीन दिन दूध दिया जाएगा।
बजट भाषण के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार भी हुई, पढ़ें ये खबर-दीया बोलीं-युवाओं की बात कर रही हूं,वो तो सुन लीजिए:स्पीकर ने धारीवाल से कहा- आप बीमार हो बैठिए; विपक्ष के नेता चुप बैठे, आप नेतागिरी कर रहे
