पटना में सीएम नीतीश कुमार बुधवार (10 जुलाई) को जेपी गंगा पथ के दूसरे फेज का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान सिक्स लेन के प्रोजेक्ट में लेटलतीफी को लेकर वे मैनेजर श्रीनाथ को फटकार लगाने लगे। फटकार लगाते-लगाते उन्होंने कहा कि आप कहिए तो मैं आपके पैर छू लेता हूं, लेकिन ये काम जल्दी करवा दीजिए। सीएम जैसे ही पैर छूने के लिए आगे बढ़े पथ निर्माण विभाग के ACS प्रत्यय अमृत हाथ जोड़कर खड़े हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि आप ऐसा मत कीजिए हम काम तेजी से करवा रहे हैं। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी मुख्यमंत्री का हाथ पकड़ लिया।
अब 2 तस्वीरों से समझिए पूरा मामला
नालंदा में पीएम मोदी की उंगली देख रहे थे
19 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के दौरे पर थे। राजगीर में उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर देखे और नए कैंपस का उद्घाटन किया। इस मौके पर एक दिलचस्प वाकया हुआ। मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक प्रधानमंत्री मोदी का हाथ पकड़कर कुछ देखने लगे। पीएम ने मुस्कुराते हुए उनसे बात की और उनके सवाल का जवाब दिया। ये देखकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के जवान भी उनकी तरफ देखने लगे।
18 जून को नीतीश ने अशोक चौधरी का सिर डिप्टी सीएम से टकराया
18 जून को नीतीश कुमार एक बार फिर से अपने पुराने अंदाज में नजर आए थे। स्वतंत्रता सेनानी भूपेंद्र मंडल को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री बिहार विधानसभा परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री अशोक चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के सिर को आपस में टकराया।
उन्होंने हंसते हुए ये सब किया। सीएम यहीं नहीं रुके। उन्होंने मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री प्रेम कुमार और उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा का भी सिर टकराया। इस दौरान वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाते दिखे।
दिल्ली में नीतीश ने छू लिए थे PM के पैर
दिल्ली में 7 जून को NDA की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया। इस दौरान 17 नेताओं ने भाषण दिया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश की हुई। नीतीश कुमार भाषण के तुरंत बाद पीएम के पास आए और उनके पैर छूने लगे।
