NEET रद्द करने पर रोक लगाने की SC में मांग:56 क्वालिफाइड कैंडिडेट्स ने दायर की याचिका, इनमें AIR रैंक 1 टॉपर्स भी शामिल
NEET परीक्षा में क्वालिफाइ हुए गुजरात के 56 स्टूडेंट्स ने सुप्रीम कोर्ट में परीक्षा रद्द पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका दायर की है। इन स्टूडेंट्स में AIR 1 पाने वाले टॉपर्स भी शामिल हैं। स्टूडेंट्स की मांग है कि कोर्ट NTA को निर्देश दे कि परीक्षा रद्द न की जाए। इससे लगभग 24 लाख कैंडिडेट्स को नुकसान होगा।
इसके अलावा, याचिका में ये भी मांग की गई कि कोर्ट शिक्षा मंत्रालय को मामले की जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दे। याचिकाकर्ताओं ने मौजूदा नतीजों के आधार पर मेडिकल एडमिशन जारी रखने की मांग की है।
याचिका में यह तर्क दिया गया है कि फिर से NEET परीक्षा के लिए अनुमति देना उन छात्रों के लिए गलत होगा, जिन्होंने निष्पक्ष और ईमानदार तरीके से परीक्षा क्वालिफाई की है। यह आर्टिकल 14 और 21A के तहत उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है।
सुप्रीम कोर्ट में पेपर लीक, मनमाने ढंग से ग्रेस मार्क्स दिए जाने और OMR शीट और स्कोर कार्ड के मार्क्स में अंतर होने जैसी 22 याचिकाओं पर 8 जुलाई को सुनवाई होनी है। CJI डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच मामले की सुनवाई करेगी।
बिहार और झारखंड से गिरफ्तार 7 आरोपियों की रिमांड खत्म
वहीं, NEET पेपर लीक मामले में बिहार और झारखंड से गिरफ्तार हुए 7 आरोपियों की रिमांड आज यानी 4 जुलाई को खत्म हो रही है। गुरुवार सुबह सभी आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया गया। इसके बाद इन्हें पटना में CBI कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया है।
आरोपियों में चिंटू, मुकेश, मनीष प्रकाश, आशुतोष, ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज और जमालुद्दीन शामिल हैं।
CBI ने झारखंड से 7वीं गिरफ्तारी की
NEET पेपर लीक मामले में CBI ने 3 जुलाई को सातवें आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी अमन सिंह को झारखंड के धनबाद से पकड़ा गया। CBI पेपर लीक मामले में अब तक बिहार से 2 और झारखंड से 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। देश के 6 राज्यों से इस मामले में कुल 38 गिरफ्तारियां हुई हैं। पूरी खबर पढ़ें…
CBI की टीम ने 2 जुलाई को ओएसिस स्कूल के दो शिक्षकों को पेपर लीक केस में पूछताछ के लिए बुलाया था। साथ ही, झारखंड के चतरा जिले से 2 और आरोपियों को हिरासत में लिया। इनमें कोचिंग सेंटर के संचालक शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…
NTA के खिलाफ 4 जुलाई को ‘एजुकेशन बंद’ का ऐलान
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने 4 जुलाई को NTA के खिलाफ पूरे देश में ‘एजुकेशन बंद’ का ऐलान किया है। इस बंद में AISA भी शामिल है। SFI ने NEET और NET एग्जाम में गड़बड़ियों की वजह से छात्रों को होने वाले नुकसान के लिए मुआवजे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
वहीं, राजस्थान के जोधपुर में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ बनाड़ रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया था। हालांकि, पुलिस ने सुबह ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
पीएम ने कहा था- दोषियों को सजा होगी, ये मोदी की गारंटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 जुलाई को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए NEET पर बात की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा बेहद संवेदनशील है। विपक्ष ने पेपर लीक पर राजनीति की। मैं निसंकोच रूप से कहना चाहता हूं कि मैंने जांच एजेंसियों को भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई के लिए खुली छूट देकर रखी है। सरकार कहीं भी टांग नहीं अड़ाएगी। कोई भी भ्रष्टाचारी बचकर नहीं निकलेगा, ये मोदी की गारंटी है। इससे पहले 2 जुलाई को भी प्रधानमंत्री ने NEET पेपर लीक मामले का संसद में जिक्र किया था।
गुजरात के पंचमहल कोर्ट ने 4 आरोपियों की कस्टडी CBI को सौंपी
गोधरा के पंचमहल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 2 जुलाई को NEET पेपर लीक मामले में अहमदाबाद से गिरफ्तार हुए चारों आरोपियों की कस्टडी CBI को सौंप दी है। अब जय जलराम स्कूल के चेयरमैन दीक्षित पटेल, स्कूल के प्रिंसिपल पुरुषोत्तम शर्मा, एजुकेशन कंसल्टेंट विभोर आनंद, और आरिफ वोहरा को गोधरा सब जेल से अहमदाबाद की साबरमती जेल ले जाया जाएगा। अब केस की सुनवाई CBI कोर्ट में ही होगी।
