Headlines

हेमंत सोरेन फिर बनेंगे झारखंड के CM:साढ़े 7 बजे राज्यपाल ने मिलने का दिया समय; इस्तीफा देंगे मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन

हेमंत सोरेन फिर झारखंड के CM होंगे। आज ही मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आज शाम साढ़े 7 बजे हेमंत सोरेन और चंपाई सोरेन राज्यपाल से मिलने जाएंगे। मुख्यमंत्री चंपाई इस्तीफा सौंपेंगे और हेमंत शपथ ग्रहण के लिए समय मांगेंगे।

राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन अभी चेन्नई में हैं। वे आज शाम तक रांची लौटेंगे। इसके बाद वे सीधे राजभवन जाएंगे।

इससे पहले रांची में CM हाउस में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया है। सभी विधायकों को CM हाउस में ही रहने को कहा गया है।

पूर्व CM हेमंत सोरेन 5 दिन पहले जेल से रिहा हुए हैं। उनकी रिहाई के साथ ही झारखंड की राजनीति गरमा गई है। CM हाउस पर आज इंडिया ब्लॉक की बैठक हुई। बैठक में जेएमएम-कांग्रेस और राजद के विधायक और मंत्री शामिल हुए।

बैठक की कुछ तस्वीरें देखिए…

विधायक दल की बैठक में मौजूद सीएम चंपाई सोरेन, पूर्व सीएम हेमंत सोरेन और कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर।
बैठक में विधायकों और मंत्रियों को संबोधित करते पूर्व सीएम हेमंत सोरेन।
बैठक में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना भी मौजूद रहीं। वो इस बार गांडेय उपचुनाव में जीतकर विधायक बनी हैं।

सीएम चंपाई के सभी कार्यक्रम हुए स्थगित

मंगलवार से ही सीएम चंपाई सोरेन के कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। इसके बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर मिलने गए।

सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई है। इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी सीएम चंपाई सोरेन से मुलाकात की है।

मीटिंग में शामिल होने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर आए। मीटिंग से पहले उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

पत्नी कल्पना भी सक्रिय हुईं
हेमंत सोरेन के जेल से आने के बाद से उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी पहले से अधिक सक्रिय हो गई हैं। कल्पना के साथ होने को राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

रिहाई के बाद हेमंत सोरेन ने कहा था- सुनियोजित तरीके से लोगों की आवाज दबाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024