चुनाव आयोग ने 6 राज्यों की 8 लोकसभा सीटों पर चुनाव में EVM में गड़बड़ी की शिकायत की जांच के आदेश दिए हैं। इनमें हरियाणा- तमिलनाडु की दो-दो सीटें शामिल हैं। वहीं छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की एक-एक सीटें हैं। 8 सीटों में से भाजपा को 3 और कांग्रेस को 2 सीटों में जीती मिली थी। वहीं, 3 सीटें अन्य पार्टियों के खाते में गईं।
चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में EVM में गड़बड़ी की शिकायत के 8 आवेदन आए थे। इनमें EVM की मेमोरी और माइक्रो कंट्रोलर की जांच की मांग की गई थी। आयोग अब इन 8 सीटों की 92 पोलिंग स्टेशन पर EVM की जांच करेगा।
इसके अलावा आयोग ने आंध्रप्रदेश और ओडिशा की 3 विधानसभा सीटों के EVM के जांच के आदेश दिए हैं। आयोग यहां के 26 पोलिंग स्टेशन पर EVM में गड़बड़ी की जांच करेगा।
अब सिलसिलेवार पढ़िए किन राज्यों के सीटों के EVM की जांच होगी…
हरियाणा: 2 लोकसभा सीटों की EVM चेक होंगी
राज्य की करनाल और फरीदाबाद सीट की EVM चेक कराई जाएगी। करनाल से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और फरीदाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर चुनाव जीते हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की ओर से चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी। करनाल से कांग्रेस उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर EVM की जांच करने की मांग की थी। वहीं, फरीदाबाद से कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र प्रताप ने भी गड़बड़ी की आशंका जताई थी। पूरी खबर पढ़ें …
