Headlines

इस महीने 64.5mm बारिश, 20% कम:6 दिन तक मानसून अटका, 2 दिन में MP-छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना

मानसून ट्रैकर

इस महीने 64.5mm बारिश, 20% कम:6 दिन तक मानसून अटका, 2 दिन में MP-छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना

नई दिल्ली1 घंटे पहले

गर्मी में झुलस रहा उत्तर भारत मानसून की राह देख रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि 1 से 18 जून तक 20 फीसदी कम बारिश हुई। इस दौरान सिर्फ 64.5mm पानी बरसा, जबकि इस दौरान 80.6mm बारिश होती है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। इसके चलते उत्तर भारत में हीटवेव चल रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन में मानसून रफ्तार पकड़ेगा। यह महाराष्ट्र के विदर्भ को पार करते हुए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बड़े हिस्से में पहुंचेगा। इसी दौरान असम, मेघालय सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश होगी।

मानसून: कहां पहुंचा, कहां अटका
मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था।

18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा।

आम लोगों का जीवन कितना प्रभावित

देश में इस सीजन हीटस्ट्रोक के 40 हजार मामले: हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 1 मार्च से 18 जून तक 40 हजार से ज्यादा हीटस्ट्रोक के केसेज रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं, हीटवेव से 110 लोगों की मौत हुई है। इस बार हीटवेव के दिन औसत से दोगुने थे। मौसम विभाग ने इस महीने भी सामान्य से अधिक तापमान का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण देश में तेज गर्मी का असर अबतक देखने को मिल रहा है।

असम में पार्क की सुरक्षा के लिए स्पेशल कमांडो: असम में बाढ़ के हालात खतरनाक हो गए हैं। यहां 15 जिलों में 1.62 लाख लोग और करीब 1 लाख जानवर प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवरों की निगरानी के लिए CM हिमंता बिस्वा सरमा ने अफसरों की मीटिंग ली। काजीरंगा में 3 नई कमांडो बटालियन तैनात की गई हैं। 600 वनकर्मियों की नई भर्ती होगी।

छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियां बढ़ीं: छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ रही है। रविवार 16 जून को रायपुर और राजनांदगांव का टेम्परेचर 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते समर वेकेशन 25 जून तक बढ़ा दी गई है। इससे पहले राज्य सरकार ने गर्मी की छुट्टियां 22 अप्रैल से 15 जून तक घोषित की थीं।

ओडिशा में छुटि्टयों का फैसला कलेक्टर लेंगे: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि मौसम की स्थिति देखते हुए स्कूल कब खुलेंगे, इसका फैसला कलेक्टर करेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में 19 जून तक मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा।

दिल्ली में रात का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर: राजधानी दिल्ली में 12 साल बाद रात का न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 2012 में 34 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। राजधानी में गर्मी की वजह से बिजली की डिमांड रिकॉर्ड 8,656 मेगावॉट पर पहुंच गई है। यहां अगले दो-तीन दिनों में बारिश का अनुमान है। इसके बाद गर्मी से राहत मिलेगी।

उड़ानों पर असर: हाई टेम्परेचर के चलते दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स ऑपरेशन पर असर पड़ा। उड़ानों में देरी हुई। इस बात का इंतजार करना पड़ा कि हवा चले और तापमान कुछ कम हो। एक अफसर ने बताया कि ज्यादा तापमान के चलते हवा की परत पतली हो जाती है। एयरक्राफ्ट के टेकऑफ और लैंडिंग के लिए घनी हवा की जरूरत होती है।

मौसम की तस्वीरें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024