ओडिशा में आज पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। शाम 5 बजे राजधानी भुवनेश्वर में मोहन चरण माझी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कनक वर्धन सिंहदेव और प्रभाती परीदा डिप्टी CM पद की शपथ लेंगे। 11 जून को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव ने तीनों के नाम की घोषणा की थी।
24 साल बाद एक बार फिर ओडिशा को आदिवासी मुख्यमंत्री मिलेगा। इससे पहले कांग्रेस के हेमानंद बिस्वाल राज्य के पहले आदिवासी CM थे। उसके बाद गिरिधर गमांग दूसरे आदिवासी मुख्यमंत्री बने। बिस्वाल 1989-1990 और 1999-2000 तक दो बार CM रहे। अगस्त 2022 में उनका निधन हो गया था। बिस्वाल के बाद कांग्रेस यहां कभी सत्ता में नहीं रही।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह के अलावा कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM भी शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।
ओडिशा विधानसभा में पहली बार भाजपा को बहुमत
ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार बहुमत के साथ जीत हासिल की है। राज्य की 147 सीटों में से भाजपा को 78 सीटें मिली हैं। वहीं, नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (BJD) को 51, कांग्रेस को 14, CPI(M) को 1 और अन्य को 3 सीटों पर जीत मिली है।
लोकसभा चुनाव में भी पहली बार भाजपा ने यहां बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य की 21 सीटों में से भाजपा को 20 और कांग्रेस को एक सीट मिली है। BJD और अन्य दलों को एक भी सीट नहीं मिली। 2019 में भाजपा को 8, BJD को 12 और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी। यानी भाजपा को इस बार 12 सीटों का फायदा है।
