मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, बिहार में हीटवेव चल रही है। आज से बिहार के सरकारी स्कूल खुल गए हैं। गर्मी की वजह से फिर से स्कूलों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। शेखपुरा में 6, छपरा में एक, पटना के बिहटा में एक और बक्सर में एक छात्रा की तबीयत खराब हो गई। बक्सर में स्कूली छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। बिहटा में छात्रा की नाक से खून निकलने लगा। इन सभी जिलों में पारा 40 डिग्री के पार है।
9 जून को प्रयागराज 45.9° के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं टीकमगढ़, गया और रोहतक में भी पारा 44° दर्ज किया गया। 13 जून तक जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में लू चलने की संभावना है। साथ ही, 11 और 12 जून को ओडिशा में हीटवेव का असर रहेगा।
मानसून तय समय से 2 दिन पहले मुंबई पहुंच गया। इसके चलते रविवार को मुंबई में भारी बारिश हुई। IMD ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट, रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शनिवार 8 जून को मानसून की एंट्री हो चुकी है। अब 8 दिन बाद मानसून जबलपुर, बालाघाट के रास्ते मध्य प्रदेश में एंट्री ले सकता है। आमतौर पर मानसून मुंबई पहुंचने के बाद 5 दिन में एमपी पहुंचता है।
आगे क्या…
- आईएमडी ने 10 जून को कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, कोस्टल कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
- 11 और 12 जून को गुजरात के कई जिलों में बारिश की संभावना है। गुजरात में मानसून पहुंचने की तय तारीख 15 जून है। संभावना है कि यह समय से पहले पहुंच जाएगा।
- बंगाल की खाड़ी वाली मानसून ब्रांच के 13-14 जून से रफ्तार पकड़ने और पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार पहुंचने की उम्मीद है।
