अमरावती के विधायक रवि राणा ने दावा किया है कि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मंगलवार को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के 15 दिन बाद मोदी सरकार में शामिल होंगे। अमरावती के बडनेरा से विधायक रवि ने कहा कि वह जानते हैं कि उद्धव ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में किस तरह बोलते रहे हैं।
रवि राणा ने दावा किया, “मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मोदी जी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने के 15 दिन बाद उद्धव ठाकरे मोदी सरकार में और मोदी जी के साथ नजर आएंगे, क्योंकि आने वाला दौर मोदी जी का है और उद्धव ठाकरे यह जानते हैं।”
रवि राणा की पत्नी नवनीत राणा अमरावती से मौजूदा सांसद हैं। उन्होंने इस बार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा है। 2019 में वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अमरावती सीट से जीती थीं।
उधर, पश्चिम बंगाल के बारासात और मथुरापुर लोकसभा क्षेत्रों में एक-एक बूथ पर सोमवार (3 जून) को फिर से वोटिंग हो रही है। बंगाल की 9 सीटों पर 1 जून को वोटिंग हुई थी। हालांकि, कुछ बूथों पर गड़बड़ी की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने रीपोलिंग के आदेश जारी किए हैं। दोनों बूथों पर सुबह 7 बजे से 6 बजे तक वोटिंग होगी।
