Headlines

रवीना का मारपीट के आरोप लगाने वाली महिला से समझौता:पुलिस बोली- ड्राइवर को भीड़ से बचाने के दौरान हाथापाई हुई; एक्ट्रेस नशे में नहीं थीं

रवीना का मारपीट के आरोप लगाने वाली महिला से समझौता:पुलिस बोली- ड्राइवर को भीड़ से बचाने के दौरान हाथापाई हुई; एक्ट्रेस नशे में नहीं थीं

मुंबई3 मिनट पहलेलेखक: आशीष तिवारी
यह वीडियो मौके पर मौजूद रवीना टंडन का है। वे भीड़ से वीडियो न बनाने और धक्का-मुक्की न करने की अपील कर रही हैं।

शनिवार रात को हुई एक घटना में एक्ट्रेस रवीना टंडन और उनके ड्राइवर पर शराब के नशे में एक बुजुर्ग महिला से मारपीट करने के आरोप लगे थे। अब दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

दोनों पक्षों की तरफ से यह लिखित में दिया गया है कि उन्हें अब एक-दूसरे से कोई शिकायत नहीं है।

शिकायतकर्ता ने कथित वीडियो में झूठी शिकायत दी: पुलिस अधिकारी
खार पुलिस स्टेशन से एक अधिकारी ने बताया कि, ‘शिकायतकर्ता ने कथित वीडियो में झूठी शिकायत दी। हमने सोसाइटी की पूरी CCTV फुटेज चेक की और पाया कि रवीना का ड्राइवर सड़क से सोसाइटी में कार रिवर्स कर रहा था, जब यह परिवार उनकी कार के पास से गुजरा।

परिवार ने कार रोक कर ड्राइवर को बताया कि रिवर्स करने से पहले उसे देखना चाहिए कि पीछे कोई व्यक्ति है या नहीं। इस बात पर उनके बीच बहस शुरू हो गई।’

मामले में एक CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि रवीना की गाड़ी से बुजुर्ग महिला को कोई चोट नहीं लगी।

रवीना की कार ने किसी को टक्कर नहीं मारी
अधिकारी ने आगे बताया- यही बहस गाली-गलौज में बदल गई और रवीना मौके यह देखने के लिए आईं कि उनके ड्राइवर के साथ क्या हुआ। एक्ट्रेस ने अपने ड्राइवर को भीड़ से बचाने की कोशिश की पर भीड़ ने उन्हें ही गाली देना शुरू कर दिया।

घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। हमने CCTV फुटेज चेक की तो पाया कि कार ने किसी को टक्कर नहीं मारी और रवीना भी नशे में नहीं थीं।’

पीड़िता के बेटे ने किया था मारपीट का दावा
इससे पहले पीड़िता के बेटे ने दावा किया था कि मुंबई के बांद्रा में रिजवी लॉ कॉलेज के पास उनकी मां को रवीना की गाड़ी से चोट लग गई।

इसके बाद रवीना का ड्राइवर गाड़ी से निकला और उनकी मां के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों से भी बहस करने लगा। वह हाथापाई पर उतर आया। इसके बाद रवीना भी गाड़ी से उतरीं और उन लोगों से मारपीट करने लगीं।

वीडियो शूट ना करने की गुजारिश करती दिखीं रवीना

सामने आए इस वीडियो में रवीना को पीड़ित परिवार और लोकल भीड़ ने घेर रखा है। लोग पुलिस को बुलाने की बात कर रहे हैं। इसी बीच पीड़ित महिला की बेटी रवीना से कहती है, ‘आपको पूरी रात जेल में बितानी होगी। मेरी नाक से खून बह रहा है।’

वहीं रवीना भीड़ से कहती हुई सुनाई दीं, ‘प्लीज मुझे धक्का मत दो.. मुझे मत मारो..।’ एक्ट्रेस वहां मौजूद भीड़ से वीडियो ना शूट करने की भी गुजारिश कर रही हैं।

यह पीड़ित महिला की बेटी है। वे घटना के बारे में बताते हुए अपना वीडियो शूट कर रही हैं।

दावा- रवीना ने गाड़ी से निकलकर मारपीट की
रविवार सुबह पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराने की कोशिश की थी लेकिन उनका कहना था कि पुलिस एक्शन लेने में सख्ती नहीं दिखा रही है। जिस महिला को चोट लगने का दावा किया जा रहा था, उसकी उम्र 70 साल बताई जा रही थी।

उसके बेटे मोहम्मद ने कहा- हम लोग अपनी बिटिया का रिश्ता तय करने कहीं बाहर निकले थे। रास्ते में रिजवी लॉ कॉलेज के पास रवीना की गाड़ी खड़ी थी। हम लोग वहां से निकल ही रहे थे तभी गाड़ी थोड़ी रिवर्स हो गई।

इसकी वजह से मेरी मां को जोरदार टक्कर लग गई। हम लोगों ने आपत्ति जताई तो ड्राइवर अनाप-शनाप बकने लगा। गाड़ी में रवीना टंडन भी मौजूद थीं। वे भी गाड़ी से निकलकर हमसे बहस करने लगीं। वे शराब के नशे में चूर थीं और मेरी मां के साथ मारपीट करने लगीं।

पीड़ित महिला के बेटे मोहम्मद ने भी एक वीडियो जारी किया है।

मैनेजर ने किया आरोपों का खंडन, बोलीं- उन लोगों ने रवीना को मारा
भास्कर की टीम ने भी जब रवीना की मैनेजर और उनकी टीम से बात की थी तो उन्होंने एक्ट्रेस पर लगाए गए सभी आरोपों का खंडन किया था। रवीना की मैनेजर कहा कि एक्ट्रेस ने किसी के साथ मारपीट नहीं की है। उल्टा जिन लोगों ने शिकायत की है उन्होंने रवीना को मारा है। रवीना को बहुत चोट भी आई है।

मामला सुलझाने रवीना के पति अनिल थडानी पुलिस स्टेशन पहुंचे
देर रात हुई इस घटना के कुछ देर बार रवीना टंडन वहां से निकल गईं थीं। पीड़ित के परिवार वाले तुरंत खार पुलिस स्टेशन पहुंचे। रवीना के पति और मशहूर ड्रिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी भी पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन वे केस दर्ज कराने पर अड़े रहे।

रवीना के पति ड्रिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी भी थाने पहुंचे। वे वहां विक्टिम के परिवार के साथ मामला सुलझाने की कोशिश करते नजर आए।

पुलिस ने 4 घंटे इंतजार करवाया, शिकायत दर्ज नहीं की: मोहम्मद
मोहम्मद ने दावा कि उन्होंने विक्टिम के साथ खार पुलिस स्टेशन में 4 घंटे तक इंतजार किया पर उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। मोहम्मद ने कहा, ‘उन्होंने हमसे पुलिस स्टेशन के बाहर ही इस मामले को सेटल करने की बात कही। पर हम उनके साथ सेटेलमेंट क्यों करें? मेरी मां के साथ मारपीट की गई है और मुझे न्याय चाहिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024