Headlines

हरियाणा में लोहे के पाइप के नीचे दबे लोग-वाहन:80 फुट लंबा पाइप 50 फुट ऊंचाई से हाईवे पर गिरा; बचाव में जुटी टीमें

हरियाणा के पानीपत में सोमवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां शहर के संजय चौक पर एलिवेटेड हाईवे से पानी और गंदगी से भरा लोहे का पाइप अचानक नीचे गिर गया। इससे नीचे हाईवे-44 से गुजर रहे कई वाहनों समेत राहगीर घायल हो गए।

इस हादसे से मौके पर भगदड़ मच गई। मौके पर स्थानीय लोग भी पहुंचे। उन्होंने पाइप के नीचे दबे लोगों को निकालना शुरू किया, लेकिन पाइप ज्यादा वजनदार होने की वजह लोगों को राहत कार्य में दिक्कत आ रही है। मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद मौके पर बचाव कार्य टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु करवाना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह ड्रेनेज पाइप एलिवेटेड हाईवे के बरसाती पानी की निकासी को लेकर लगाया गया था। यह करीब 50 फीट ऊंचाई से गिरा है। हादसे के बाद GT रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मशक्कत के बाद वाहनों को एक तरफ किया और ट्रैफिक सामान्य करवाया।

मौके पर एक व्यक्ति के पैर का अंगूठा कट कर अलग हो गया, जोकि वहीं जमीन पर पड़ा था।

कार सवार 2 लोग घायल हुए
दोपहर करीब ढाई बजे GT रोड पर यह हादसा हुआ, जिसमें 2 लोग घायल हुए हैं। ये दोनों लोग कार में सवार थे। वहीं, करीब 6 गाड़ियां और बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। एक घायल को नजदीक के निजी अस्पताल में दाखिल कराया है।

पाइप कैसे गिर गया, यह जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाइप में काफी समय से पानी और गंदगी जमा थी। इसकी साफ-सफाई और रख रखाव का जिम्मा L&T कंपनी का है।

लोग बोले- L&T प्रबंधन की लापरवाही, केस हो दर्ज
लासर्न एंड टूब्रो यानी L&T कंपनी ने यहां फ्लाईओवर बनाया है। उसके रखरखाव का जिम्मा भी कंपनी का ही है। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि कंपनी यहां आम लोगों से टोल टैक्स वसूलती है। जो लोग फ्लाईओवर का इस्तेमाल नहीं करते, वे भी टोल टैक्स देकर ही निकलते हैं। लाखों रुपए का टैक्स वसूलने के बावजूद प्रबंधन के ये हालात हैं। कंपनी प्रबंधन पर केस दर्ज होना चाहिए।

हादसे के PHOTOS…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024