Headlines

राजस्थान का फलोदी लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म, तापमान 51º:जम्मू में भी 42 डिग्री पहुंचा टेम्परेचर; 6 राज्यों में अगले दो दिन हीटवेव चलेगी

आज नौतपा का तीसरा दिन है। बीते दो दिनों में राजस्थान के फलोदी में तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। नौतपा के पहले दिन यह तापमान 50 डिग्री, जबकि दूसरे दिन 51 डिग्री रहा।

सोमवार को जैसलमेर के भारत-पा​क सीमा पर तैनात बीएसएफ जवान की गर्मी से मौत हो गई। वहीं अजमेर के केकड़ी में लू से 80 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। राज्य में 4 दिन में गर्मी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 27 हो चुकी है।

रविवार को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में 37 जगहों का तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। एक दिन पहले यानी शनिवार को देश में सिर्फ 17 जगहों का तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा था। वहीं, जम्मू में तापमान 42°C और हिमाचल के ऊना में 44.4 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में भीषण हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात में अलग-अलग इलाकों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

देर रात बंगाल के तट से टकराया तूफान रेमल
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात रेमल रविवार शाम तूफान में बदल गया। देर रात पश्चिम बंगाल में तूफान का लैंडफॉल हुआ। इस दौरान करीब 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कोलकाता में तेज आंधी-बारिश के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए, घरों को भी नुकसान पहुंचा।

गृह मंत्रालय ने बंगाल के तटीय इलाकों में NDRF की 12 टीमें तैनात की थीं और 5 अतिरिक्त टीम को स्टैंडबाय पर रखा था। जहाजों और विमानों के साथ सेना, नौसेना और कॉस्ट गार्ड टीम भी इमरजेंसी के लिए मुस्तैद की गई थीं। इससे पहले प्रशासन ने बंगाल के तटीय इलाकों से करीब 1.10 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया था।

तूफान रेमल इस सीजन में बंगाल की खाड़ी में बनने वाला पहला प्री-मॉनसून चक्रवात है। तूफान को रेमल नाम ओमान ने दिया है। रेमल अरबी शब्द है, जिसका मतलब होता है- रेत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024