Headlines

दिल्ली के चाइल्ड हॉस्पिटल में आग, 6 नवजात की मौत:अस्पताल का मालिक गिरफ्तार; आरोप- बिल्डिंग में अवैध ऑक्सीजन की रीफिलिंग होती थी

दिल्ली के चाइल्ड हॉस्पिटल में आग, 6 नवजात की मौत:अस्पताल का मालिक गिरफ्तार; आरोप- बिल्डिंग में अवैध ऑक्सीजन की रीफिलिंग होती थी

नई दिल्ली58 मिनट पहलेलेखक: सुनील मौर्य/ शिवांगी सक्सेना
दिल्ली के विवेक विहार स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लगी थी। इसके फर्स्ट फ्लोर पर अस्पताल में 12 बच्चे भर्ती थे।

दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक चाइल्ड हॉस्पिटल में शनिवार 25 मई देर रात आग लग गई। हादसे में 6 नवजात की मौत हो गई। 5 का रेस्क्यू किया गया है। दो मंजिला बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर न्यू बॉर्न बेबी केयर सेंटर था। इसमें कुल 12 बच्चे भर्ती थे।

दिल्ली फायर सर्विस चीफ अतुल गर्ग ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। हालांकि, शुरुआती जांच में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट को कारण बताया जा रहा है। बेबी केयर सेंटर के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर अवैध ऑक्सीजन सिलेंडर रीफिलिंग का काम चल रहा था।

दिल्ली पुलिस ने चाइल्ड हॉस्पिटल के मालिक नवीन खिची के खिलाफ IPC की धारा 336 (दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालना), 304A (लापरवाही से मौत) और 34 (आपराधिक गतिविधि) के तहत FIR दर्ज की है। वह पश्चिम विहार का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से वह फरार था।

फायर ब्रिगेड की 16 गाड़ियों की मदद से दोनों बिल्डिंग में लगी आग बुझाई गई।

दम घुटने से बच्चों की मौत हुई
दमकल अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात 11:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की कुल 16 गाड़ियां पहुंचीं। तब तक आग की लपटें ऊपर के फ्लोर और पास की दो बिल्डिंग्स में भी फैल चुकी थी। बेबी केयर सेंटर में ऊपर जाने के लिए बाहर की तरफ से लोहे की एकमात्र घुमावदार सीढ़ी है। उसमें भी आग लग गई थी।

बेबी केयर सेंटर में भर्ती 12 बच्चों में से एक की मौत आग लगने से पहले ही हो चुकी थी। धुआं भरने के कारण अन्य 11 बच्चों की हालत गंभीर हो गई। दमकल की टीम और स्थानीय लोगों ने लकड़ी की सीढ़ियों पर चढ़कर खिड़की से अन्य 11 बच्चों को बाहर निकाला। तब तक दम घुटने से 6 बच्चों की मौत हो गई। इनके शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है।

रेस्क्यू किए गए 5 बच्चों को एडवांस NICU अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। चाइल्ड हॉस्पिटल के दोनों तरफ दो रेसिडेंशियल बिल्डिंग से 11-12 लोगों को बचाया गया। फायर सर्विस ने करीब डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

बेबी केयर सेंटर में लगी आग की तस्वीरें…

चाइल्ड हॉस्पिटल से नवजात बच्चों को खिड़की के सहारे निकाला गया।
चाइल्ड हॉस्पिटल में लगी आग पास की एक बिल्डिंग के दो फ्लोर में भी फैल गई थी।
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के नीचे अवैध ऑक्सीजन सिलेंडर रीफिलिंग का काम चलता था।
सड़क पर खड़े कई वाहन आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गए।
फायर ब्रिगेड टीम ने अस्पताल के अंदर रखे ऑक्सीजन सिलेंडरों को बाहर निकाला।
बेबी केयर सेंटर से सटे बिल्डिंग से 11-12 लोगों को बचाया गया है। सभी सुरक्षित हैं।

ऑक्सीजन सिलेंडर रीफिलिंग के दौरान धमाके की आवाज हुई
फायर डिपार्टमेंट और पुलिस के मुताबिक, बेबी केयर सेंटर के पास किसी एम्बुलेंस में ऑक्सीजन गैस की रीफिलिंग की जा रही थी। उसी दौरान धमाके की तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद पूरे बिल्डिंग में आग की लपटें फैल गई।

एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि हमारा घर पास ही है। हमें रात में फोन आया कि यहां धमाके हुए हैं। मौके पर आए तो पता चला कि बिल्डिंग के सामने वैन में ऑक्सीजन सिलेंडर में रीफिलिंग का काम चल रहा था। तभी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।

पहला सिलेंडर फटकर बिल्डिंग के अंदर गया, जिससे आग लग गई। आग लगते ही हॉस्पिटल के सभी स्टाफ बच्चों को छोड़कर भाग गए। उसके बाद एक के बाद एक तीन और सिलेंडर में ब्लास्ट हुए। हम बिल्डिंग के पीछे गए और शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बेबी केयर सेंटर के नीचे काफी समय से ऑक्सीजन रीफिलिंग का काम होता था। यहां रोज बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर लाए जाते थे। इसको लेकर पहले ही कई बार शिकायत की गई थी। हालांकि, कोई सुनवाई नहीं हुई।

अपने-अपने बच्चे की तलाश में जुटे परिजन

रेस्क्यू किए गए 5 बच्चों को एडवांस NICU अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

घटना के बाद परिजन अपने-अपने बच्चे की तलाश में जुटे हैं। एक नवजात के रिश्तेदार सुमित ने कहा- 20 मई को मेरे भाई के बच्चे को न्यू बोर्न बेबी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हम पुलिस स्टेशन गए और बच्चे की जानकारी मांगी। उन्होंने हमें अस्पताल जाने का कहा।

एक बच्चे की मां ने कहा- मेरा बच्चा पिछले तीन दिनों से यहां भर्ती था। उसे सिर्फ बुखार था। आज सुबह एक रिश्तेदार से आग लगने की खबर मिली। अस्पताल से कोई जानकारी नहीं दी गई। सुबह से इधर-उधर भाग रहे हैं, लेकिन बच्चे की कोई जानकारी नहीं है।

एक अन्य बच्चे के एक रिश्तेदार ने बताया- कल हमने अपने बच्चे को देखा था। वे हमें यहां रहने नहीं दे रहे थे। अब हमें उसकी कोई कोई जानकारी नहीं मिल रही है। डीएनए टेस्ट के बाद पहचान पाएंगे कि मृतकों में हमारा बच्चा था या नहीं।

राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने X पर हादसे को लेकर दुख जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चॉइल्ड हॉस्पिटल में हुए हादसे पर दुख जताया है। PM मोदी ने मृतक बच्चों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने X पर कहा- चीफ सेक्रेटरी से बच्चों के अस्पताल में आग लगने की घटना की जांच कराने को कहा है। साथ ही पुलिस कमिश्नर को घायल बच्चों और उनके परिजन के लिए हर तरह की मदद उपलब्ध कराने को कहा है।

केजरीवाल बोले- जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने X पर कहा- इस हादसे में जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खोया उनके साथ हम सब खड़े हैं। घटनास्थल पर सरकार और प्रशासन के अधिकारी घायलों को इलाज मुहैया करवाने में लगे हुए हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जो भी इस लापरवाही का जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा- मैंने स्वास्थ्य सचिव को फोन करने की कोशिश की, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहे हैं। हम दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करेंगे कि भविष्य में कोई भी ऐसी लापरवाही न करे।

अस्पताल हादसे के कुछ घंटों बाद कृष्णा नगर में आग लगी, 3 की मौत
चाइल्ड हॉस्पिटल में आग की घटना के तीन घंटे बाद शाहदरा इलाके के कृष्णा नगर में भी एक रेसिडेंसियल बिल्डिंग में आग लगी। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 2 महिलाएं भी हैं। फायर ब्रिगेड ने 10 लोगों का रेस्क्यू किया है। इनमें 3 लोग झुलसने से घायल हो गए हैं।

फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि रात 2:35 मिनट पर आग की सूचना मिली। आग इंडियन बैंक के पास की गली नंबर 1 की बिल्डिंग में लगी थी। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में 11 दोपहिया वाहनों में आग लगी थी, जो पहली मंजिल तक फैल गई।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग को बुझाया गया। फिलहाल, आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में आग लगी थी, जो फर्स्ट फ्लोर तक फैल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024