बांग्लादेशी सांसद मर्डर केस, शव के टुकड़े किए गए:2 आरोपी टुकड़ों से भरा बैग ले जाते दिखे, एक गिरफ्तार; पुलिस हनी ट्रैप एंगल से भी जांच कर रही
बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार के मर्डर मामले में नया खुलासा हुआ है। कोलकाता पुलिस का कहना है कि सांसद की हत्या के बाद उनके शरीर से चमड़ी हटाई गई, मांस निकाला गया और फिर लाश के टुकड़े किए गए। इन टुकड़ों को बैग में भरकर शहर के अलग-अलग इलाके में फेंका गया।
इस मामले में कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में स्थित अपार्टमेंट के एक फ्लैट के बाहर का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें दो आरोपी प्लास्टिक बैग और सूटकेस ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यह वही फ्लैट है, जहां अनार को आखिरी बार देखा गया था। 22 मई को पुलिस इस फ्लैट में छानबीन के लिए पहुंची थी। उन्हें यहां खून के निशान भी मिले थे। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अनवारुल इलाज के लिए 12 मई को कोलकाता आए थे। इसके अगले दिन ही वे लापता हो गए थे। अब पुलिस इस मामले में हनी ट्रैप वाले एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि अनवारुल की हत्या में एक महिला भी शामिल है जिसने बांग्लादेश के सांसद को अपने जाल में फंसाया और कोलकाता बुलाया।
बांग्लादेश पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया
कोलकाता पुलिस ने कहा कि फ्लैट के बाहर के कई CCTV फुटेज मिले हैं। इनमें से एक में अनवारुल एक बांग्लादेशी महिला के साथ दिख रहे हैं। महिला का नाम शिलास्ती रहमान है।
पुलिस का मानना है कि उसने आरोपियों के साथ मिलकर अनवारुल को अपने जाल में फंसाया और कोलकाता आने को कहा। एक वीडियो में अनवारुल और शिलास्ती साथ में फ्लैट में जाते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने कहा, “हमारा मानना है कि शिलास्ती के साथ फ्लैट में जाने के फौरन बाद ही अनवारुल की हत्या कर दी गई। बांग्लादेश की पुलिस ने शिलास्ती को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।”
आरोपी बोला- मर्डर में 4 लोग शामिल थे
शुक्रवार सुबह (24 मई) कोलकाता पुलिस ने इस मामले में एक बांग्लादेश नागरिक को गिरफ्तार किया। उसका नाम जिहाद हवलदार है। पेश से जिहाद कसाई है। उसने पुलिस को बताया कि 4 लोगों ने फ्लैट में अनवारुल की हत्या की फिर उसने शव के टुकड़े किए। हालांकि जिहाद ने मामले में किसी महिला के शामिल होने का जिक्र नहीं किया।
5 करोड़ रुपए की सुपारी दी गई
प्राइमरी इन्वेस्टिगेशन में सामने आया था कि बांग्लादेशी सांसद का मर्डर उनके अमेरिकी दोस्त अख्तरुज्जमां ने कराया। इसके लिए 5 करोड़ रुपए की सुपारी दी गई। अख्तरुज्जमां का कोलकाता में ही एक फ्लैट भी है।
पुलिस को अख्तरुज्जमां की लोकेशन नहीं पता है लेकिन उनका मानना है कि वो फिलहाल अमेरिका में है। पुलिस ने कहा अख्तरुज्जमां और शिलास्ती पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और सांसद की हत्या के मास्टरमाइंड हो सकते हैं।
लाश के टुकड़े करने कोलकाता आया था आरोपी
पूछताछ के दौरान जिहाद हवलदार ने बताया कि वो 2 महीने पहले ही कोलकाता आया था। उसने कहा, “अख्तरुज्जमां ने उसे सांसद अनवारुल के शव के टुकड़े करने के लिए हायर किया था। हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए 2 महीने पहले ही मुझे बांग्लादेश से कोलकाता बुलाया गया था।”
इस मामले में कुल 4 आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस के साथ बांग्लादेश की पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या में कितने लोग शामिल हैं।
हालांकि, अब तक 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें से 3 आरोपियों को ढाका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, एक आरोपी- जिहाद हवलदार को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
12 मई को कोलकाता पहुंचे थे सांसद अनवारुल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अनवारुल 12 मई को शाम लगभग सात बजे अपने एक फैमिली फ्रेंड गोपाल बिस्वास से मिलने कोलकाता में उनके घर गए थे। अगले दिन दोपहर 1.41 बजे वह डॉक्टर से मिलने की बात कहकर वहां से रवाना हो गए।
उन्होंने कहा था कि वह शाम को लौटेंगे। अनवारुल ने बिधान पार्क में कलकत्ता पब्लिक स्कूल के सामने से टैक्सी ली। शाम को उन्होंने गोपाल को वॉट्सऐप मैसेज कर बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं। इसके बात उनकी लोकेशन नहीं मिली।
कौन थे बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम अनार?
अनवारुल अजीम अनार प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी से सांसद हैं। वे जेनैदाह-4 सीट से 2014, 2018 और 2024 में चुनाव जीते। अनवारुल की मौत से पहले उनके परिवार वालों ने शेख हसीना से मिलकर मदद मांगी थी।
