दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मेट्रो में धमकी भरे मैसेज लिखने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 19 मई को पटेल नगर और राजीव चौक मेट्रो स्टेशनों और एक ट्रेन कोच में केजरीवाल को लेकर अंग्रेजी में धमकी वाले संदेश लिखे गए थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक,आरोपी का नाम अंकित गोयल (32) है और वह बरेली का रहने वाला है। वह ग्रेटर नोएडा मकान की रजिस्ट्री करवाने आया था। अंकित यहां फाइव स्टार होटल में रुका था और दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान उसने केजरीवाल के नाम धमकी भेरे मैसेज लिखे थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंकित बेहद पढ़ा-लिखा है और एक नामी बैंक में काम करता है। वह किसी पॉलिटिकल पार्टी से नहीं जुड़ा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऐसा लगता है कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है, हालांकि मेडिकल के बाद ही इस बात की पुष्टि हो सकती है।
