Headlines

PM बोले- 10 जून को भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा:ओडिशा CM हाउस पर भ्रष्टाचारियों का कब्जा, BJD के छोटे-छोटे नेता भी करोड़पति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के ढेंकनाल और कटक में जनसभाएं कीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के ढेंकनाल और कटक में जनसभाएं कीं। PM ने कटक में कहा- ओडिशा में 10 जून को बीजेपी का पहला सीएम शपथ लेगा, ये तय है। तीसरी बार मोदी की सरकार दिल्ली में शपथ लेगी। ये भी तय है।

इससे पहले ढेंकनाल की जनसभा में उन्होंने कहा- ओडिशा की BJD सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचारियों के कब्जे में है। मुठ्ठीभर भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय पर कब्जा करके बैठ गए हैं। BJD के छोटे-छोटे नेता भी करोड़ों के मालिक बन गए हैं।

दोनों जनसभाओं से पहले PM मोदी पुरी पहुंचे थे। उन्होंने जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद रोड शो किया। इस दौरान पुरी से भाजपा उम्मीदवार संबित पात्रा भी उनके साथ थे। ओडिशा के ढेंकनाल, पुरी और कटक में 25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है।

ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ ही हो रहे हैं। सोमवार को दूसरे फेज में 35 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इसके बाद 25 मई और 1 जून को 42-42 सीटों पर मतदान होगा।

जनसभा से पहले मोदी का पुरी में रोड शो

पुरी में रोड शो के दौरान संबित पात्रा भी मोदी के साथ मौजूद थे।

PM के भाषण की 3 मुख्य बातें…

1. डबल इंजन की सरकार पर

  • ओडिशा में एक ही नारा गूंज रहा है। यह नारा है ‘ओडिशा में पहली बार डबल इंजन की सरकार’। यहां बीजेडी सरकार 25 साल से है, लेकिन आज पूरा ओडिशा आत्ममंथन कर रहा है कि इतने वर्षों में लोगों को क्या मिला। ओडिशा में जल, जंगल, जमीन है, फिर भी यहां सबसे ज्यादा बदहाली है।
  • 21वीं सदी के ओडिशा को विकास की रफ्तार चाहिए। वो BJD सरकार किसी भी हालत में नहीं दे सकती। इस शताब्दी के अब तक के पूरे हिस्से में आप BJD को मौका दे चुके हैं। अब समय आ गया है कि आप BJD की ढीली-ढाली नीतियों, ढीला-ढाले काम और धीमी रफ्तार को छोड़कर भाजपा की तेज रफ्तार सरकार चुनें।

2. भाजपा की नीतियों पर

  • मोदी सरकार ने आदिवासी परिवारों के लिए वनधन योजना बनाई, इसके माध्यम से वन उत्पादों की खरीद MSP पर होती है। देशभर में 3,500 से अधिक वनधन केंद्र हैं। यहां ओडिशा में भी पौने 200 वनधन केंद्र खुले हैं, इनमें 80 से अधिक वन उत्पादों की खरीद MSP पर होती है। लेकिन, BJD सरकार आपको वन उपज पर सही MSP तक नहीं देती।
PM मोदी ने पुरी के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने इसे लेकर उड़िया भाषा में X पर पोस्ट किया।

3. जगन्नाथ मंदिर पर

  • BJD सरकार में जगन्नाथ जी का मंदिर भी सुरक्षित नहीं बचा है। पिछले 6 साल से श्री रत्न भंडार की चाबी का भी अता-पता नहीं है। इसके पीछे का बहुत बड़ा राज BJD सरकार और मुख्यमंत्री के करीबी लोग छिपा रहे हैं। पूरा ओडिशा जानना चाहता है कि जो जांच हुई थी, उसकी रिपोर्ट में ऐसा क्या है कि BJD ने वो रिपोर्ट ही दबा दी?
  • BJD के राज में न तो ओडिशा की संपदा सुरक्षित है और न ही ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित है। ये तो पद्म सम्मान से पुरस्कृत अंतर्यामी मिश्रा जी की धरती है, जिन्होंने जगन्नाथ संस्कृति को लेकर इतना काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024