अमेठी में स्मृति ने की प्रियंका की एक्टिंग:बोलीं- हूं-हूं-हूं करने वाली दीदी को बहुत दिक्कत, कहती हैं- बीजेपी धर्म-धर्म बोलती है
अमेठी से सांसद और बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की मिमिक्री की। उन्होंने कहा- कांग्रेस की नेत्री कहती हैं, बीजेपी क्या करती है? धर्म-धर्म बोलती है, हूं-हूं-हूं। ऐसे-ऐसे होगा। ठीक नहीं किया मोदी ने, हम कीचड़ पर चलकर जाते थे, हूं-हूं-हूं।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी प्रचार के लिए तिलोई विधानसभा में कार्यक्रम करने पहुंची थीं। यह वीडियो शुक्रवार देर रात का बताया जा रहा है। प्रियंका और कांग्रेस से सवाल करते हुए उन्होंने कहा- हमने इतने गांवों की सड़क बनवाई और वो कहती हैं कि कीचड़ में चलकर जाते हैं। क्यों नहीं बनवा ली सड़क?
स्मृति ने कहा- मैं मोदी के काम पर वोट मांगने आई हूं। अगर काम मोदी की सरकार में हुआ है तो लोग वोट तो मोदी को ही करेंगे न। कोई कांग्रेस को क्यों वोट देगा? टीका लगवाने वाले सभी लोगों से अपील है कि अपने वोट से कांग्रेस को हार का इंजेक्शन लगाएं।
हमने 262 गांवों में पक्की सड़क बनवाई
स्मृति आगे कहती हैं, हूं-हूं-हूं करने वाली दीदी को बहुत दिक्कत थी तो बनवा लेती सड़क क्यों गईं कीचड़ से। हमने किया है सड़क पर काम। 262 गांवों में पक्की सड़क बनवाई है। जब काम मोदी करेगा तो वोट किसी और को मिलेगा क्या?
तुम ही फेसबुकिया नहीं हो, हम भी हैं
अमेठी सांसद ने प्रियंका की एक्टिंग करते वक्त एक शख्स से कहा- इतना न हंसो, तुम ही फेसबुकिया नहीं हो, हम भी हैं। हम भी देखत हैं। कहती हैं कुछ नहीं किया मोदी ने।
हूं-हूं वाली दीदी कहती हैं, बीजेपी धर्म का इस्तेमाल करती है। हम कब धर्म का इस्तेमाल करते हैं। क्या राम मंदिर बनाकर मोदी ने पाप किया? कांग्रेस पार्टी कहती है हमको वोट मिला तो हम मंदिर निर्माण का निर्णय बदल देंगे। हम कहते हैं भइया सुनो, कांग्रेस पार्टी को बतला दो कि अब हम रहते हैं गौरीगंज में।
हनुमान गढ़ी की पताका को हाथ लगाया तो ईंट से ईंट बजा देंगे
गौरीगंज में हनुमान गढ़ी में हनुमान जी का मंदिर है। हम कांग्रेस वालों से कहते हैं, एक काम करो भइया… अगर हिम्मत है तो गौरीगंज आकर हनुमान गढ़ी मंदिर की पताका हाथ लगाकर दिखाओ। ईंट से ईंट न बजा दी तो हमारा नाम भी स्मृति ईरानी नहीं।
कांग्रेस पार्टी को हार का इंजेक्शन लगाओ
भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कहा- मैं मोदी के लिए, मोदी के काम पर वोट मांगने आई हूं। आप 20 मई को पोलिंग बूथ पर जाएं और कमल का बटन दबाएं। जिन लोगों ने टीका लगाया है आज उनको बोलने आई हूं, 20 मई को जाओ कमल का बटन दबाओ और मोदी को जिताओ। साथ में कांग्रेस पार्टी को हार का इंजेक्शन लगाओ। कांग्रेस के नेता जमीन खा जाते हैं।
कांग्रेस समर्थक भी ले रहे मुफ्त का राशन
स्मृति ने कहा कि यहां हमारा विधायक मेडिकल कॉलेज के लिए घर की जमीन देने को तैयार है। लोग मोदी पर आरोप लगाते हैं और मोदी का ही टीका लगवाते हैं। कांग्रेस समर्थक भी मोदी से मुफ्त का राशन पाते हैं। मोदी राशन दिलवाए, मोदी आयुष्मान भारत का 5 लाख रुपया दिलवाए, मोदी किसानों को किसान सम्मान निधि दिलवाए, अगर मोदी सब लाभ दे रहे हैं तो वोट भी मोदी को जाएगा।
केएल शर्मा के चुनाव प्रचार की बागडोर प्रियंका ने संभाली
अमेठी में लगातार प्रियंका गांधी खुद केएल शर्मा के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं। वो जनसभाओं में जाती हैं कहती हैं कि आपका वोट केएल शर्मा को नहीं, बल्कि गांधी परिवार के लिए है। कांग्रेस से छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, यहां लगातार सभाएं कर रहे हैं।
भाजपा कैंपेन के लिए PM नरेंद्र मोदी, CM योगी आदित्यनाथ समेत BJP के तमाम स्टार प्रचारक उतर चुके हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान पिछले 20 दिनों से यहां डेरा डाले हुए हैं।
प्रियंका गांधी ने स्मृति और भाजपा को लेकर दिए थे ये बयान
- मेरे पिता जी और भैया जनता के सामने झुककर आते थे। ये तो ऐसी सांसद हैं कि समस्या लेकर जाने वाले को खदेड़ देती हैं।
- स्मृति का अमेठी से रिश्ता ही क्या है? उन्हें हमारे परिवार की तरह रिश्ता बनाने में 40 साल लगेंगे ।
- देशभर में झूठा प्रचार किया। देखिए, यह गांधी परिवार की सीट है, यहां कोई विकास नहीं होता है।
- स्मृति ईरानी का मकसद केवल यहां आकर राहुल गांधी को हराना था।
- राजनीतिक मकसद से जीत पाने के लिए अमेठी की जनता से तमाम झूठ बोले।
- भाजपा की सांसद तभी सामने आती हैं जब टीवी और मीडिया वाले आते हैं।
