प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा में 2 चुनावी रैली करेंगे। थोड़ी देर में वह चुनावी रैली में अंबाला में भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया के लिए प्रचार करेंगे। वहीं, दूसरी रैली सोनीपत के गोहाना में रखी गई है। यह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ है। PM मोदी यहां से भाजपा उम्मीदवार मोहन लाल बड़ौली के लिए वोट की अपील करेंगे।
इन दोनों रैलियों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 लोकसभा सीट अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत और रोहतक को साधने का प्रयास करेंगे। अंबाला में रैली की वजह उनकी रतन लाल कटारिया से दोस्ती को बताया जा रहा है। यही वजह है कि मोदी रतन लाल की पत्नी बंतो कटारिया के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार अंबाला आ रहे हैं।
वहीं गोहाना में मोदी पहुंचेंगे, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ है। यहां से वह सोनीपत, रोहतक और करनाल लोकसभा को साधेंगे।
अंबाला में लोगों के बैठने के लिए 20 हजार कुर्सियां मंगाई गई हैं। गोहाना में भी 15 हजार के करीब कुर्सियां लगाई गई हैं।
लाइव अपडेट्स
हरियाणा के पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जिस तरीके से एक झटके में मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया है, इसलिए मैं अब उनको मनोहर लाल त्यागी कहता हूं।
आज भारत के 140 करोड़ लोगों के विश्वास के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आ रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में वो करके दिखाया है जो आज तक कोई नेता नहीं कर पाया। आज राहुल गांधी ये कह रहा है कि मैं एक बटन दबाकर गरीबी खत्म कर दूंगा। इसकी दादी ने भी ये नारा दिया था, लेकिन गरीबी क्या हटी। पहली बार गरीबों के बारे में सोचा है वह नरेंद्र मोदी ने सोचा है। वह एक छोटे परिवार से आते हैं। वह मुंह में सोने का चम्मच लेकर नहीं पैदा हुए।
कुरुक्षेत्र के कैंडिडेट नवीन जिंदल ने कहा कि हम सभी के लिए खुशी का दिन है। प्रधानमंत्री आज अंबाला आ रहे हैं। मैं कुछ अपने बारे में बताना चाहता हूं। बचपन से मेरे अंदर देश भक्ति की भावना भरी हुई है। 22 वर्ष की उम्र में तिरंगे के लिए मैंने लड़ाई लड़ी। दस साल की लंबी लड़ाई के बाद हम आज अपने घरों के ऊपर तिरंगा लगा पा रहे हैं। आजादी के 75वें वर्ष में प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान चलाया, जिसके लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं। पिछले दस सालों के अंदर हमने बहुत सी उपलब्धियां हासिल की हैं। चाहे चंद्रयान पर हमारे पहुंचने की है या फिर विदेशों में हमारी गरिमा बढ़ने की हो। किसानों के लिए कई योजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की हैं।
