Headlines

शाह बोले- केजरीवाल जहां जाएंगे, शराब घोटाले की याद दिलाएंगे:संविधान बदलने का बहुमत हमारे पास 10 साल से है, लेकिन यह काम कांग्रेस का है

लोकसभा चुनाव से पहले गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शराब नीति केस को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल प्रचार के लिए जब भी जहां भी जाएंगे, लोगों को शराब घोटाला याद आएगा। कई लोगों को तो बड़ी बोतल दिखेगी।

विपक्ष के संविधान बदलने वाले बयान पर अमित शाह ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में कहा- संविधान बदलने का बहुमत हमारे पास 10 साल से है। हमें 400 सीटें चाहिए, क्योंकि देश में राजनीति में स्थिरता लाना चाहते हैं, क्योंकि देश की सीमाओं को सुरक्षित रखना है।

हमने 10 सालों में अनुच्छेद 370 को निरस्त किया, तीन तलाक को खत्म किया, राम मंदिर बना, UCC लेकर आए। बहुमत के दुरुपयोग करने का इतिहास हमारी पार्टी का नहीं है। बहुमत का दुरुपयोग इंदिरा गांधी के समय में कांग्रेस ने किया था।

शाह के इंटरव्यू की बड़ी बातें

सवाल: क्या भाजपा के पास बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंचने की स्थिति में कोई प्लान बी है?’
अमित शाह: प्लान बी तभी बनाने की जरूरत है जब प्लान ए के सफल होने की 60% से कम संभावना हो। मुझे यकीन है कि प्रधानमंत्री मोदी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएंगे।

सवाल: केजरीवाल ने कहा था अगर आप मुझे वोट देंगे तो मुझे जेल नहीं जाना पड़ेगा, उनकी जमानत पर आप क्या कहना चाहेंगे?
अमित शाह:अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो इससे बड़ी सुप्रीम कोर्ट की अवमानना नहीं हो सकती। क्या सुप्रीम कोर्ट जीत और हार के आधार पर गुनाह का निर्णय करेगा? मैं सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता; लेकिन जिस तरह से AAP, कुछ मीडिया समूह और ज्यादातर पत्रकार इसको केजरीवाल की जीत मान कर चल रहे हैं। मैं इसे थोड़ा स्पष्ट करना चाहूंगा। यह क्लीन चिट नहीं है।

आरोप पत्र अभी भी सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष है, यदि उन्हें अरविंद केजरीवाल इतना भरोसा था, तो सत्र न्यायालय में अपील करते कि मेरे खिलाफ चार्ज ही गलत है।

सवाल: ओडिशा में CM नवीन पटनायक पर PM मोदी हमले कर रहे हैं। नवीन पटनायक भी पलटवार कर रहे हैं।
अमित शाह: किसी भी नेता द्वारा बयान हालिया स्थिति को देखते हुए किया जाता है। PM ने मौजूदा स्थिति को देखकर ही बयान किया है। मेरा भी मानना है कि वहां सरकार बदलने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024