Headlines

संजय सिंह ने माना मालीवाल के साथ बदतमीजी हुई:कहा- केजरीवाल एक्शन लेंगे; बिभव ने CM हाउस में AAP सांसद से अभद्रता की थी

आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई बदसलूकी के मामले में संजय सिंह ने मंगलवार 14 मई को मीडिया से बात की। सिंह ने कहा- 13 मई को बहुत ही निंदनीय घटना घटित हुई, जिसके बारे में आपको बताना चाहता हूं।

सिंह बोले- कल (13 मई) सुबह अरविंद केजरीवाल जी से मिलने स्वाति मालीवाल उनके आवास पर पहुंची थीं। ड्रॉइंग रूम में केजरीवाल का इंतजार कर रही थीं। इस बीच मुख्यमंत्री के बिभव कुमार वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्रता और बदतमीजी की। बिभव कुमार केजरीवाल के करीबी माने जाते हैं।

संजय सिंह ने बताया- इस पूरी घटना को दिल्ली के सीएम ने संज्ञान में लिया है। वो इस मामले में सख्त कार्रवाई करेंगे। जहां तक स्वाति मालीवाल जी का सवाल है, उन्होंने देश और समाज के लिए बहुत काम किया है। वो सीनियर और पुराने नेताओं में से एक हैं। हम उनके साथ हैं।

पुलिस के मुताबिक, स्वाति मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन आई थीं और मुख्यमंत्री के पर्सनल स्टाफ के खिलाफ शिकायत की। पुलिस को उनकी तरफ से औपचारिक रूप से शिकायत नहीं मिली।

ऐसे सामने आई स्वाति के साथ हुई घटना

स्वाति मालीवाल वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। इससे पहले वे दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष रही थीं।

स्वाति मालीवाल से सोमवार (13 मई) को दिल्ली CM हाउस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार ने मारपीट की। यह दावा भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने किया। उन्होंने कहा कि AAP सांसद स्वाति मालीवाल के साथ CM केजरीवाल के PA बिभव कुमार ने मारपीट की।

ये घटना CM हाउस में हुई, लेकिन कोई आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। शाम 4 बजे तक ना तो दिल्ली महिला आयोग (DCW) और ना ही AAP ने इस घटना की पुष्टि की थी।

पुलिस ने कहा- मैडम थाने आई थीं, लेकिन शिकायत नहीं की
डीसीपी (नॉर्थ) मनोज मीना ने बताया, ‘हमें सुबह 9:34 बजे एक पीसीआर कॉल मिली जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि उसके साथ सीएम आवास के अंदर मारपीट की गई है। उसके बाद स्थानीय पुलिस और SHO ने कॉल का जवाब दिया। कुछ समय बाद, सांसद स्वाति मालीवाल पुलिस स्टेशन सिविल लाइन्स आईं। इस मामले में उनकी ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।’

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सीएम हाउस से मालीवाल ने पीसीआर कॉल की थी। कॉल के बाद दिल्ली पुलिस सिविल लाइंस स्थित CM हाउस पर पहुंची। हालांकि, मौके पर स्वाति नहीं मिली। जब पुलिस CM हाउस पहुंची तो स्वाति मालीवाल वहां से जा चुकी थीं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024