Headlines

10 राज्यों की 96 सीटों पर 63% वोटिंग:सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 76% और सबसे कम जम्मू-कश्मीर में 37% मतदान

लोकसभा चुनाव के चौथे फेज में सोमवार को 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की 96 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। 63.41% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 76.29% और सबसे कम जम्मू-कश्मीर में 37.66% मतदान हुआ। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की 175 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर भी मतदान हुआ।

वोटिंग के दौरान 3 लोगों की मौत
चुनाव के बीच पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में तीन लोगों की अलग-अलग वजह से मौत हुई है। पश्चिम बंगाल के बोलपुर में वोटिंग से एक दिन पहले TMC कार्यकर्ता की हत्या हाे गई। TMC ने CPI (M) समर्थकों पर बम धमाके का आरोप लगाया है। दुर्गापुर में भाजपा और TMC समर्थकों के बीच झड़प हुई है।

बिहार के मुंगेर में वोटिंग से पहले एक पोलिंग एजेंट की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मुंगेर में ही वोटिंग के दौरान पर्ची नहीं देने के आरोप में कुछ लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और 2 युवकों को हिरासत में ले लिया। महाराष्ट्र के बीड में एक न्यूज चैनल के पत्रकार की हार्ट अटैक से मौत हुई है।

आंध्र में विधायक-वोटर ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे, कांग्रेस प्रत्याशी के भाई ने शख्स को लात मारी
आंध्र प्रदेश के गुंटूर से YSR कांग्रेस के MLA अन्नाबाथुनी शिवकुमार ने एक बूथ पर वोटर को थप्पड़ जड़ दिया। जवाब में वोटर ने भी उन्हें थप्पड़ मारा। इसके बाद विधायक समर्थकों ने शख्स की पिटाई कर दी। शख्स ने विधायक को कतार में नहीं आने पर टोका, जिस पर विवाद हुआ।

आंध्र प्रदेश में ही वोटर के साथ दुर्व्यवहार का एक दूसरा मामला सामने आया है। जहीराबाद के कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश शेतकर के भाई नागेश शेतकर ने एक वोटर को लात मारी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद वोटर की बाइक गिरा दी गई, जब वो उठाने गया तो उसे शेतकर ने पैर से मारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024