Headlines

राहुल गांधी बोले- अब जल्दी शादी कर लूंगा:रायबरेली में एक लड़की ने सवाल पूछा, तो प्रियंका बोलीं- अब तो बताना ही पड़ेगा

राहुल गांधी बोले- अब जल्दी शादी कर लूंगा:रायबरेली में एक लड़की ने सवाल पूछा, तो प्रियंका बोलीं- अब तो बताना ही पड़ेगा

रायबरेली2 घंटे पहले
यह उस मोमेंट का फुटेज है, जब राहुल से शादी को लेकर एक लड़की ने सवाल किया। प्रियंका ने हंसते हुए कहा-अब तो बताना ही पड़ेगा।

राहुल गांधी सोमवार को बहन प्रियंका के साथ रायबरेली के बछरावां पहुंचे। दोनों भाई-बहन जनसभा को संबोधित करने एक साथ मंच पर पहुंचे। इसी बीच भीड़ में से एक लड़की ने पूछा- राहुल जी आप शादी कब कर रहे हैं? राहुल ने सवाल अनसुना कर दिया। तो प्रियंका ने हंसते हुए उनका हाथ पकड़कर कहा- पहले उसका जवाब दो। राहुल ने माइक संभाला और कहा- क्या सवाल है? लड़की ने फिर शादी को लेकर सवाल किया। इस पर राहुल ने कहा- अब जल्दी शादी कर लूंगा।

संबोधन के दौरान राहुल ने प्रियंका को अपने पास बुलाया। दुलार करते हुए कहा- ये मेरी बहन, मेरे लिए कैंपेन कर रही। अपना खून-पसीना बहा रही। ये मेरी 2 माताओं की कर्मभूमि है। इसलिए यहां से चुनाव लड़ने आया हूं। कांग्रेस देश के युवाओं के लिए क्या करने जा रही है, ये बताने मैं रायबरेली आया हूं।

पढ़िए राहुल के भाषण की 7 बड़ी बातें

यह राहुल गांधी के रायबरेली आने और बहन प्रियंका के साथ जनसभा को संबोधित करने के फुटेज हैं।

1- मेरी दो माताएं हैं, एक सोनिया और दूसरी इंदिरा
राहुल गांधी ने कहा- कुछ दिन पहले मैं मां सोनिया गांधी के साथ बैठा था। मैंने मां से कहा कि एक-दो साल पहले मैंने एक वीडियो में कहा था कि रायबरेली में मेरी दो माता थीं। एक सोनिया गांधी और दूसरी इंदिरा गांधी। तब मां ने कहा, तुम्हारी तो एक ही मां है। मैंने मां से कहा, मां वो होती है जो रास्ता दिखाती है, रक्षा करती है। आपने मेरे साथ ये दोनों काम किए और इंदिरा जी ने भी। मेरी दोनों माताओं की ये कर्मभूमि है।’

2- संविधान के बिना जनता की सरकार नहीं होगी
राहुल ने कहा- जो भी आपको आज तक मिला है, वो इस संविधान ने दिया है। इस किताब के बिना जनता की सरकार नहीं होगी। अडाणी-अंबानी की सरकार होगी। जो आपकी आज थोड़ी-सी रक्षा है, वो भी खत्म हो जाएगी। बस 2-3 लोगों की सरकार रह जाएगी। सरकारी नौकरी खत्म हो जाएगी। रिजर्वेशन खत्म हो जाएगा। सारे रास्ते बंद हो जाएंगे।

हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की है। किसानों और गरीबों की रक्षा की है। पीएम ने 22 उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए। आज 22 लोगों के पास जितना धन है, उतना भारत में 17 करोड़ लोगों के पास है। इतना अन्याय कभी नहीं हुआ। किसानों से छीना, मजदूरों से छीना, गरीबों से छीना और उनको दे दिया।

ये राहुल गांधी की जनसभा की तस्वीर है। इसमें भारी भीड़ दिख रही।

3- मीडिया कभी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाता
राहुल ने कहा- मीडिया ने कभी हमारे विकास के काम को नहीं दिखाता। मीडिया कभी सच नहीं दिखाता। किसी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाता। लेकिन अंबानी की शादी दिखाता है। 10 करोड़ की घड़ी, लाखों रुपए की ड्रेस दिखाता है।

ये लोग हमारे नहीं, अडाणी-अंबानी-मोदी के हैं। पीएम अगर 22 लोगों के लिए काम कर सकते हैं, तो कांग्रेस पार्टी करोड़ों लोगों को लखपति बना सकती है। भारत में सारे गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी। यूपी से भी करोड़ों लोग होंगे। लिस्ट में से हर परिवार की एक महिला का नाम चुना जाएगा। उस महिला के अकाउंट में 1 लाख रुपए साल के अंदर जाएगा।

4- हर महीने मिलेंगे 8.5 हजार
जुलाई में आएंगे 8 हजार 500, अगस्त में 8 हजार 500, सितंबर में भी। हर महीने पैसे आते रहेंगे। हमारे भाई मजदूरी करते हैं, जॉब करते हैं, नौकरी करते हैं, उसके लिए उनको सैलरी मिलती है। वैसे ही महिलाएं भी काम करती हैं, उनको भी सैलरी मिलती है। लेकिन जो महिलाएं घर का काम करती हैं, उनको ये सैलरी के रूप में दिया जाएगा।

राहुल बोले पीएम मोदी ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।

5- सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ होगा राहुल ने कहा- किसानों के लिए पीएम मोदी 3 काले कानून लाए। प्रदर्शन में 70 किसान शहीद हुए। किसानों को पीएम आतंकवादी कहते हैं। न्याय यात्रा में मैंने किसानों से उनकी समस्या पूछी। उन्होंने हमें बताया, बैंक से हमें मारकर भगाया जाता है। हमारा कर्ज कभी भी माफ नहीं होता। तब मैंने किसानों से कहा, अगर हमारी सरकार आई तो आपका कर्ज माफ करना हमारा पहला काम होगा।

6- नोटबंदी, थाली, पकौड़ा युवाओं को दिया
पीएम ने 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। फिर कहते हैं, नाली में पाइप डालो। उससे गैस निकलेगी, उससे पकौड़े तलो और बेचो। 2-3 लोगों ने ऐसा किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। 6 साल का बच्चा जानता है कोविड कैसे फैलता है? लोग थाली बजा रहे थे और कोविड फैलता जा रहा था। मीडिया तारीफ कर रही थी। इन्होंने युवाओं को नोटबंदी, थाली, पकौड़ा दिया।

मंच पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को फूल-माला पहनाई गई।

7- अमेठी में मैंने राइफल की फैक्ट्री लगवाई
राहुल ने कहा- जवान को इन्होंने मजदूर बना दिया। मजदूर का बेटा बॉर्डर पर जाता है, तो कहते हैं तुम अग्निवीर हो। गोली अग्निवीर को लगेगी। फिर कहा जाएगा देश में 2 तरह के शहीद हैं।

तुम वो शहीद हो, जिसको शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा। परिवार को पेंशन नहीं मिलेगी। ये पीएम का काम है। अमेठी में मैं राइफल की फैक्ट्री लाया था। अब पीएम अडाणी को ये काम देना चाहते हैं। तभी फैक्ट्री नहीं चल रही है। राइफल नहीं बन रही।

अब पढ़िए प्रियंका गांधी ने जो कहा

राहुल और प्रियंका गांधी को मंच पर स्मृति चिन्ह भी दिया गया।

प्रियंका बोलीं- भाई को बचपन से अन्याय पसंद नहीं
प्रियंका गांधी ने कहा- आज मुझे गर्व है कि आपके सामने राहुल गांधी को मैं यहां लाई हूं। इस देश में ये इकलौते नेता हैं, जो कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 4 हजार किलोमीटर पैदल चले। फिर मणिपुर से मुंबई तक यात्रा की। सिर्फ देश को संदेश देने के लिए कि यहां सब भाई-भाई हैं। देश में विकास तब आएगा, जब एकता बनी रहेगी।

मैं उनकी बहन हूं। उनको बचपन से जानती हूं। बचपन से इनको अन्याय पसंद नहीं। बचपन में कोई बच्चा खेलते-खेलते बेइमानी करे, तो भाई लड़ जाते थे। ऐसा निडर व्यक्ति आपको कहीं नहीं मिलेगा। भाई हमेशा सच बोलेंगे, चाहे वो कितना भी कड़वा लगे। भाई रायबरेली की जनता के लिए काम करेंगे और आपकी लड़ाई लड़ेंगे।

BJP के प्रत्याशी का एक ही काम, लोगों की जमीन छीनो और धमकाओ
उन्होंने कहा- रायबरेली में BJP के प्रत्याशी का सुबह से शाम तक एक ही काम है। लोगों की जमीन छीनो और उनको धमकाओ। किसी के साथ मारपीट करो और फर्जी मुकदमे डालो। इसलिए रायबरेली से पूरे देश को संदेश भेजिए कि हम ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो सच के साथ सरकार चलाए। राहुल को अपना नेता चुनिए, जो जनता के लिए समर्पित रहते हैं और सेवा करते हैं। मेरे भाई को पीछे हटाने के लिए भाजपा ने संसद से निकाला, घर से निकाला। डराया-धमकाया, लेकिन फिर भी ये पीछे नहीं हटे क्योंकि इनमें साहस, वीरता और सच्चाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024