Headlines

ओडिशा में PM मोदी ने पद्मश्री विजेता के पैर छुए:कहा- कांग्रेस 50 सीटों से नीचे सिमटेगी, भरोसे में न रहे कि मुसलमान इधर-उधर नहीं जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (11 मई) को ओडिशा में चुनावी दौरे पर हैं। उन्होंने कंधमाल में चुनावी रैली के दौरान स्टेज पर पद्मश्री विजेता पूर्णमासी जानी के पैर छुए। पूर्णमासी एक कवयित्री और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्हें 2021 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

PM ने अपने संबोधन में कहा, “इस चुनाव में कांग्रेस 50 सीटों से नीचे सिमटने वाली है। 4 जून को पार्टी देश के संसद में विपक्ष भी नहीं बन पाएगी। मैं कांग्रेस को दो टूक कहूंगा कि वो इस भरोसे में न रहें कि भारत का मुसलमान इधर-उधर नहीं जाएगा। लोगों ने NDA को 400 के पार पहुंचाने का मन बना लिया है।”

PM ने कहा, “कांग्रेस कहती है संभल के चलो, पाकिस्तान के पास एटम बम है। पाकिस्तान की हालत ऐसी है कि उन्हें बम संभालना भी नहीं आता। वे अपने बम बेचने के लिए खरीदार की तलाश कर रहे हैं, लेकिन कोई उनसे खरीदना नहीं चाहता। लोग उनके सामान की क्वालिटी के बारे में जानते हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “26 साल पहले आज के दिन अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने पोखरण में परमाणु परिक्षण किया था। एक वह दिन था जब भारत ने दुनिया को अपने सामर्थ्य का परिचय करवाया था और दूसरी ओर कांग्रेस है, जो बार-बार लोगों को डराने की कोशिश करती है।”

PM की स्पीच की मुख्य बातें…

1. PM मोदी ने ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “नवीन बाबू इतने सालों से यहां के CM हैं, लेकिन फिर भी यहां की जनता उनसे दुखी हैं। वो (नवीन पटनायक) ओडिशा के जिलों और उनकी राजधानियों के नाम नहीं जानते। उन्हें लोगों के दर्द का क्या पता चलेगा।”

2. मोदी ने कहा, “पिछले 6 साल से जगन्नाथ मंदिर के ‘रत्नभंडार’ की चाबी खो हुई है। राज्य सरकार ने बाद में कहा कि डुप्लिकेट चाबी मिल गई है। सवाल यह है कि यह डुप्लिकेट चाबी क्यों बनाई गई? चाबी खो जाना चिंता की बात है, लेकिन डुप्लिकेट चाबी इससे भी ज्यादा चिंता की बात है।”

3. PM मोदी ने कहा- ओडिशा में पहली बार डबल इंजन की सरकार बनेगी। राज्य के किसी ऐसे बेटा या बेटी को CM बनाया जाएगा, जो उड़िया भाषा और संस्कृति को समझता हो। अगले साल में भाजपा ओडिशा को नंबर 1 राज्य बना देगी।

ओडिशा में दो ओर रैलियों को संबोधित करेंगे मोदी
PM मोदी आज कंधमाल ​​​​​​के अलावा ​ओडिशा में आज दो और चुनावी रैलियों में शामिल होंगे। वे कंधमाल के बाद बोलांगीर और बरगढ़ में चुनावी सभा करेंगे। शुक्रवार (10 मई) देर शाम उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ राजधानी भुवनेश्वर में रोड शो किया था।

भुवनेश्वर के जनपथ रोड पर रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री भगवा टोपी पहने नजर आए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और भुवनेश्वर से भाजपा उम्मीदवार अपराजिता सारंगी भी थीं। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए हजारों लोग सड़क के दोनों किनारे जुटे थे। मोदी ने गाड़ी से हाथ हिलाते हुए सभी का अभिवादन किया।

PM मोदी ने 10 मई को भुवनेश्वर के जनपथ रोड पर रोड शो किया था।

इससे पहले 6 मई को भी पीएम ने ओडिशा के बहरामपुर और नवरंगपुर में रैली की थी। यहां उन्होंने कहा था कि 4 जून पर BJD सरकार की एक्सपायरी डेट लिखी हुई है। आज 6 मई है, 6 जून को BJP के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा। 10 जून को भुवनेश्वर में BJP के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह होगा। मैं आज सबको भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए निमंत्रण देने आया हूं।

नवीन पटनायक 2000 से ओडिशा के मुख्यमंत्री
ओडिशा में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीटें हैं। यहां 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को चार फेज में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। राज्य में 5 मार्च 2000 से नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल (BJD) की सरकार है।

2019 के विधानसभा चुनाव में BJD ने 146 सीटों में से 112, भाजपा ने 23 और कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं। लोकसभा चुनावों में BJD ने 12 और भाजपा ने 8 सीटें जीतीं। कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024