Headlines

रॉबर्ट वाड्रा बोले- शायद राज्यसभा जाकर लोगों की सेवा करूं:राजनीति में जरूर उतरूंगा; पित्रोदा के बयान पर कहा- उन्होंने बकवास की

अमेठी से टिकट ना दिए जाने के बाद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने इशारा किया कि वो राज्यसभा सदस्य बनकर राजनीति में उतर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वो कुछ समय बाद राजनीति में जरूर उतरेंगे।

16 अप्रैल को वाड्रा ने कहा था कि अगर कांग्रेस को लगता है कि मैं बदलाव ला सकता हूं तो मैं एक्टिव पॉलिटिक्स में आ जाऊंगा। जरूरी नहीं कि मैं अमेठी से चुनाव लडूं, मैं मुरादाबाद या हरियाणा से भी लड़ सकता हूं। हालांकि कांग्रेस ने वाड्रा को टिकट नहीं दिया है।

वाड्रा ने गुरुवार को न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत की। पूरी बातचीत…

1. किसी को जवाब देने के लिए राजनीति में नहीं आऊंगा
मैं किसी को जवाब देने के लिए राजनीति में नहीं आना चाहता। मैं इस देश के लोगों की सेवा करना चाहता हूं, हो सकता है राज्यसभा के जरिए ऐसा करूंगा। मैं पूरे देश में भ्रमण करूंगा और लोगों की सेवा करूंगा। मैं अमेठी, रायबरेली और मुरादाबाद जाऊंगा। उनका आशीर्वाद मुझे खुशी देता है।

2. इतने ऊंचे पद पर बैठे आदमी को ये शोभा नहीं देता (PM के मंगलसूत्र वाले बयान पर)
उन्होंने मंगलसूत्र पर जो कहा, वह प्रधानमंत्री पद पर बैठने वाले को शोभा नहीं देता। यही वजह है कि मैं नहीं चाहता, वो सत्ता में वापस आएं। वे जो भी आरोप लगाते हैं, उन्हें साबित नहीं कर पाते।

3. राहुल और प्रियंका के बीच कोई इश्यू नहीं
राहुल और प्रियंका जो भी कहते हैं, उसे पूरा करेंगे। मैं उन्हें जानता हूं। दोनों बहुत मेहनती हैं। (कम्युनिकेशन गैप के सवाल पर) कोई भी ताकत दोनों के बीच दरार नहीं ला सकती। मैंने कभी ऐसा नहीं देखा। उन दोनों के बीच अगर कोई बहस होती है, तो वो बहुत स्वस्थ बहस होती है कि वो देश के लिए बेहतर क्या कर सकते हैं।

4. टिकट नहीं मिला, इससे कोई विवाद नहीं
राहुल, प्रियंका और मेरे बीच कोई नहीं आ सकता है। लोगों को लगता है कि अमेठी से टिकट नहीं मिला तो मैं नाराज हूं। इसके मेरे लिए कोई मायने नहीं हैं। मुझे परिवार के लोगों के बीच कोई विवाद नहीं नजर आता। हम मिलकर देश के लिए काम करेंगे।

5. सैम पित्रोदा ने बकवास की है, जिम्मेदारी दिखानी थी
जब आप गांधी परिवार से जुड़े हैं, आपको कुछ भी करने से पहले सोचना चाहिए। बड़ी ताकत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। आप दुनिया के किसी कोने सोफा पर में बैठे हैं और चाहते हैं कि आजकल जो चल रहा है, उसमें आपका नाम भी शामिल हो।

खुशी है कि वो रिटायर्ड हैं। मैं उन्हें पत्र जरूर लिखूंगा। सैम पित्रोदा ने जो कहा वो बकवास है। वो राजीव गांधी के करीबी थे। थोड़ा जिम्मेदार होना था। राहुल-प्रियंका मेहनत कर रहे हैं, लेकिन इस बयान के बाद भाजपा को बेवजह का मुद्दा मिल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024