Headlines

सैम पित्रोदा का ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा:कहा था- भारत में ईस्ट वाले चीनी, साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं; कांग्रेस ने किनारा किया

पित्रोदा ने अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में ये बयान दिया, जिसके बाद विपक्ष ने उनकी आलोचना की है।

लोकसभा चुनाव के बीच विवादित बयानबाजी को लेकर घिरे कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया। इसकी जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने दी। उन्होंने X पर लिखा- पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

दरअसल, सुबह पित्रोदा का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे कह रहे हैं कि भारत में ईस्ट के लोग चाइनीज और साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं। ये बयान सामने आने के कुछ ही देर बाद कांग्रेस ने इससे किनारा कर लिया।

कांग्रेस ने कहा कि भारत की विविधता की ये परिभाषा मंजूर नहीं है। यह गलत है। इससे पहले पित्रोदा ने विरासत टैक्स का मुद्दा उठाया था, जिससे राहुल ने किनारा कर लिया था।

पित्रोदा का इंटरव्यू, भारत में हर कोई थोड़ा-बहुत समझौता करता है
सैम पित्रोदा ने अंग्रेजी अखबार द स्टेट्समैन को दिए एक इंटरव्यू में विविधता पर बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘हम 75 साल बहुत खुशहाल माहौल में रहे हैं। लोग इधर-उधर के झगड़ों को छोड़कर एक साथ रहते थे। हम भारत जैसे विविधता वाले देश को एक साथ रख सकते हैं। यहां हम सभी भाई-बहन हैं।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा- हम सभी अलग-अलग भाषाओं, धर्मों, रीति-रिवाजों और खाने का सम्मान करते हैं। यही वह भारत है जिसमें मैं विश्वास करता हूं, जहां हर किसी के लिए एक जगह है। यहां हर कोई एक-दूसरे के लिए थोड़ा-बहुत समझौता करता है।’

प्रधानमंत्री बोले- मेरा मन गुस्से से भर गया है
पित्रोदा का यह बयान सुबह जब बयान सामने आया, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेलंगाना के वारंगल में सभा कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘शहजादे के फिलॉसफर ने चमड़ी के आधार पर देशवासियों का अपमान किया। गाली दी।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज मैं बहुत गुस्से में हूं। लोग मुझे गाली दें तो मैं गाली सह लेता हूं; लेकिन शहजादे के फिलॉसफर ने इतनी बड़ी गाली दी है कि मेरे मन में गुस्सा भर गया है।’

मोदी ने कहा, ‘क्या मेरे देश में चमड़ी का रंग देखकर लोगों की योग्यता तय होगी। चमड़ी के रंग का खेल खेलने का हक शहजादे को किसने दिया है। संविधान सर पर लेकर नाचने वाले लोग मेरे देश का अपमान कर रहे हैं।’

4 राजनीतिक दलों ने पित्रोदा के बयान पर क्या कहा…

जयराम रमेश (कांग्रेस): सैम पित्रोदा ने भारत की विविधताओं की जो उपमाएं दी हैं, वह गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।

संजय सिंह (AAP): जहां तक सैम पित्रोदा के बयान का सवाल है, उस तरह के बयान का कहीं दूर-दूर तक INDIA गठबंधन का कोई भी व्यक्ति समर्थन नहीं करता है।

प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना UBT): मैं उनके बयान से सहमत नहीं हूं। लेकिन क्या वह घोषणापत्र समिति के सदस्य हैं, कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं और क्या वह इसी देश में रहते हैं? वह विदेश में रहते हैं। उनके मुद्दों को देश का मुद्दा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सुधांशु त्रिवेदी (भाजपा): सैम पित्रोदा ने भारत, भारतीय संस्कृति, भारत की पहचान और यहां के लोगों की पहचान पर आपत्तिजनक बयान दिया है। ऐसा लगता है कि यह विषय केवल चुनाव या राजनीति तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भारत के अस्तित्व से जुड़ा है, क्योंकि अब भारत के अस्तित्व पर सीधा सवाल उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024