जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के पम्पोर में बुधवार (8 मई) देर शाम झेलम नदी में एक नाव डूब गई। नाव पर 9 गैर-कश्मीरी लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोगों को बचा लिया गया। हालांकि, दो लोग लापता हैं। दोनों UP के रहने वाले हैं। इनकी तलाश में कल रात से सर्च ऑपरेशन जारी है।
SDRF, पुलिस प्रशासन और पैरामिलिट्री फोर्सेज रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं। पुलवामा के डिप्टी कमिश्नर डॉ बशारत कयूम ने बताया कि नदी में तेज बहाव के चलते रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, सभी टीमें लापता लोगों का पता लगाने की पूरी कोशिश में जुटी हैं।
घटना की वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नदी के तेज बहाव में नाव डूबते हुए नजर आई। पुलिस ने बताया कि सभी लोग हटीवाड़ा के खेतों में मजदूरी करते थे। वे शाम को काम खत्म करके वापस लौट रहे थे, जब ये हादसा हुआ। उन्होंने काकापोरा ब्रिज के बजाय नाव से नदी पार करने का शॉर्टकट रास्ता चुना था।
एक महीने के भीतर झेलम में नाव हादसे की दूसरी घटना
कश्मीर में एक महीने के भीतर झेलम नदी में नाव हादसे की ये दूसरी घटना है। इससे पहले 16 अप्रैल को श्रीनगर में एक नाव झेलम में पलट गई थी। इस पर 15 लोग सवार थे। इनमें 7 स्कूली बच्चे और 8 लोग सवार थे।
हादसे में 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई। 6 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 3 लोग लापता हो गए। मौके पर मौजूद चश्मदीद ने बताया कि नाव आधे रास्ते आई और रस्सी टूट गई। इसके बाद नाव एक एंगल से टकरा गई। फिर उसमें बैठे लोग डूब गए। हमने एक लड़की, 2 लड़कों को बचाया। पूरी खबर यहां पढ़ें…
