Headlines

हरियाणा में चलती रोडवेज बस में ड्राइवर बेहोश:ई-रिक्शा-रेहड़ियों को कुचलती हुई बिजली खंभे से टकराई; बाल-बाल बची सवारियां

हरियाणा के चरखी दादरी में बुधवार को ड्राइवर चलती रोडवेज बस में बेहोश हो गया। लोहारू रोड पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ई-रिक्शा व रेहड़ियों को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल से टकरा गई। बस को बेकाबू देख सड़क पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि ई-रिक्शा में सवारियां नहीं थीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। बस ड्राइवर को चोट आई हैं।

रोडवेज के किलोमीटर स्कीम की एक बस नारनौल से चरखी दादरी आ रही थी।

युवक बोला- बस में कंडक्टर नहीं था

तौसीफ खान ने बताया कि वह अपने ठेले पर नारियल उतरवा रहा था। बस आगे से ई-रिकशा-बाइक, स्कूटी और रेहड़ी को टक्कर मारती हुई उसके ठेले की तरफ आई। इसके बाद बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। हादसे में उसका करीब 40-50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

बस में कोई कंडक्टर नहीं था। ड्राइवर के अलावा 3 से 4 लड़कियां ही थीं। उन्हें चोट नहीं आई है। जब लोगों ने ड्राइवर को संभाला तो वह बेहोश था। इसके बाद ऑटो में उसे अस्पताल ले गए।

हादसे से जुड़े PHOTOS…

दादरी में लोहारू रोड पर क्षतिग्रस्त बस।
दादरी में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस और टूटी पड़ी ई-रिक्शा।
रोडवेज की बस ने फल फ्रूट की रेहड़ियों को भी चपेट में ले लिया।
चरखी दादरी में बिजली खंभे से टकराई बस और मौके पर बिखरा पड़ा रेहड़ियों का सामान।

अधिकारी बोले-विभागीय जांच करेंगे
हादसे की सूचना मिलने के बाद रोडवेज सेक्शन ड्यूटी अधिकारी नवरत्न कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक सूचना में पता चला है कि ड्राइवर को चक्कर आने के कारण बस अनियंत्रित हुई है। मामले में विभागीय जांच की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024