Headlines

राजनाथ सिंह बोले- राहुल गांधी में आग नहीं:लेकिन कांग्रेस हिंदू-मुस्लिमों को बांटने की कोशिश कर आग से जरूर खेल रही हैL

राजनाथ सिंह लखनऊ लोकसभा सीट से 2024 का चुनाव लड़ रहे हैं। वे मौजूदा सरकार में रक्षा मंत्री हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी में कोई आग नहीं है, लेकिन कांग्रेस चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम को बांटने की कोशिश करके आग से जरूर खेल रही है। कांग्रेस धार्मिक आधार पर तनाव पैदा करके सामाजिक सौहार्द बिगाड़ रही है। मुस्लिमों को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है।

न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस के अलावा लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत, चीन से सीमा विवाद, पाकिस्तान के आतंकवाद और PoK पर कब्जे को लेकर भी बात की।

उन्होंने दावा किया कि जम्मू कश्मीर में जल्द ही हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे, साथ ही वहां विधानसभा चुनाव भी होंगे, हालांकि इसका समय गृह मंत्रालय तय करेगा।

रक्षामंत्री के बयान की 6 बातें…

  • कांग्रेस केवल सत्ता में आने वाली राजनीति न करे : राजनाथ ने कहा कि मेरा कांग्रेस के लिए एक सुझाव है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए। राजनीति का मकसद राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। हमारी सरकार तीसरी बार आती है तो समान नागरिक संहिता (UCC) और एक देश एक चुनाव लागू करेंगे।
  • कांग्रेस की वेल्थ डिस्ट्रीब्यूशन योजना देश के लिए घातक : राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के वेल्थ डिस्ट्रीब्यूशन योजना को देश के लिए घातक बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाओं से देश की अर्थव्यवस्था के लिए विनाशकारी परिणाम होंगे। इससे मंदी आएगी और निवेशकों का भारत पर से भरोसा उठ जाएगा। अर्जेंटीना और वेनेजुएला ने इसे लागू किया और विनाशकारी परिणाम भुगतने पड़े।
  • PM नरेंद्र मोदी पर देश को भरोसा, हम 400 पार सीटें लाएंगे : राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश को भरोसा है। उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 400 सीटों को पार कर जाएगा और भाजपा को 370 से अधिक सीटें मिलेंगी। ये अनुमान जमीनी स्थिति के विस्तृत जायजा लेने के बाद लगाए गए हैं।
  • केरल में खाता खुलेगा, उत्तर प्रदेश और बंगाल में सीटें बढ़ेंगी : राजनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हमारी सीटें बढ़ेंगी और हमें तमिलनाडु में कुछ सीटें मिलेंगी। केरल में भी हमारा खाता खुलेगा। हम आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अच्छी संख्या में सीटें जीत रहे हैं। हम ओडिशा, झारखंड और असम में अपनी सीटें बढ़ाएंगे। हम छत्तीसगढ़ में जीत हासिल कर रहे हैं।
  • जम्मू कश्मीर में जल्द चुनाव होंगे, समय तय नहीं : राजनाथ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जमीनी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। एक समय आएगा जब यहां AFSPA (सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम) की जरूरत नहीं होगी। हालांकि मामला गृह मंत्रालय के अधीन है, इसलिए निर्णय भी उन्हें ही लेना है। मेरा मानना है कि वहां जल्द ही विधानसभा चुनाव होंगे। लेकिन अभी कोई तय समय नहीं बताया जा सकता।
  • पाकिस्तान को आतंकवाद रोकना होगा : रक्षा मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के छद्म युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इस्लामाबाद को सीमा पार आतंकवाद को रोकना होगा। उन्होंने कहा- वे भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं और हम ऐसा नहीं होने देंगे। भारत कहता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ एक सामान्य पड़ोसी जैसे संबंधों की इच्छा रखता है। आतंक और दोस्ती एक साथ नहीं हो सकती है। अच्छे संबंधों के लिए इस्लामाबाद को आतंक की घटनाओं पर रोक लगानी होगी।
  • PoK पर हमला करके कब्जा करने की जरूरत नहीं: राजनाथ ने कहा- पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (POK) पर भारत को हमले की जरूरत नहीं है। वहां के लोग खुद भारत में शामिल होना चाहते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि POK हमारा था, है और हमारा ही रहेगा। मुझे लगता है कि भारत को कुछ नहीं करना पड़ेगा। जिस तरह से जम्मू-कश्मीर में जमीनी हालात बदले हैं। आर्थिक प्रगति हो रही है और शांति लौटी है। मुझे लगता है कि POK के लोगों की ओर से मांग उठेगी कि वे भारत के साथ रहना चाहते हैं।

कांग्रेस पर पिछले दिनों रक्षा मंत्री के कमेंट…

बड़वानी में कहा था- कांग्रेस डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़वानी में कहा था कि जिस तरह पूरी दुनिया से डायनासोर विलुप्त हो गए, मुझे लगता है कांग्रेस भी वैसे ही विलुप्त हो जाएगी। सालों बाद बच्चों के सामने इनका नाम लेंगे तो बच्चे भी पूछेंगे कि कौन कांग्रेस। रक्षा मंत्री बड़वानी में खरगोन लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल के समर्थन में सभा करने पहुंचे थे। पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024