Headlines

कर्नाटक सेक्स स्कैंडल- एचडी रेवन्ना ने अग्रिम जमानत मांगी:स्पेशल कोर्ट में आज सुनवाई होगी; प्रज्वल पर दूसरी FIR दर्ज

कर्नाटक सेक्स स्कैंडल- एचडी रेवन्ना ने अग्रिम जमानत मांगी:स्पेशल कोर्ट में आज सुनवाई होगी; प्रज्वल पर दूसरी FIR दर्ज

बेंगलुरु2 घंटे पहले
एचडी रेवन्ना होलेनरसिपुरा के मौजूदा विधायक हैं।2004 से लगातार इस सीट से जीत हासिल कर रहे हैं। इससे पहले 1994 में भी वो यहां से विधायक रह चुके हैं। (फाइल फोटो)

कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना ने गुरुवार को स्पेशल कोर्ट में यौन उत्पीड़न मामले में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई आज होगी। इस मामले में उनके बेटे प्रज्वल रेवन्ना भी आरोपी हैं।

28 अप्रैल को पुरानी हाउसमेड की शिकायत के बाद हासन के होलेनरासीपुर थाने में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था। इस शिकायत के बाद प्रज्वल के करीब 200 से ज्यादा वीडियो सामने आए।

यह दावा किया गया है कि वायरल वीडियो में दिख रहीं महिलाएं खुद को छोड़ने की गुहार लगाती हुई रो रही हैं और प्रज्वल वीडियो शूट कर रहे हैं।

इधर, मामले की जांच कर रही SIT ने गुरुवार को ही प्रज्वल के खिलाफ एक और FIR दर्ज की है। FIR में सिर्फ प्रज्वल रेवन्ना को ही आरोपी बनाया गया है।

प्रज्वल रेवन्ना को लुकआउट नोटिस जारी
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ विशेष जांच दल (SIT) ने गुरूवार को लुकआउट नोटिस जारी किया। यह नोटिस प्रज्वल की उस अपील के बाद आया है, जिसमें उन्होंने SIT के सामने हाजिर होने के लिए समय मांगा था।

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि 7 दिन का समय देने का प्रावधान ही नहीं है, अगर वे 24 घंटे में पूछताछ के लिए हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी गिरफ्तारी भी संभव है।

प्रज्वल ने बुधवार 1 मई को X पर एक पोस्ट में लिखा था- मैं जांच में शामिल होने के लिए बेंगलुरु में नहीं हूं, इसलिए मैंने अपने वकील के जरिए CID बेंगलुरु को बता दिया है। सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।

कर्नाटक के CM ने PM मोदी को लेटर-प्रज्वल को भारत लाने में मदद करें
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में बुधवार 1 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा। उन्होंने कहा कि प्रज्वल रेवन्ना पर जो गंभीर आरोप लगे हैं, उनके बारे में आपको पता ही होगा। उन पर जो भी आरोप लगे हैं, वे शर्मनाक और देश को दहला देने वाले हैं। केंद्र सरकार फरार सांसद को वापस लाने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए।

CM ने आगे लिखा कि सांसद और NDA उम्मीदवार प्रज्वल 27 अप्रैल को देश छोड़कर विदेश भागे। ऐसा पता चला है कि वे डिप्लोमैटिक पासपोर्ट के जरिए यात्रा कर रहे हैं। केंद्रीय विदेश मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्रालय को प्रज्वल रेवन्ना का डिप्लोमैटिक पासपोर्ट रद्द करने के निर्देश दें।

सिद्धारमैया ने लेटर में यह भी कहा कि फिलहाल मामले की जांच SIT मामले की जांच कर रही है। उन्हें देश में वापस लाना बहुत जरूरी है, ताकि वे कानून के हिसाब से जांच का सामना करें।

आरोपों के बीच प्रज्वल ने पहली बार पोस्ट किया

स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 30 अप्रैल को नोटिस जारी किया। जिसमें एचडी रेवन्ना और प्रज्वल को जांच के लिए SIT के सामने पेश होने कहा गया। नोटिस जारी होने के बाद प्रज्वल रेवन्ना ने सोशल मीडिया पर लिखा- मैं पूछताछ में शामिल होने के लिए बेंगलुरु में नहीं हूं, इसलिए मैंने अपने वकील के माध्यम से CID बेंगलुरु को सूचित कर दिया है। सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।

​​​​​​​SIT जांच तक प्रज्वल पार्टी से सस्पेंड
पूर्व मुख्यमंत्री और प्रज्वल के चाचा एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को जनता दल (सेक्युलर) कोर कमेटी की बेंगलुरु में मीटिंग की। इसमें प्रज्वल रेवन्ना को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया। प्रज्वल हासन से पार्टी के मौजूदा सांसद और लोकसभा के कैंडिडेट भी हैं। हासन में 26 अप्रैल को सेकेंड फेज में वोटिंग हुई थी। इसके बाद प्रज्वल जर्मनी चले गए।

कुमारस्वामी ने कहा- प्रज्वल का सस्पेंशन SIT जांच पूरी होने तक है। मैंने गलत करने वाले का कभी बचाव नहीं किया, लेकिन इस विवाद में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का नाम लेना गलत है। कांग्रेस हमारे परिवार में फूट डालने की कोशिश कर रही है।

सेक्स स्कैंडल के केस में प्रियंका गांधी ने PM से सवाल पूछा
प्रियंका गांधी ने X पर पोस्ट में लिखा- जिस नेता के कंधे पर हाथ रखकर PM फोटो खिंचवाते हैं। जिस नेता का चुनाव प्रचार करने 10 दिन पहले खुद जाते हैं। मंच पर उसकी तारीफ करते हैं। आज कर्नाटक का वह नेता देश से फरार है। उसके अपराधों के बारे में सुनकर ही दिल दहल जाता है। सैकड़ों महिलाओं का जीवन जिसने तहस-नहस कर डाला। मोदी जी क्या अब भी आप चुप रहेंगे?

प्रज्वल के पिता बोले- जो वीडियो रिलीज हुए, वे 4-5 साल पुराने
प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना ने कहा कि मैं नहीं जानता ये कैसा षड्यंत्र रचा गया है। मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो आसानी से डर कर भाग जाऊं। उन्होंने जो वीडियो रिलीज किए हैं, वे 4-5 साल पुराने हैं। ​​​​जांच होने दीजिए। पिछले 40 साल में कांग्रेस की सरकार में हमने कई जांच का सामना किया है।

पीड़ित महिला बोली- प्रज्वल के डर से हम स्टोर में छिप जाते थे
रेवन्ना और प्रज्ज्वल के खिलाफ FIR करवाने वाली महिला ने कहा कि वह रेवन्ना की पत्नी भवानी की रिश्तेदार है। उसका आरोप है कि मेड की नौकरी करने के चार महीने में ही रेवन्ना ने मुझे परेशान करना शुरू कर दिया। पत्नी जब भी बाहर होतीं, रेवन्ना किसी न किसी बहाने मुझे कमरे में बुलाते और गलत तरीके से छूते।

प्रज्वल का ऐसा खौफ था कि उनके आते ही हम स्टोर में छिप जाते थे। प्रज्वल मेरी बेटी को वीडियो कॉल कर अश्लील बात करता था। महिला ने अपने और परिवार की जान को खतरा भी बताया है।पुलिस ने महिला की शिकायत पर धारा 354ए, 354डी, 506, 509 में केस दर्ज किया है। पीड़िता ने रेवन्ना और प्रज्वल पर 2019 से 2022 तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।

वीडियो सामने आने की एक कहानी ये भी

  • प्रज्वल रेवन्ना के पूर्व कार ड्राइवर कार्तिक और भाजपा नेता जी देवराज गौड़ा ने एक-दूसरे पर अश्लील वीडियो लीक करने का आरोप लगाया है। एक वीडियो मैसेज में कार्तिक ने कहा कि वह पिछले 15 साल से प्रज्वल के साथ काम कर रहा था। पिछले साल उसने काम छोड़ दिया।
  • कार्तिक ने बताया कि प्रज्वल ने उसकी जमीन हथिया ली और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। मुझे भी प्रताड़ित किया गया। इसके बाद मैंने नौकरी छोड़कर अपनी जमीन वापस पाने के लिए लड़ाई शुरू कर दी।
  • कार्तिक देवराज गौड़ा के पास भी गया। देवराज ने 2023 का विधानसभा चुनाव होलेनरसिपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लड़ा था और रेवन्ना से हार गए थे। कार्तिक ने फोटो-वीडियो पर लगा स्टे हटाने का वादा कर एक कॉपी ले ली और इसे वायरल कर दिया।
  • आरोपों को खारिज करते हुए देवराज गौड़ा ने कहा कि कार्तिक हासन से कांग्रेस के उम्मीदवार श्रेयस पटेल के साथ घूम रहे थे। न तो जेडी(एस) और न ही भाजपा वीडियो जारी करेगी, क्योंकि यह NDA गठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ जाएगा और कांग्रेस को फायदा पहुंचेगा।
  • देवराज गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार (श्रेयस पटेल) ने अपने फायदे के लिए वीडियो में दिख रही महिलाओं की अस्मिता को गिरवी रखा। उन्होंने कहा कि वह SIT के नोटिस का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें वह महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी करेंगे। कांग्रेस नेता उसी गड्ढे में गिरेंगे, जो उन्होंने दूसरों के लिए खोदा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024