Headlines

मोदी बोले- पाकिस्तान चाहता है कांग्रेस का शहजादा प्रधानमंत्री बने:गुजरात में कहा- यहां कांग्रेस मर रही तो वहां पाकिस्तान रो रहा

मोदी बोले- पाकिस्तान चाहता है कांग्रेस का शहजादा प्रधानमंत्री बने:गुजरात में कहा- यहां कांग्रेस मर रही तो वहां पाकिस्तान रो रहा

अहमदाबाद18 मिनट पहले
PM मोदी गुजरात के दो दिन के दौरे पर हैं। आज उनकी आणंद, सुरेंद्रनगर, जूनागढ और जामनगर में जनसभाएं हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। गुरुवार को PM ने आणंद की जनसभा में कहा, ‘भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। यहां कांग्रेस मर रही है तो वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए पाकिस्तान के आका दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। पाकिस्तान और कांग्रेस की यह पार्टनरशिप पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।’

मेरा मुख्यमंत्रित्व काल क्षत्रिय समाज के आगे कुछ नहीं
वहीं, पीएम ने जामनगर की जनसभा में रूपाला के बयान के चलते बीजेपी से नाराज क्षत्रियों को साधने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा, हमारे देश के राजा-महाराजाओं ने अखंड भारत के निर्माण के लिए अपनी रियासतें दे दीं। देश उनके योगदान को कभी भूल नहीं सकता।

आगे कहा, आज जब मैं जामनगर आया तो कई पुरानी यादें ताजा हो गईं। एक बार बहुत महत्वपूर्ण घटना घटी थी भूचरमोरी के युद्ध को लेकर। मुझे हमारे क्षत्रिय समुदाय के नेताओं ने आमंत्रित किया था। तभी किसी ने मेरे कान में कहा, सर हम निमंत्रण देने आए हैं लेकिन आप मत आना। क्योंकि,

ऐसी मान्यता है कि भूचरमोरी के यहां जो भी मुख्यमंत्री आता है, वह अपना पद खो देता है। इसलिए कोई भी मुख्यमंत्री वहां नहीं जाता। तब मैंने उससे कहा था कि मेरे क्षत्रिय समाज के इस बलिदान के सामने मेरे मुख्यमंत्री पद का कोई महत्व नहीं है। मैं आऊंगा और मैंने आकर बहुत खुशी से उस कार्यक्रम का स्वागत किया। आज फिर से मैं जामनगर की ढेर सारी यादें लेकर आ गया।

जामनगर के महाराजा जाम साहब श्री शत्रुसल्यसिंहजी ने पगड़ी पहनाकर पीएम मोदी का स्वागत किया।

रॉन्ग डिलीवरी करने वाली पार्टी है कांग्रेस
मोदी ने सुरेंद्रनगर में अपनी दूसरी जनसभा में कहा- कांग्रेस हमेशा रॉन्ग डिलीवरी करने वाली पार्टी रही है। देश को आजादी दिलवाने की जगह उन्होंने देश को ही विभाजित कर दिया। देश का विकास करने के बजाय उन्होंने जो कुछ था, उसे ही लूट लिया। गरीबों का पैसा कांग्रेस के खजाने में पहुंच गया। आज ये पार्टी राम और शिव भक्तों को आपस में लड़ाना चाहती है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भगवान राम और भगवान शिव को लेकर एक खतरनाक बयान दिया था। ये हिंदू समाज को बांटने का खेल खेल रहे हैं। राम भक्तों और शिव भक्तों को आपस में लड़ाना चाहते हैं, लेकिन हमारी हजारों साल की महान परंपरा को कोई नहीं तोड़ सकता। मुगल नहीं तोड़ पाए तो अब कांग्रेस हमें तोड़ना चाहती है।

पाकिस्तान के हाथों में आज भीख का कटोरा
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में आतंकवाद का टायर पंक्चर हो गया है। जो देश कभी आतंक एक्सपोर्ट करता था, आज वह आटे के इम्पोर्ट के लिए दर-दर भटक रहा है। कभी जिसके हाथ में बम-गोला होता था, उसके हाथ में आज भीख का कटोरा है। कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी, लेकिन मोदी की मजबूत सरकार देखिए, डोजियर देने में टाइम खराब नहीं करती, आतंकियों को घर में घुसकर मारती है।’

कश्मीर से 370 हटाकर सरदार साहब को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस के शहजादे माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं, लेकिन जरा कांग्रेस मुझे जवाब दे, जिस संविधान को माथे पर रखकर नाच रहे हो, तो वहीं संविधान 75 साल तक पूरे देश में लागू क्यों नहीं होता था। मोदी के आने से पहले देश में दो संविधान, दो झंडे और दो प्रधानमंत्री हुआ करते थे।

कश्मीर में संविधान लागू नहीं होता था क्योंकि धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी, लेकिन गुजरात से दिल्ली पहुंचे आपके इस बेटे ने धारा 370 को खत्म किया और सरदार साहब को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि दी। मैंने गुजरात में सिर्फ सरदार साहब का सबसे बड़ी स्टेच्यू बनाकर ही नहीं, बल्कि कश्मीर में तिरंगा फहराकर, सरदार साहब के सपने को पूरा किया है।

गरीबों ने कांग्रेस ही छोड़ दी
‘आधी रोटी खाएंगे, इंदिरा लाएंगे’ कहने वाले आज कांग्रेस छोड़ चुके हैं। नेहरू के समय से कांग्रेस की रिमोट सरकार चल रही थी। आपने सारे चुनावी रिकॉर्ड निकाल दिए। हर मीटिंग में एक ही जुमला बोला जाता था, बेचारा, गरीब..गरीब…गरीब। दरअसल ये उनका खेल था, लेकिन जब से मोदी ने गरीबों की सुध लेनी शुरू की, गरीबों ने कांग्रेस ही छोड़ दी।

मुस्लिमों को आरक्षण देना चाहती है कांग्रेस
PM ने कहा, ‘आज कांग्रेस कहती है कि ‌‌BJP 400 सीटें इसलिए मांग रही है, जिससे कि आरक्षण खत्म कर सके। जबकि खुद ही धर्म के आधार पर ST, SC, OBC और पिछड़े वर्ग को मिले आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देना चाहती है।

ये लोग कर्नाटक में यह प्रयोग कर चुके हैं। कर्नाटक में रातों-रात सभी मुस्लिमों को OBC घोषित कर उन्हें 5 प्रतिशत आरक्षण दे दिया। ये लोग ऐसा पूरे देश में करना चाहते हैं, लेकिन यह BJP की गारंटी है कि जब तक BJP है, जब तक मोदी है, SC, ST, OBC और सामान्य वर्ग के गरीब लोगों को जो आरक्षण मिला है, वह कोई नहीं छीन सकता। धर्म के आधार पर इस आरक्षण को छूने की किसी को परमिशन नहीं दी जाएगी।’

7 मई को 25 सीटों पर होगी वोटिंग
आगामी 7 मई को तीसरे फेज में गुजरात की 26 में से 25 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। इसका कारण यह है कि गुजरात की सूरत लोकसभा सीट निर्विरोध BJP के खाते में आ चुकी है। यहां से BJP के मुकेश दलाल के निर्विरोध चुन लिया गया है।

सभी सीटों पर है BJP का कब्जा
2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में BJP ने गुजरात की सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भी पार्टी क्लीन स्वीप के टार्गेट के साथ आगे बढ़ रही है। राज्य में कांग्रेस 24 सीटों पर लड़ रही है। इनमें सूरत की सीट शामिल थी। कांग्रेस से गठबंधन के तहत AAP ने दो सीटों भरूच और भावनगर में अपने कैंडिडेट उतारे हैं।

PM ने कल कहा था- शहजादे का कहना है मोदी फिर आए तो देश में आग लग जाएगी
बुधवार को PM मोदी ने बनासकांठा के डीसा और साबरकांठा के हिम्मतनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर, तीन तलाक और आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। हिम्मतनगर में उन्होंने कहा- ‘कांग्रेस के शहजादे कहते हैं कि मोदी तीसरी बार देश में आए तो देश में आग लग जाएगी, लेकिन सच में कांग्रेस के सपने इस आग में राख हो गए हैं।’

मोदी की कल की स्पीच की मुख्य बातें…

  • कांग्रेसी कह रहे थे कि राम मंदिर बना तो देश में आग लग जाएगी। राम मंदिर बन गया और कहीं कुछ नहीं हुआ। देश में कहीं आग नहीं लगी। आग तो कांग्रेस के दिल में लगी थी और इस आग को कोई बुझा नहीं सकता।
  • शहजादे ने एक केस को लेकर कहा था कि मैंने सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना कर कानून पारित किया। जबकि मैंने चुनाव के लिए नहीं, बल्कि अपनी मुस्लिम बेटियों की रक्षा के लिए तीन तलाक खत्म किया। इसलिए कांग्रेस के शहजादे को बुखार हो रहा है।
  • आज कांग्रेस कहती है कि BJP 400 सीटें इसलिए मांग रही है, जिससे कि आरक्षण खत्म कर सके। जबकि धर्म के आधार पर कांग्रेस ही SC, ST, OBC और पिछड़े वर्ग को मिले आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देना चाहती है। कर्नाटक में रातों-रात सभी मुस्लिमों को OBC घोषित कर उन्हें 5 प्रतिशत आरक्षण दे दिया।
  • पहले चरण में इंडी गठबंधन पस्त हुआ और दूसरे चरण में ध्वस्त हो गया। ये लोग मुहब्बत की दुकान चलाने निकले थे, लेकिन दुकान में फेक वीडियो बनाने का काम शुरू कर दिया। इन लोगों ने इतने साल देश पर राज किया। फिर भी आज इनकी लोगों के सामने जाने की हिम्मत नहीं है। इसीलिए अब ये फेक वीडियो बना रहे हैं।
  • मैं आपके बिजली और पेट्रोल बिल जीरो करना चाहता हूं। यह बात हवा में नहीं कह रहा, हमारे पास इसकी योजना है। हम PM सूर्यजल के तहत पैसा देंगे, जिससे आप सौर ऊर्जा की मदद से बिजली पैदा कर सकेंगे। सरकार बिजली खरीदेगी और इससे आपकी कमाई भी होगी। यह इलेक्ट्रिक वाहनों का युग है। आपके घर में बिजली होने से आपकी गाड़ी चार्ज हो जाएगी और एक भी रुपया खर्च नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024