प्रधानमंत्री मोदी चुनाव प्रचार के कर्नाटक के बागलकोट में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान मोदी ने कहा- कांग्रेस ने कर्नाटक को लूट का ATM बना दिया है। कांग्रेस के शहजादे कहते हैं कि एक सेकेंड में गरीबी मिटा देंगे। इनकी 60 साल तक सरकार थी, तब क्यों नहीं हटाई ।
मोदी ने कहा- कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में गरीबों की चिंता नहीं की थी। उन्होंने करोड़ों लोगों को बदहाली का जीवन जीने के लिए मजबूर कर रखा था। कांग्रेस के समय 18 हजार गांव के करोड़ों लोग अंधेरे में जिंदगी गुजारते थे। रात होते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता था। कितनी पीढ़ियों तक बच्चों को पढ़ाई के लिए रोशनी नहीं मिली।
मोदी को अवसर दिया गया तो हमने गांव तक बिजली पहुंचाने का संकल्प पूरा किया। उस समय ये मजाक उड़ाते थे कि पहाड़, जंगल से गुजरकर गांव तक बिजली कैसे पहुंचेगी। अब मोदी ने 75 फीसदी से ज्यादा घरों तक पानी पहुंचा दिया। 5 साल में 11 करोड़ कनेक्शन दिए।
कांग्रेस को गरीब और वंचितों की रत्ती भर चिंता नहीं होती थी। कांग्रेस का यही रवैया हमारे बॉर्डर के गांवों को लेकर रहा। जानबूझकर उन्हें विकास से वंचित रखा गया। मोदी सरकार ने सीमा पर बसे गांवों को आखिरी गांव नहीं, पहला गांव कहा और विकास किया।
बागलकोट के बाद मोदी महाराष्ट्र के पुणे, सातारा, सोलापुर में भी जनसभाएं करेंगे। इससे पहले मोदी ने 28 अप्रैल (रविवार) को भी कर्नाटक के बेलगावी, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और बेल्लारी में चार सभाएं की थीं।
वहीं, महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्य सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने दावा किया कि मोदी की सभा में 2 लाख लोग जुटेंगे। इस रैली में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम अजित पवार (NCP शिंदे गुट), डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत कई नेता शामिल होंगे। साथ ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित भी मौजूद रहेंगे।
कर्नाटक में मोदी की पिछली सभाओं के 5 पॉइंट…
1. कोरोना वैक्सीन से लेकर EVM तक हर चीज पर सवाल उठाए
भारत जब मजबूत होता है तो हर भारतीय खुश होता है लेकिन कांग्रेस देशहित से इतना दूर हो चुकी है कि उसे देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। भारत की हर सफलता पर उन्हें शर्म आने लगी है। उन्होंने EVM के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की।
2. हुबली कॉलेज में हत्या हुई, कांग्रेस ने यहां भी तुष्टिकरण कियाPM ने हुबली के एक कॉलेज में 18 अप्रैल को कांग्रेस पार्षद की बेटी नेहा की हत्या की भी चर्चा की। नेहा को सरेआम फयाज ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा- हुबली में कॉलेज कैंपस में जो हुआ उसने देश में भूचाल ला दिया है, उस बेटी का परिवार एक्शन की मांग करता रहा लेकिन कांग्रेस की सरकार तुष्टिकरण के दबाव को ही प्राथमिकता देती है। उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है।
3. कांग्रेस के शहजादे हमारे राजा-महाराजाओं को अत्याचारी कहते हैं
कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि भारत के राजा, महाराजा अत्याचारी थे, वे गरीबों की जमीन छीन लेते थे। कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी चिनम्मा का अपमान किया है। कांग्रेस के शहजादे का बयान सोच-समझकर वोट बैंक की राजनीति करने के लिए, तुष्टीकरण के लिए दिया गया बयान है।
4. आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है
कांग्रेस आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है। क्या आप अपनी मेहनत की कमाई किसी को दे देना चाहेंगे? क्या आप कांग्रेस को अपना मंगलसूत्र हड़पने देंगे? नहीं! क्या कोई ‘पंजा’ आपकी संपत्ति लूट सकता है? नहीं। मैं कांग्रेस को सचेत करना चाहता हूं – ये मंसूबे छोड़ दीजिए।
5. इस सरकार को कोई झुका नहीं सकता
भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, कुछ देशों को ये पसंद नहीं आ रहा। वे यही चाहते हैं कि सरकार कमजोर हो। कमजोर सरकार में ये लोग अपने हिसाब से जो भी काम निकलवाना होता है, बिना झिझक निकाल लेते हैं। कांग्रेस को भी इसमें करप्शन की खुली छूट रहती थी। तुम भी कमाओ, मैं भी कमाऊं। भाजपा की मजबूत सरकार ऐसे लोगों के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। उनकी चिंता ये है कि ये ऐसी सरकार है, जो झुकती नहीं है। ये ऐसी सरकार है, जिसे कोई झुका नहीं सकता।
