देश में लोकसभा चुनाव चल रहे हैं। दूसरे फेज की वोटिंग हो चुकी है। चुनाव प्रचार, बयानों और बयानों से निकले विवादों का दौर जारी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर में कहा कि मैं देश में कई जगहों पर जा चुका हूं। 7 में से 2 चरणों का यानी 190 सीटों पर चुनाव हो चुका है। इन 190 सीटों में से I.N.D.I. गठबंधन 120-125 सीटों पर जीत रहा है।
मान ने कहा कि सरकार में आम आदमी पार्टी (AAP) की हिस्सेदारी रहेगी। AAP के बिना नई सरकार नहीं बन सकती। AAP देश का भविष्य निर्धारित करेगी कि कैसे युवाओं को रोजगार मिलेगा, कैसे स्कूल, अस्पताल और बिजली का इन्फ्रास्ट्रक्चर बनेगा, कैसे देश नंबर-1 बनेगा।
मान ने ये भी कहा कि देश तभी नंबर-1 बनेगा, जब पंजाब नंबर-1 होगा। जब AAP को पंजाब की सभी 13 सीटें मिलेंगी, हमारा राज्य नंबर-1 हो जाएगा। तभी हर आदमी कहेगा कि हमने (पंजाब) पूरी तरह से सफाया कर दिया। हम यहां कमल नहीं खिलने देंगे।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में हथियार और गोला-बारूद मिलने पर राज्य के लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रविवार को कहा- ममता बनर्जी की सरकार में तृणमूल कांग्रेस के शेख शाहजहां जैसे असामाजिक तत्व संदेशखाली में महिलाओं के अस्तित्व के लिए खतरा बने हुए हैं। ममता बनर्जी की सरकार अराजकता फैला रही है।
नड्डा ने कहा- बंगाल में महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए गए जांच एजेंसियों के अधिकारियों पर हमला किया गया। संदेशखाली में तलाशी के दौरान, CBI को 3 विदेशी रिवॉल्वर, पुलिस द्वारा इस्तेमाल की गई 1 रिवॉल्वर, 1 विदेशी पिस्तौल, कई गोलियां और कारतूस भी बरामद किए गए। जनता आपको ममता बनर्जी को करारा जवाब देगी।
नड्डा के बयान पर TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा- क्या वे (जे.पी. नड्डा) मायने रखते हैं? वे प्रभावी नहीं हैं। वह अपना राज्य नहीं जीत सके। 294 में से सिर्फ एक निर्वाचन क्षेत्र में शेख शाहजहां हैं। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। हम बस इतना कहना चाहते हैं कि इस मामले में कानून को अपना काम करने दें।
