कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रविवार को ओडिशा पहुंचे। उन्होंने केंद्रपाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बीच गठबंधन है। PM मोदी ने केंद्र में 22-25 अरबपतियों की सरकार चलाई। वहीं काम ओडिशा में नवीन बाबू कर रहे हैं।
राहुल ने कहा- इसका पूरा का पूरा फायदा मुट्ठी भर लोगों का होता है और बाकी जनता देखती रह जाती है। तेलंगाना में भाजपा और BRS की शादी थी। वहां पर हर रोज उनकी बारात निकलती थी। कांग्रेस पार्टी ने तेलंगाना में दिखाया कि भाजपा और BRS एक हैं और अगर विपक्ष का कोई काम कर रहा है तो वो कांग्रेस पार्टी कर रही है।
ओडिशा में भी कुछ यही हाल है। ओडिशा में BJP-BJD की शादी हो चुकी है। ‘दिल्ली वाले अंकल’ और नवीन बाबू ने इस शादी में ओडिशा की जनता को ‘PAANN’ दिया है। PAANN मतलब… PA- पांडियन A- अमित शाह N- नरेंद्र मोदी N- नवीन पटनायक। इन्होंने मिलकर आपका धन चोरी किया है।
ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव
ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं। यहां लोकसभा की 21 सीटें हैं, जिन पर 13 मई, 20 मई, 25 मई, 1 जून को चौथे, पांचवें, छठे और सातवें फेज में चुनाव होगा। राज्य में विधानसभा की 147 सीटों के लिए 13 मई से 1 जून के बीच वोटिंग होगी। दोनों चुनावों के नतीजे 4 जून को आएंगे।
