Headlines

अमित शाह का वडोदरा में रोड शो:पोरबंदर में कहा, कश्मीर में 5 सालों में किसी ने पत्थर फेंकने की हिम्मत नहीं की

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात में तीन जनसभाएं की। इसके बाद शाम को वडोदरा में उनका रोड शो हुआ। इसकी शुरुआत रणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर रावपुरा से हुई और समापन मार्केट क्रास रोड पर हुआ।

5 सालों में किसी ने पत्थर फेंकने की हिम्मत नहीं की
इससे पहले आज सुबह उनकी पहली जनसभा पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र के कुमार छात्रालय में हुई। शाह ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ​​​​मोदीजी ने 5 अगस्त 2019 को कश्मीर से धारा 370 हटा दी।

जब मैं बिल लेकर खड़ा हुआ तो राहुल बाबा खड़े हो गए और बोले- धारा 370 हटाई तो खून की नदियां बहेंगी। लेकिन, ये मोदी सरकार है। खून की नदियां बहने की बात तो छोड़ दीजिए, पांच सालों में किसी की पत्थर फेंकने तक की हिम्मत नहीं हुई।

रोड शो की शुरुआत रणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर रावपुरा से हुई।

आतंकियों को घर में घुसकर मारा
शाह ने आगे कहा, पहले हर कभी आलिया-मालिया-जमालिया घुसपैठ कर देश पर हमला करते थे। पाकिस्तान भूल गया था कि अब भारत के प्रधानमंत्री गुजरात के नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। जब देश पर हमला हुआ तो सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के आतंकियों को घर में घुसकर मारा।

उन्होंने आगे कहा- अगर नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो वे देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से खत्म कर देंगे। पीएम मोदी सिर्फ देश को सुरक्षित करने का ही काम नहीं कर रहे, बल्कि जल्द ही भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बना देंगे।

पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र के कुमार छात्रालय में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह।

मोदी को तीसरी बार पीएम बनाएं: शाह
अमित शाह ने भरूच की जनसभा में कहा, मैं गुजरात से अपील करता हूं कि गांधी-सरदार के गुजरात को दुनिया में पहचान दिला रहे मोदी साहब को गुजरात की पूरी सीटें दिलाएं। सभी 25 सीटों पर कमल का बटन दबाकर कमल खिलाओ। नक्सलवाद और आतंकवाद हटाओ, गरीबी हटाओ और मोदी साहब को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाओ।

अगले 5 साल में गड्ढे भरने की नींव रखी जाएगी: शाह
हजारों वर्षों से हम सुनते आ रहे हैं कि हमारा भारत विश्व में महान था। मोदीजी का संकल्प है कि हम 2047 तक एक विकसित भारत बनाएंगे। 10 साल में मोदी साहब ने कांग्रेस का बनाए हुए गड्ढे भरने का काम किया है। अब अगले पांच सालों में इन गड्ढों पर निर्माण की नींव रखी जाएगी।

मोदी सरकार ने कच्छ में नर्मदा का पानी पहुंचाया
सौराष्ट्र में पानी की समस्या थी और यहां ट्रेन के जरिए गांधीनगर से पानी आता था। कांग्रेस सरकार ने सौराष्ट्र को जल संकट में धकेल दिया था। मोदी सरकार ने कच्छ में नर्मदा के रास्ते पीने का पानी पहुंचाया। यूपीए में 10 साल तक सोनिया मनमोहन की सरकार थी। गुजरात के साथ अन्याय करने के अलावा कुछ नहीं किया। नरेंद्र भाई ने 10 साल में सारा काम पूरा कर दिया। गुजरात को 5 लाख 95 हजार करोड़ रुपए दिए। कांग्रेस सरकार महात्मा गांधी और सरदार साहब का नाम भूल गई थी। सरदार का स्मारक बनाने का काम मोदी साहब ने किया है।

प्रियंका गांधी ने धरमपुर में की जनसभा
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता गुजरात में प्रचार करेंगे। प्रियंका गांधी ने आज वलसाड के धरमपुर में कांग्रेस कैंडिडेट अनंत पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर प्रचार का आगाज किया। प्रियंका गांधी इससे पहले मार्च 2019 में सीडब्ल्यूसी की बैठक में भाग लेने के लिए गुजरात आईं थी।

कांग्रेस के ये नेता भी आएंगे
इन दोनों नेताओं के अलावा आगामी दिनों में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व मंत्री अशोक गहलोत भी गुजरात में चुनाव प्रचार करेंगे। पूर्व सांसद अभिषेक मनु सिंघवी रविवार को अहमदाबाद में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।

गुजरात की 26 में से 25 सीटों (सूरत छोड़कर) के लिए 7 मई को होगा मतदान।

गुजरात में 7 मई को होगा मतदान
गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं, लेकिन वोटिंग अब 25 सीटों पर ही होना है। क्योंकि, सूरत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके हैं। ऐसे में बाकी 25 सीटों पर 7 मई को मतदान होगा। रिजल्ट 4 जून को आएगा।

दो टर्म से गुजरात में बीजेपी का दबदबा
पिछले दो टर्म यानी कि 2014 और 2019 में बीजेपी ने गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटें जीत रही है। इस बार राज्य में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने गठबंधन किया है। गठबंधन के तहत AAP गुजरात की भावनगर और भरूच सीट पर लड़ रही है, जबकि कांग्रेस ने 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024