प्रियंका बोलीं-एक अंकल जी दरबार लगाकर ज्ञान दे रहे हैं:कांग्रेस आएगी… मंगलसूत्र चुराएगी…किसी और को दे देगी; प्रधानमंत्री बकवास बातें करते हैं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को गुजरात के वलसाड में कांग्रेस कैंडिडेट अनंत पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका ने कहा- प्रधानमंत्री आजकल कह रहे कि कांग्रेस आएगी, आपका मंगलसूत्र चुराएगी और दूसरे को बांट देगी। आप क्या करेंगे…हंसेंगे न।
प्रियंका ने कहा- हमारे परिवार से दो-दो प्रधानमंत्री रहे हैं। जब मैं छोटी थी तो इंदिरा दादी और पिता राजीव गांधी के साथ घूमने जाती थी। मैं देखती थी कि उनके संसदीय क्षेत्र के लोग उन्हें काम को लेकर डांट देते थे, लेकिन वो नाराज नहीं होते थे, क्योंकि उनमें अहंकार नहीं था। मोदी को कोई कुछ बोल नहीं सकता।
कांग्रेस नेता ने कहा- जिस नेता में अहंकार होता है, उसका पतन निश्चित है। मोदी जी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन उनके पास गरीब जनता के लिए कुछ नहीं है। सरकार के पास जो है, वो अडाणी-अंबानी जैसे करोड़पतियों के लिए है।
प्रियंका ने कहा- इन्होंने हमारे परिवार को कितनी गाली दी। मां, पिता, दादी, दादा, परदादा, भाई, पति किसी को नहीं छोड़ा। कोई बात नहीं, करते रहें। 56 इंच का इनका सीना नहीं है। लोहे के सीने हैं हमारे। करते रहें लेकिन देश के सामने इस तरह के झूठ बोलना, इस स्तर पर आना। हमें कोई परवाह नहीं है।
प्रधानमंत्री बकवास बातें कर रहे
प्रियंका गांधी ने कहा कि आपने देखा होगा कि शादी में एक अंकल जी होते हैं, वे कोने में बैठ जाते हैं और दरबार लगाते हैं। अंकल जी सबको अपना ज्ञान देते रहते हैं। लोगों को भी लगता है कि अंकल जी कुछ नया लाएंगे।
आप कहीं चाय की दुकान, शादी में जाएं और ऐसे ही कोई अंकल जी कहें कि कांग्रेस की सरकार किसी एक्स-रे मशीन से घरों के बक्सों को चेक करेगी या महिलाओं के मंगलसूत्र को एक्स-रे से निकालकर चोरी कर लेगी तो आप क्या कहेंगे। आप यही कहेंगे न कि अंकल जी ‘बड़ी’ बात कह दी। आप इन बातों पर हंसते हैं न। आप यही कहते न कि अंकल कुछ नया सोचो।
देश के प्रधानमंत्री अपने पद की गरिमा का ध्यान न रखते हुए ऐसी बकवास बातें कर रहे हैं। प्रधानमंत्री सोचते हैं कि मेरे पास पद है, मैं कोई भी फिजूल की बात करूंगा और जनता उसे मान लेगी। जरा सोचिए, क्या कोई राजनीतिक दल एक्स-रे मशीन के जरिए आपके घर में घुसेगा और गहने निकालकर किसी और को दे देगा।
संविधान बदलना चाहती है भाजपा
प्रियंका ने कहा- भाजपा लोगों को कमजोर करने और उनके अधिकारों से वंचित करने के लिए संविधान को बदलना चाहती है। इसी संविधान ने हमें सभी अधिकार दिया है। भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है।
कांग्रेस नेता ने कहा- भाजपा ने लोकतंत्र को बचाने वाले संस्थानों को कमजोर किया है। जब हमारी सरकार थी, तो मीडिया हर रोज हमसे सवाल करती थी। किसी ने उन्हें रोका नहीं। जेल में नहीं डाला। आज पूरी मीडिया बिकी हुई है।
प्रियंका ने कहा- आज जिन-जिन राज्यों में हमारी सरकार है, वहां हमने अपनी सभी गारंटी को पूरा किया है। अगर आप फिर से मोदी सरकार लाएंगे तो आने वाले पांच साल में भी आपके जीवन में कोई बदलाव नहीं आएगा। कोई प्रगति नहीं होगी। आप जहां हैं, वहीं रहेंगे।
5 साल बाद गुजरात पहुंची प्रियंका
प्रियंका गांधी शनिवार को पांच साल बाद गुजरात पहुंची। इससे पहले वो मार्च 2019 में अहमदाबाद आई थीं। शनिवार को प्रियंका ने आदिवासी बहुल क्षेत्र वलसाड से कांग्रेस के प्रचार का आगाज किया।
यहां से कांग्रेसी कैंडिडेट अनंत पटेल ने 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले पार-नर्मदा-तापी नदी-जोड़ो परियोजना के खिलाफ एक विशाल विरोध आंदोलन का नेतृत्व किया था। इसी के चलते यहां कांग्रेस की नजर 15 प्रतिशत आदिवासी वोटरों पर है।
प्रियंका के अलावा आने वाले दिनों में राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व मंत्री अशोक गहलोत भी गुजरात में चुनाव प्रचार करेंगे।
गुजरात में 7 मई को होगा मतदान
गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। इनमें 25 सीटों पर 7 मई को मतदान होगा। रिजल्ट 4 जून को आएगा। सूरत सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके हैं। इसलिए यहां चुनाव नहीं होंगे।
दो टर्म से गुजरात में बीजेपी का दबदबा
पिछले दो टर्म यानी 2014 और 2019 में भाजपा ने गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटें जीती हैं। इस बार भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य में गठबंधन किया है। गठबंधन के तहत AAP गुजरात की भावनगर और भरूच सीट पर लड़ रही है, जबकि कांग्रेस ने 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
ये खबरें भी पढ़ें…
प्रियंका बोलीं- मेरी मां का मंगलसूत्र देश पर कुर्बान हुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलसूत्र पर बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, “मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश को कुर्बान हुआ है। अगर मोदी जी मंगलसूत्र का महत्व समझते तो ऐसी अनैतिक बातें नहीं करते। पूरी खबर पढ़ें…
प्रियंका बोलीं- मोदी 400 पार करते ही बदल देंगे संविधान
प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी 400 पार की बात कहते हुए संविधान बदलने की बात करते हैं। उन्होंने कहा अगर इन्हें बहुमत मिला, तो ये संविधान बदल देंगे, अधिकारों को छीन लेंगे, क्या ऐसी सरकार चाहिए, जो आपका संविधान ही बदल दे। पूरी खबर पढ़ें…
अजान होने पर प्रियंका ने भाषण रोका, महिलाओं से बोलीं- अस्सलामु अलैकुम
लोकसभा चुनाव के ऐलान के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को यूपी का पहला रोड शो सहारनपुर में किया। प्रियंका के भाषण के दौरान अजान शुरू हो गई, तो उन्होंने भाषण रोक दिया। मुस्लिम महिलाओं से अस्सलामु अलैकुम बोलीं। पूरी खबर पढ़ें…
