Headlines

लोकसभा चुनाव 2024:चुनाव आयोग से नोटिस के बावजूद नड्‌डा बोले- कांग्रेस ओबीसी-एससी-एसटी का हक छीनकर मुसलमानों को देना चाहती है

LIVE

लोकसभा चुनाव 2024:चुनाव आयोग से नोटिस के बावजूद नड्‌डा बोले- कांग्रेस ओबीसी-एससी-एसटी का हक छीनकर मुसलमानों को देना चाहती है

2 घंटे पहले

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर फिर से हमला किया है। नड्‌डा ने एक वीडियो जारी करके कहा- कांग्रेस और INDI गठबंधन का छुपा हुआ एजेंडा है कि SC, ST और OBC के अधिकारों को छीनना और मुसलमानों को देना है।

नड्‌डा का यह बयान तब आया है जब चुनाव आयोग ने पीएम मोदी के बयान को लेकर उन्हें नोटिस भेजा है और 29 अप्रैल तक जवाब मांगा है। पीएम मोदी ने बांसवाड़ा में 21 अप्रैल को कहा था कि कांग्रेस आपकी संपत्ति ज्यादा बच्चे वालों में बांट देगी।

यह पहली बार है जब चुनाव आयोग ने स्टार प्रचारक की जगह पार्टी अध्यक्षों को नोटिस जारी किया है। PM मोदी भाजपा और राहुल गांधी कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं। इस लिहाज से इनके भाषणों के लिए EC ने पार्टी अध्यक्षों को जिम्मेदार माना है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

नड्‌डा बोले- पीएम मोदी कहते हैं संसाधनों पर पहला हक गरीबों का
नड्‌डा बोले- कांग्रेस कहती है कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। मनमोहन सिंह ने यह बयान गलती से नहीं दिया था। उन्होंने जानबूझकर ऐसा किया क्योंकि अप्रैल 2009 में एक सवाल का जवाब देते हुए मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह अपने बयान पर कायम रहे।

मनमोहन ने कहा था कि अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुसलमानों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और देश के संसाधनों पर पहला अधिकार उनका होना चाहिए। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट के जरिए गलत बयानबाजी की गई और कहा गया कि मुसलमानों की हालत दलितों से भी बदतर है।

 

नड्‌डा ने यह भी आरोप लगाया कि मनमोहन के इस बयान का मतलब है कि कांग्रेस पहले से ही मुसलमानों को SC घोषित करने और उन्हें SC आरक्षण की सुविधाएं प्रदान करने के लिए एक आधार तैयार कर रही थी। कांग्रेस को SC, ST और OBC से नफरत है क्योंकि देश में अधिकांश आबादी उनमें शामिल है और यह कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्र है।

देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…

लाइव अपडेट्स

09:58 AM26 अप्रैल 2024

पीएम मोदी आज बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में करेंगे चुनाव प्रचार

पीएम मोदी शुक्रवार 26 अप्रैल को बिहार और उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। मोदी की पहली जनसभा 10.45 बंगाल के मालदा में होगी। इसके बाद वे बिहार के अररिया में दोपहर 12.45 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। अररिया के बाद मुंगरे में दोपहर 2.45 बजे जनसभा होगी।

शाम को पीएम मोदी उत्तर प्रदेश जाएंगे, जहां बरेली में शाम 6.30 बजे से उनका रोड शो होगा।

09:19 AM26 अप्रैल 2024

खालिस्तानी अलगाववादी अमृतपाल नहीं लड़ेगा लोकसभा चुनाव, पिता बोले- अभी कुछ तय नहीं

खालिस्तानी समर्थक अलगाववादी और वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने गुरुवार को उनके लोकसभा चुनाव लड़ने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि अभी तक कुछ भी तय नहीं है। गुरुवार को डिब्रूगढ़ जेल में अपने बेटे से मुलाकात के बाद तरसेम सिंह ने कहा- हम इस पर चर्चा नहीं कर पाए। चुनाव लड़ना अभी तय नहीं है।

यह मुलाकात पंजाब के खडूर साहिब निर्वाचन क्षेत्र से अमृतपाल के लोकसभा चुनाव लड़ने का दावा करने की खबरों के एक दिन बाद हुई। तरसेम सिंह ने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने का फैसला स्थानीय लोगों का होना चाहिए, अगर लोग चाहेंगे तो अमृतपाल सिंह चुनाव लड़ेंगे।

अमृतपाल सिंह को पिछले साल अप्रैल में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ NSA लगा है। अमृतपाल के साथ उनके 9 साथी फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। पिछले महीने सरकार ने इनके खिलाफ एनएसए की अवधि बढ़ा दी थी।

08:55 AM26 अप्रैल 2024

राहुल गांधी की कर्नाटक में आज दो जनसभाएं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को कर्नाटक के विजयपुरा और बल्लारी में जनसभाएं करेंगे। पहली चुनावी रैली विजयपुरा (बीजापुर) में दोपहर 12.30 से होगी। इसके बाद दूसरी दोपहर 3.30 बजे से बल्लारी में होगी।

ये दोनों लोकसभा क्षेत्र राज्य के उन 14 क्षेत्रों में शामिल हैं, जहां 7 मई को मतदान होना है।

08:50 AM26 अप्रैल 2024

गरीब, अमीरों से ज्यादा बच्चे पैदा करते हैं: AIMIM नेता अख्तरुल ईमान

किशनगंज से AIMIM उम्मीदवार अख्तरुल ईमान ने निर्वाचन क्षेत्र में मुस्लिम जनसंख्या वृद्धि दर का मुद्दा उठाया और कहा कि गरीब लोग अमीर लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करते हैं क्योंकि उन्हें परिवार नियोजन के बारे में पता नहीं है। महलों में बच्चे दो होते हैं, फुटपाथ पर बच्चे 6 होते हैं। गरीब लोग परिवार नियोजन के बारे में नहीं जानते, वे अपने बच्चों को एक संपत्ति मानते हैं। किशनगंज के लोग गरीबी के कारण झोपड़ी में रहते हैं, इसलिए किशनगंज में फर्टिलिटी रेट बढ़ा है।

08:50 AM26 अप्रैल 2024

लोकसभा चुनाव 7 फेज में होंगे, नतीजे 4 जून को आएंगे

चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।

लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।

इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024