पटना में जदयू नेता की गोली मारकर हत्या, दोस्त गंभीर:सरकार बोली- कड़ी कार्रवाई होगी; RJD ने पूछा अब ये कौन सा राज है
पटना में बदमाशों ने जदयू नेता सौरभ कुमार (33) की गोली मारकर हत्या कर दी है। सौरभ अपने दोस्त मुनमुन के साथ रात 12 बजे कार से एक शादी के रिसेप्शन से लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार 4 बदमाशों ने करीब 5 राउंड फायरिंग की।
सौरभ कुमार के सिर में 2 गोली लगी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जबकि उनके दोस्त मुनमुन कुमार को 3 गोलियां लगी हैं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला पुनपुन थाना क्षेत्र के बढ़िया कॉल गांव का है। सौरभ कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम किया करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही पाटलिपुत्र सीट से आरजेडी प्रत्याशी और लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने सौरभ कुमार के परिवार से मुलाकात की।
इधर, सरकार ने कहा है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। RJD का कहना है कि सरकार में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। ये कौन सा राज है।
गुस्साए लोगों ने किया जाम
हत्या के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल बन गया। आसपास के लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने पुनपुन पटना मार्ग पर जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभी अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
हत्या और लोगों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पूर्वी भारत सोनी सहित पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत कराया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शादी की रिसेप्शन पार्टी से लौटते वक्त फायरिंग
बताया जा रहा है कि शिवनगर निवासी जदयू नेता सौरभ कुमार अपने एक दोस्त मुनमुन कुमार के साथ पुनपुन के बढइयां कॉल गांव एक शादी की रिसेप्शन पार्टी में गए थे। बढ़इया कॉल गांव में अजीत कुमार के भाई के शादी की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी।
रिसेप्शन पार्टी के बाद अपने दोस्त के साथ लौटने के लिए सौरभ अपनी कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए 4 अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में दोनों घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पटना के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर ने जदयू नेता सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया।
मुनमुन कुमार की हालत गंभीर
फायरिंग में सौरभ कुमार के दोस्त मुनमुन कुमार को दो गोली लगी है। मुनमुन कुमार की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। मुनमुन कुमार को पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
सिटी एसपी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
सिटी एसपी पूर्वी भारत सोनी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन चल रही है। घटना के कारण पूछे जाने पर उन्होंने फिलहाल कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम के माध्यम से छानबीन कर रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
जेडीयू बोली- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे
जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि दोषी किसी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त होंगे। अगर कोई ये सोचेगा कि अपराध कर के बच जाएगा, तो ये नीतीश कुमार की सरकार है। बचना मुश्किल है। सौरभ की हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। पीड़ित परिवार के साथ हमारी संवेदनाए हैं।
अखिलेश सिंह बोले- कड़ी सजा मिलनी चाहिए
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता की हत्या निंदनीय है। मैं इसकी निंदा करता हूं। सरकार को चाहिए कि कार्रवाई करे। दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
RJD ने पूछा ये कौन सा राज है
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, बिहार में आम लोगों की क्या बात की जाए जब सरकार के लोग ही सुरक्षित नहीं रहे। NDA सरकार ने यहां अपराधी राज कायम कर दिया। अब क्यों BJP, JDU के नेता चुप हैं?… जो लोग जंगलराज का कैसेट बजा रहे थे उन्हें बताना चाहिए कि अब कौन सा राज है?
