Headlines

भाजपा ने पहली लोकसभा सीट जीती; खड़गे ने मोदी से समय मांगा, कहा- मैनिफेस्टो समझाएंगे, MDH-एवरेस्ट के मसाले जांचेगी सरकार

कल की बड़ी खबर लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा की पहली जीत की रही। एक खबर कांग्रेस से जुड़ी रही, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिलने का समय मांगा है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. PM मोदी राजस्थान के टोंक में चुनावी सभा करेंगे। दूसरे चरण के चुनाव के लिए राज्य में मोदी की ये तीसरी सभा है। 21 अप्रैल को उन्होंने जालोर और बांसवाड़ा में जनसभा की थी।
  2. पतंजलि भ्रामक विज्ञापन केस में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। कोर्ट ने रामदेव-बालकृष्ण को पेश होने को कहा है।
  3. चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और लखनऊ सुपरजॉयट्स (LSG) के बीच IPL मुकाबला होगा। यह मैच चेन्नई में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. भाजपा ने बिना वोटिंग सूरत लोकसभा सीट जीती, कांग्रेस प्रत्याशी का नॉमिनेशन रद्द हुआ

निर्वाचन अधिकारी ने मुकेश दलाल को जीत का सर्टिफिकेट दिया।

गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से BJP कैंडिडेट मुकेश दलाल निर्विरोध सांसद चुने गए हैं। गवाहों के नाम और हस्ताक्षर में गड़बड़ी की वजह से कांग्रेस कैंडिडेट नीलेश कुंभाणी का पर्चा रद्द हो गया था। इसके बाद बसपा सहित सभी निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया। इस सीट पर कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे। अपने कैंडिडेट का नामांकन रद्द होने के बाद गुजरात कांग्रेस ने हाईकोर्ट जाने की बात कही है।

निर्विरोध निर्वाचित होने वाले पहले BJP सांसद: मुकेश निर्विरोध निर्वाचित होने वाले BJP‌ के पहले सांसद हैं। गुजरात में भी यह पहला मौका है, जब कोई सांसद निर्विरोध जीता हो।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत की: कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की है। उन्होंने कहा- कांग्रेस कैंडिडेट के 4 प्रस्तावकों ने एक साथ खड़े होकर कहा कि फॉर्म में हमारे साइन नहीं हैँ। ये चुनाव के एक दिन पहले हुआ। हमने सूरत में चुनाव स्थगित करने की मांग की है। दरअसल, BJP‌ के पूर्व डिप्टी मेयर ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि कांग्रेस कैंडिडेट नीलेश कुंभाणी के पर्चे में प्रस्तावकों के फर्जी हस्ताक्षर करवाए गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. खड़गे ने मोदी से मिलने के लिए समय मांगा, कहा- PM कांग्रेस मैनिफेस्टो को सही से समझ नहीं पाए हैं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने कहा, ‘PM कांग्रेस मैनिफेस्टो को सही से समझ नहीं पाए हैं। उनसे मिलकर उन्हें मैनिफेस्टो समझाना है।’ दरअसल, भाजपा, कांग्रेस मैनिफेस्टो को मुस्लिम लीग का मैनिफेस्टो बता रही है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ चुनाव आयोग में 17 शिकायतें दर्ज कराई हैं।

PM मोदी ने क्या कहा था: PM मोदी ने 21 अप्रैल को राजस्थान के बांसवाड़ा में जनसभा की। उन्होंने कहा था, ‘मेरी माताओं-बहनों की जिंदगी में सोना सिर्फ शो करने के लिए नहीं होता है। उनके स्वाभिमान से जुड़ा हुआ है। उनका मंगलसूत्र सोने की कीमत का मुद्दा नहीं है, उसके जीवन के सपनों से जुड़ा है। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में उसे छीनकर ज्यादा बच्चे वालों, घुसपैठियों को बांटने की बात कर रही है।’

UP में भी यही बात दोहराई: मोदी ने 22 अप्रैल को अलीगढ़ की रैली में कहा, ‘इंडी गठबंधन की नजर आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस आपकी संपत्ति का सर्वे कराएगी। यह आपकी संपत्ति को छीनकर बांटने की बात कर रही है। अगर आपके गांव में पैतृक घर है, तो यह लोग उसे दो घर बताकर छीन लेंगे।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024