लोकसभा चुनाव-2024:अमित शाह बोले- लालू और उनके बेटे कांग्रेस की गोदी में बैठे हैं, इसी कांग्रेस ने OBC के आरक्षण का विरोध किया था
बिहार के कटिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- लालू यादव और इनके बेटे कांग्रेस की गोद में जाकर बैठे हैं। ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने पिछड़ा समाज को आरक्षण देने वाली काका कालेलकर की रिपोर्ट और मंडल कमीशन की रिपोर्ट का विरोध किया था।
अमित शाह ने कहा कि PM मोदी ने देश से परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण को समाप्त किया है। उन्होंने हर वर्ग, हर व्यक्ति का विकास किया है। वर्षों से कांग्रेस पार्टी और इनके साथी लालू कहते थे, ‘गरीबी हटाओ’, लेकिन गरीबी नहीं हटी। मोदी ने मात्र 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।
उधर, कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने रविवार को ऐलान किया है कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 को भी निरस्त किया जाएगा।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
लाइव अपडेट्स
कांग्रेस का गरीबी हटाओ सिर्फ नारा, भाजपा 10 साल में बदलाव लाई- जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने धारवाड़ (कर्नाटक) में कहा- जवाहर लाल नेहरू ने नारा दिया, गरीबी हटाओ, तब 50% गरीबी थी। जब इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, तब 60% गरीबी थी। राजीव गांधी ने स्वीकार किया था कि सरकार 100 पैसे भेजती है तो जनता तक 15 पैसे पहुंचते हैं। आज उन्हीं के परिवार के राहुल गांधी कहते हैं कि एक झटके में गरीबी खत्म कर देंगे। मैं पूछना चाहता हूं कि वे 60 साल क्या कर रहे थे। ऐसा तभी होता है, जब ड्रॉइंग रूम में बैठकर नीतियां बनाई जाती हैं।
नड्डा ने ये भी कहा कि हमने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना दुनिया में गरीबों के लिए सबसे बड़ी योजना है। इसके तहत 80 करोड़ लोगों को हर महीने राशन दिया जाता है। इसमें से 4 करोड़ लोग कर्नाटक के हैं। IMF और NITI आयोग के मुताबिक, देश में अब अतिगरीबी में रहने वाले 1% से भी कम लोग हैं। ये 10 साल में आया बदलाव है।
सिंधिया बोले- अगर सरकार नहीं बदलता तो जनता का पैसा कमलनाथ-दिग्विजय की जेब में चला जाता
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव प्रचार के दौरान गुना में कहा कि लाड़ली बहनों को 1250 रुपया खाते में पहुंच रहा है। अगर मैं सरकार नहीं बदलता तो ये पैसा कमलनाथ और दिग्विजय की जेब में चला गया होता। अगर सरकार न बदलता तो किसान सम्मान निधि मध्य प्रदेश सरकार से नहीं मिलता। अगर देश को विकास के रास्ते पर चलाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत करना होगा।
सिंधिया ने ये भी कहा कि जिस सरकार ने आपको आवास योजना दी हो, जिस सरकार ने 11 करोड़ महिलाओं को दी उज्ज्वला योजना दी हो, जिस सरकार ने 30 करोड़ आयुष्मान कार्ड देश के लोगों को दिए हों, उस सरकार को मजबूत करना है।
10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड देख लीजिए, विकास भाजपा ही कर सकती है- मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में कहा- आज मजबूत सरकार का होना बहुत जरूरी है। एक ऐसी सरकार जो सरहदों की रक्षा कर सके। जरूरत पड़े तो पाताल में खोजकर दुश्मनों का सफाया कर सके। ऐसी सरकार जो देश की महिला, किसान, गरीब, वंचित, जनजातीय, पिछड़े वर्ग सभी को सम्मान और समृद्धि की तरफ ले जा सके। ऐसी सरकार जो युवाओं के सपनों का समझे और उनके लिए नीतियां बनाए। ऐसी सरकार जो भविष्य के हिसाब से इन्फ्रास्ट्रक्चर बना सके। हमारा 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड गवाह है कि ये काम सिर्फ भाजपा कर सकती है।
INDI अलायंस की रांची में रैली, विपक्षी नेता जुटे
रांची में 21 अप्रैल को INDI गठबंधन ने रैली की, इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल की पत्नी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और फारूक अब्दुल्ला समेत कई नेता जुटे।
रैली में मंच पर अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के लिए भी कुर्सियां रखी गई थीं। दोनों नेता फिलहाल जेल में हैं। ED ने हेमंत को 31 जनवरी और केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।
भाजपा वाले हर बात पर झूठ बोलते हैं- भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रांची में कहा कि ये भारतीय जनता पार्टी नहीं, भारतीय जुमला पार्ट है। हर बात पर जुमला देते हैं। हर बात पर झूठ बोलते हैं। अभी और जुमले आने वाले हैं। मैंने पार्लियामेंट में कहा था- कालेधन के बारे में लिखता हूं तो कलम रुक जाती है। 15 लाख की बारे में लिखता हूं तो स्याही सूख जाती है। हर बात ही जुमला निकली…अब तो ये भी शक है मोदी जी…क्या चाय बनानी आती है।
अमित शाह का सिलचर में रोड शो
अमित शाह ने असम के सिलचर में रोड शो किया। इसमें मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा भी मौजूद रहे।
बस्तर में चुनाव ड्यूटी से लौट रहे पुलिसकर्मियों की बस पलटी
उधर, छत्तीसगढ़ के बस्तर में चुनाव ड्यूटी से लौट रही बस पलटने से दस पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। हादसा कोड़ेनार थाना क्षेत्र में हुआ है। बस में सवार 30 जवान जगदलपुर जा रहे थे।जवानों की दंतेवाड़ा में चुनाव ड्यूटी लगी थी। डिलमिली गांव के पास बस के आगे बैल आ गया। जिसे बचाने में बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। पढ़ें पूरी खबर…
राजस्थान के जालोर पहुंचे पीएम मोदी; इसके बाद बांसवाड़ा जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के भीनमाल (जालोर) पहुंच गए हैं। यहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे। जालोर लोकसभा सीट से लुंबाराम चौधरी भाजपा प्रत्याशी हैं। उनके सामने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
