संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा-2023 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें 1016 कैंडिडेट पास हुए। लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव ने टॉप किया। आदित्य का पिछले साल IPS में सिलेक्शन हुआ था। वह अभी हैदराबाद में IPS की ट्रेनिंग ले रहे हैं। उनका यह तीसरा अटेम्प्ट था। पहली बार में उनका प्री में भी सिलेक्शन नहीं हुआ था।
आदित्य ने 2014 में लखनऊ के CMS की अलीगंज ब्रांच से इंटर किया। इंटर में उनके 98.4% मार्क्स थे। 2019 में IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इसके बाद बेंगलुरु में अमेरिकी इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स में 15 महीने नौकरी की। इसके बाद 2020 में UPSC की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी थी।
पिता ने कहा- ऑफिस में था, तब बेटे ने फोन करके टॉप होने की बात बताई
आदित्य के पिता अजय श्रीवास्तव CAG में ऑडिट ऑफिसर हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर से कहा- जब वह ऑफिस में थे, तभी बेटे का फोन आया। उसने ही टॉप करने के बारे में बताया। यह सुन खुशी के मारे सीधे घर के लिए निकल गया। आदित्य का घर लखनऊ में आईआईएम रोड स्थित एडिल्को सिटी में है।
पिता ने बताया कि आदित्य ने पिछले साल दूसरे अटेम्प्ट में क्वालिफाई कर लिया था। तब उनकी 226 रैंक थी। आईपीएस रैंक मिली थी। अभी IPS की ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद में हैं। आदित्य ने आईआईटी कानपुर से ही एमटेक कम्पलीट किया है।
‘पहली बार प्री में फेल हुआ तो मायूस हो गया था’
आदित्य के पिता कहते हैं- ये हमारे लिए बहुत बड़ा दिन है। उसने 8वीं में भी NTSE (नेशनल टैलेंट सर्च एग्जाम) की तैयारी की थी। आज जो रिजल्ट आया, ये उम्मीद से कई गुना ज्यादा है। आदित्य का हमेशा पढ़ाई पर फोकस रहा है। पहली बार जब प्री में फेल हो गया था तो थोड़ा मायूस हुआ। पर उसे खुद पर भरोसा था। कभी खुद को भटकने नहीं दिया। सिर्फ एक ही लक्ष्य पर फोकस किया। आदित्य की मां आभा श्रीवास्तव हाउस वाइफ हैं। मामा विनोद कुमार मसूरी के IAS ट्रेनिंग सेंटर के डायरेक्टर रह चुके हैं।
मां आभा श्रीवास्तव ने बताया-बेटा बचपन से एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी है। जब वह 2 साल का था, तभी से उसके पिता ने ठान लिया था कि उसे IAS बनाना है। उसे लगातार IAS बनने के लिए मोटिवेट करते थे। इसके बाद CMS में एडमिशन करा दिया। उसको गाइड करते रहे। तब जाकर हम ये दिन देख पा रहे हैं।
उसने जो भी एग्जाम दिए, उसमें टॉप किया। मेरा भी मान बढ़ाया। स्कूल में मुझे 4 बार फलों से तौला गया। इसके बाद IIT कानपुर में एडमिशन लिया। आज हमारा व्रत है। सुबह पूजा-पाठ की। मेरी बेटी अभी दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर रही है। उसका भी लक्ष्य IAS बनना है।
बगैर कोचिंग हासिल की पहली रैंक
पिता अजय श्रीवास्तव कहते हैं- आदित्य ने UPSC की तैयारी के लिए अलग से कोचिंग नहीं की। पढ़ाई के दौरान भी उसने कभी कोई कोचिंग नहीं ली। दूसरी बार जब उसने यूपीएससी मेंस क्वालीफाई किया, तब मॉक इंटरव्यू के लिए दिल्ली में कुछ दिन कोचिंग करके गाइडेंस ली थी।
आज जब उसका रिजल्ट आने वाला था, तो घर में सुबह से ही इंतजार हो रहा था। रिजल्ट आने के आधे घंटे पहले मैंने चेक किया था, पर तब तक रिजल्ट नहीं आया था। दोपहर करीब 1:30 बजे आदित्य का कॉल आया। उसने वॉट्सऐप कॉल करके अपनी बहन को भी कॉन्फ्रेंस में जोड़ा। फिर बताया रिजल्ट तो आ गया पर इस बार लगता है कुछ गड़बड़ हो गई। मेरी पहली रैंक दिख रही है। इतना सुनते ही हमारी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशी के मारे अचानक लगा कि हाथ-पांव कांप रहे हैं।
UPSC में 1016 कैंडिडेट सिलेक्ट हुए
सिविल सेवा परीक्षा में इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) और इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS) के लिए 1016 कैंडिडेट चुने गए हैं। अनिमेष प्रधान को दूसरी और अनन्या रेड्डी को तीसरी रैंक मिली है। 180 IAS और 200 IPS अफसर बनेंगे। कैंडिडेट्स UPSC की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
