Headlines

श्रीनगर नाव हादसा- 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत:झेलम में पलटी नाव, 15 लोग सवार थे; 6 को रेस्क्यू किया, 3 लापता

झेलम नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स टीम।

कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार को झेलम नदी में एक नाव पलट गई। श्रीनगर के जिला कलेक्टर ने बताया कि इस नाव पर 15 लोग सवार थे, इनमें 7 स्कूली बच्चे और 8 लोग शामिल थे। हादसे में 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। 6 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं।

जिला कलेक्टर ने बताया कि हादसा सुबह 7:45 बजे से 8 बजे के बीच हुआ। बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ गया था, जिसे लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया था। हालांकि, रात को बारिश रुकने के बाद जलस्तर कुछ कम हुआ था। SDRF, पुलिस और सेना सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। फिलहाल लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

हादसे की तस्वीरें…

झेलम नदी में जहां नाव पलटी, वहां पर मौजूद स्थानीय लोग।
जिन बच्चों को नदी से रेस्क्यू किया गया, उनका बैग।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की डेड बॉडी के पास रोते परिजन।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने नदी में लोगों को ढूंढना शुरू किया।

चश्मदीद बोले- 15-20 लोग सवार थे
चश्मदीद ने बताया, “नाव आधे रास्ते आई और रस्सी टूट गई। इसके बाद नाव एक एंगल से टकरा गई। इसके बाद जो लोग 15-20 लोग बैठे थे, वे डूब गए। हमने एक लड़की, 2 लड़कों को बचाया।”

झेलम के आसपास मौजूद लोगों की भीड़। नदी से 7 लोगों को बचाया गया है।

तीन महीने पहले गुजरात के वडोदरा नाव पलटने से 12 बच्चों की मौत हुई थी
जनवरी में गुजरात के वडोदरा में हरणी लेक में एक नाव पलट गई थी। इस हादसे में 12 बच्चों और 2 टीचर की मौत हो गई। नाव में सवार बाकी 11 बच्चे और 2 टीचर को बचा लिया गया। हादसे का शिकार हुए सभी बच्चे वडोदरा के न्यू सनराइज स्कूल के हैं।

बच्चे सेल्फी लेने के लिए नाव में एक तरफ आ गए थे, जिसकी वजह से नाव पलट गई। इनमें से किसी भी बच्चे या टीचर ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। इसी वजह से जब नाव पलटी तो सभी पानी में डूबने लगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

हादसा वडोदरा की हरणी लेक में हुआ। स्कूल के बच्चे और टीचर्स यहां पिकनिक मनाने गए थे।

पिछले साल बलिया में गंगा में नाव पलटने से 3 की मौत हुई थी
बीते साल मई में उत्तर प्रदेश के बलिया में गंगा नदी में नाव पलट गई थी। नाव पर 30 लोग सवार थे। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हुई। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के नाविक और गोताखोरों ने रेस्क्यू शुरू किया। इन लोगों ने पानी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। नाव पर सवार सभी लोग मुंडन संस्कार की एक रस्म करने दूसरे घाट जा रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024